इस सीजन जी भरकर देख लीजिए वरना आंखें तरस जाएंगी, IPL 2026 के बाद संन्यास ले सकते हैं ये 4 दिग्गज
आईपीएल 2026 के बाद महेंद्र सिंह धोनी की विदाई पक्की मानी जा रही है। वे इस सीजन के खत्म होते ही क्रिकेट को अलविदा कह सकते हैं। उनके अलावा तीन और खिलाड़ियों के भी संन्यास की संभावना बन रही है। देखिए लिस्ट।

टी-20 विश्व कप की समाप्ति के बाद अब आईपीएल के 19वें संस्करण को शुरू होने में दो हफ्ते से भी कम का समय बचा है। दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग के 19वें सीजन की शुरुआत 28 मार्च से हो रही है। पहला मुकाबला पिछले साल की चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। लंबे अंतरराल के बाद क्रिकेट की फील्ड पर रोहित शर्मा, विराट कोहली और महेंद्र सिंह धोनी जैसे दिग्गज क्रिकेटर दिखाई देंगे। आईपीएल 2026 कुछ खिलाड़ियों के लिए आखिरी साल हो सकता है और इसमें महेंद्र सिंह धोनी का नाम भी शामिल है। आइए आज हम आपको महेंद्र सिंह धोनी सहित उन 4 खिलाड़ियों के बारे में बताते हैं, जिनके आईपीएल 2026 के बाद लीग को अलविदा कहने की संभावना है।
महेंद्र सिंह धोनी (CSK)
महेंद्र सिंह धोनी अब 44 साल के हो गए हैं और हो सकता है यह आईपीएल सीजन उनका आखिरी सीजन हो। ऐसा कई कारणों से लगता है। एक तो महेंद्र सिंह धोनी की अब फिटनेस उस तरह की नहीं रह गई है। पिछले सीजन भी उन्होंने बहुत कम बल्लेबाजी की थी और सिर्फ विकेटकीपिंग और कप्तानी करते नजर आए थे। दूसरा सबसे बड़ा कारण यह है कि चेन्नई सुपर किंग्स ने महेंद्र सिंह धोनी के उत्तराधिकारी के रूप में संजू सैमसन को टीम में शामिल कर लिया है। संजू इस साल आईपीएल में सीएसके के लिए ना सिर्फ बल्लेबाजी करते दिखेंगे, बल्कि हो सकता है विकेटकीपिंग करते भी दिखें। ऐसे में अब इस बात की पूरी संभावना है कि महेंद्र सिंह धोनी का यह आईपीएल का आखिरी सीजन हो सकता है।
ईशांत शर्मा (GT)
ईशांत शर्मा इस सीजन भी गुजरात टाइटंस की टीम का हिस्सा हैं, लेकिन पिछले सीजन यह देखने को मिला था कि वे पूरे मैच नहीं खेले थे और पहले जैसी रिदम में भी नजर नहीं आ रहे थे। ईशांत शर्मा जैसे दिग्गज गेंदबाज को जब आईपीएल 2026 के लिए होने वाले ऑक्शन में कोई भी टीम नहीं खरीद रही थी, तब गुजरात टाइटंस ने 75 लाख रुपये में खरीदा है। ईशान शर्मा ने अपने करियर में कुल 117 आईपीएल मैच खेले हैं और 96 विकेट हासिल किए हैं। 37 वर्षीय शर्मा की फिटनेस, रिदम और प्रदर्शन से बहुत कुछ निर्भर करेगा कि वे और कितनी क्रिकेट खेलेंगे। कयास लगाए जा रहे हैं कि यह उनका आखिरी आईपीएल सीजन हो सकता है।
अजिंक्ये रहाणे (KKR)
अजिंक्ये रहाणे को एक बार फिर साल 2026 के लिए भी कोलकाता नाइट राइडर्स ने कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी है। वे पिछले साल भी टीम के कप्तान थे, लेकिन उनकी कप्तानी में 2024 की चैंपियन टीम 2025 के आईपीएल में कुछ खास नहीं कर पाई थी। अंजिक्ये रहाणे मौजूदा समय में 37 साल के हैं और अगर इस साल बतौर कप्तान और प्लेयर उनका प्रदर्शन ठीक नहीं रहता है और केकेआर उन्हें रिलीज करती है, तो फिर इसके बाद उनका आईपीएल में वापसी करना मुश्किल होगा और यह उनका आखिरी आईपीएल सीजन हो सकता है।
मार्कस स्टोइनिस
ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस को किंग्स इलेवन पंजाब ने 11 करोड़ में रिटेन किया है। वे बीते कुछ समय से उतनी अच्छी फॉर्म से नहीं गुजर रहे हैं। स्टोइनिस ने आईपीएल में 4 टीमों के लिए खेले 109 मैचों में 2026 रन बनाए हैं 44 विकेट लिए चटकाए हैं। वे मौजूदा समय में 36 साल के हैं और उन्होंने अपनी टीम के लिए कई महत्वपूर्ण पारियां खेल चुके हैं। हालांकि, अगर उनका यह सीजन फ्लॉप जाता है, तो यह आईपीएल उनका आखिरी आईपीएल सीजन हो सकता है।





साइन इन