वैभव सूर्यवंशी को मिली 'शार्क्स' से सावधान रहने की सलाह, आखिर क्या है पूरा माजरा? जानिए
IPL के उभरते हुए सितारे को अब एक दिग्गज ने बड़ी सलाह दी है। आईपीएल में कमेंट्री कर रहे साइमन डूल ने कहा है कि दुनिया में मौजूद 'शार्क्स' यानी मैनेजमेंट वाली कंपनियों के खिलाफ अपनी चौकसी कम न होने दें।

15 साल के वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2026 में बड़े-बड़ों की हालत खराब किए हुए हैं। हालांकि, आईपीएल के इस सीजन के पांचवें मैच में वे खाता नहीं खोल पाए। बिहार के समस्तीपुर के रहने वाले वैभव सूर्यवंशी की अब अच्छी खासी फैन फॉलोइंग हो गई है। ऐसे में हर कोई उसे टारगेट करना चाह रहा होगा। यही वजह है कि उभरते हुए सितारे को अब एक दिग्गज ने बड़ी सलाह दी है। न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज और आईपीएल में कमेंट्री कर रहे साइमन डूल ने कहा है कि दुनिया में मौजूद 'शार्क्स' यानी मैनेजमेंट वाली कंपनियों के खिलाफ अपनी चौकसी कम न होने दें।
U19 वर्ल्ड कप फाइनल के बाद सूर्यवंशी ने कई एंडोरसमेंट डील साइन की हैं। यही वो चीज है, जिसको लेकर साइमन डूल चिंतित हैं। डूल का कहना है कि सूर्यवंशी को मैनेज करने वाले लोगों को अपने लिए ज्यादा पैसे कमाने की चिंता करने के बजाय युवा खिलाड़ियों के हितों का ध्यान रखना चाहिए। डूल ने कहा कि राजस्थान रॉयल्स के बैटर के स्टॉक्स हर मिनट बढ़ रहे हैं और इसलिए, सूर्यवंशी और उनके आस-पास के लोगों की चिंता करनी होगी।
साइमन डूल ने क्रिकबज पर कहा, “यह एक चेतावनी है। वह पहले से ही एक सुपरस्टार है। अगर चीजें ऐसी ही चलती रहीं, तो हम सभी उम्मीद करते हैं कि वह एक सुपरस्टार बना रहेगा, एक भारतीय सुपरस्टार, खासकर व्हाइट-बॉल क्रिकेट में। यह उन लोगों पर निर्भर करता है जिनके साथ आप खुद को घेरते हैं। हर मैनेजमेंट कंपनी उसे ढूंढ रही होगी और उसके लिए डील ढूंढने की कोशिश कर रही होगी।”
‘वे अपने बारे में सोचते हैं’
उन्होंने आगे कहा, “मैनेजमेंट कंपनियां और मैनेजमेंट के लोग आपका ध्यान रखने के लिए होते हैं। उनमें से बहुत से लोग सिर्फ अपने बारे में सोचते हैं। मैं इस नौजवान से कितना कुछ ले सकता हूं? मेरी कंपनी इस नौजवान से कितना कुछ ले सकती है? दुनिया भर की मैनेजमेंट कंपनियों के साथ मेरा यही सबसे बड़ा मुद्दा है।”
आईपीएल 2026 में अब तक दो तूफानी अर्धशतक जड़ चुके वैभव सूर्यवंशी को लेकर डूल ने आगे कहा कि युवा ओपनिंग बैटर को “शार्क से सावधान रहने की जरूरत है” और अपने आस-पास ऐसे लोगों को रखना चाहिए जो सच में उसकी परवाह करते हैं और उसे आगे बढ़ते हुए देखते हैं। उन्होंने आगे कहा कि, आखिर में, मैनेजमेंट कंपनियों को सिर्फ अपनी चिंता होती है, अपने क्लाइंट्स की नहीं।
डूल ने कहा, “वे सब इस बात की चिंता करते हैं कि वे क्या कमा सकते हैं, न कि इस बात की कि मुझे इस नौजवान का कितना ध्यान रखना चाहिए? मुझे उसके करियर का कितना ध्यान रखना चाहिए? और इस समय उससे ज़्यादा कुछ नहीं करवाना चाहिए। लंबे समय तक टिके रहना चाहिए। अगर आप अच्छा परफॉर्म करना बंद कर देंगे, तो वे अगले बंदे के पीछे पड़ जाएंगे, क्योंकि मैनेजर यही करते हैं। बस इस बात का ध्यान रखें कि आप अपने आस-पास किसे रखते हैं। अगर उसका परिवार और परवरिश अच्छी है, तो वह ठीक रहेगा, लेकिन शार्क से सावधान रहें।”





साइन इन