भारतीय स्क्वॉड की 5 हैरतअंगेज बातें, दो को मिला प्रमोशन तो कप्तान को दिखाया बाहर का रास्ता
बीसीसीआई ने सूर्यकुमार यादव को भारतीय स्क्वॉड से ड्रॉप कर दिया है। वैभव सूर्यवंशी को मौका मिला है। भारतीय टीम को आने वाले समय में आयरलैंड, इंग्लैंड सीरीज के अलावा एशियन गेम्स में हिस्सा लेना है।

भारतीय टी20 क्रिकेट में शनिवार को बदलाव की नई लहर ने दस्तक दी है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के साथ-साथ एशियन गेम्स 2026 के लिए भी स्क्वॉड का ऐलान कर दिया। भारतीय टीम को 26 जून से आयरलैंड से दो मैचों की टी20 सीरीज में टकराना है। भारत और इंग्लैंड के बीच एक जुलाई से पांच टी20 मुकाबले होंगे। भारत को सितंबर में जापान में एशियन गेम्स में शिरकत करनी है। चलिए, आपको भारतीय स्क्वॉड की 5 हैरतअंगेज बातें बताते हैं। दो को जहां प्रमोशन मिला वहीं कप्तान को बाहर का रास्ता दिखाया गया।
सूर्यकुमार यादव
बीसीसीआई ने सूर्यकुमार यादव से ना सिर्फ कप्तानी छीनी बल्कि भारतीय स्क्वॉड से बाहर भी कर दिया। वह लंबे समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे थे। सूर्या की अगुवाई में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीता था। ऐसे में उन्हें सीधे टीम से बाहर करने करना हैरानी भरा फैसला रहा। सूर्या ने 52 टी20 मैचों में भारत की कमान संभाली, जिसमें से 40 में जीत दर्ज की। उन्होंने 2021 में इंटरनेशल डेब्यू करने के बाद से कुल 113 T20I मैच खेले हैं।
श्रेयस अय्यर
श्रेयस अय्यर को तगड़ा प्रमोशन मिला है। उन्हें सूर्या की जगह भारतीय टी20 टीम की कप्तान नियुक्त किया गया है। वह भारत के 15वें T20I कप्तान हैं। अय्यर ने भारत के लिए आखिरी टी20 मैच दिसंबर 2023 में खेला था। वैसे, उन्होंने 51 T20I खेले हैं। मध्यक्रम के 31 वर्षीय बल्लेबाज ने आईपीएल में अपनी नेतृत्व क्षमता को बखूबी साबित किया है। वह पंजाब किंग्स के कप्तान हैं। पंजाब ने 2026 में फाइनल तक का सफर तय किया लेकिन 2026 में प्लेऑफ से चूक गई। उनकी अगुवाई में दिल्ली कैपिटल्स 2020 में फाइनल में गई थी जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स ने 2024 में खिताब अपने नाम किया।
तिलक वर्मा
युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा का भी प्रमोशन हुआ है। उन्हें भारत की टी20 टीम का उपकप्तान बनाया गया है। 23 वर्षीय तिलक ने अभी तक 49 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। उन्होंने अगस्त 2023 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था।
वैभव सूर्यवंशी
ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करने वाले 15 साल के वैभव सूर्यवंशी की टीम इंडिया में एंट्री हो गई है। वह भारतीय स्क्वॉड में शामिल होने वाले सबसे उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा। सचिन को 1989 में पाकिस्तान दौरे के लिए 16 साल की उम्र में स्क्वॉड में जगह मिली थी। सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में गदर काटा। उन्होंने सीजन में 16 मैचों में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीती, जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक है। उनका स्ट्राइक रेट 237.30 का रहा। चीफ सिलेक्टर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि सूर्यवंशी ने खुद को टीम इंडिया में चुना है।
जसप्रीत बुमराह
भारत के धाकड़ तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह आयरलैंड और इंग्लैंड टी20 सीरीज में नहीं खेलेंगे। बीसीसीआई ने वर्कलोड मैनेज करने की वजह से बुमराह को आराम देने का फैसला किया है। कई एक्सपर्ट ने कहा कि आईपीएल के दौरान बुमराह पर थकान हावी नजर आई। वह 19वें सीजन में प्रभावी प्रदर्शन करने में नाकाम रहे थे। हालांकि, बुमराह को जापान में सितंबर में शुरू होने वाले एशियन गेम्स के लिए भारतीय स्क्वॉड में शामिल किया गया। वहीं, लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए चुना गया है।





साइन इन