Team India smashes Pakistan Most Consecutive Wins in ICC Tournaments Australia World Record shattered पाकिस्तान को रौंदकर टीम इंडिया ने ICC टूर्नामेंट में रचा कीर्तिमान, तोड़ा ऑस्ट्रेलिया का वर्ल्ड रिकॉर्ड, Cricket Hindi News - Hindustan

पाकिस्तान को रौंदकर टीम इंडिया ने ICC टूर्नामेंट में रचा कीर्तिमान, तोड़ा ऑस्ट्रेलिया का वर्ल्ड रिकॉर्ड

भारत ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ 61 रनों से धमाकेदार जीत हासिल की। भारत ने 175/7 का स्कोर बनाया था। भारतीय टीम ने एक धांसू कीर्तिमान रच डाला है।

Mon, 16 Feb 2026 12:55 AMMd.Akram लाइव हिन्दुस्तान
share
पाकिस्तान को रौंदकर टीम इंडिया ने ICC टूर्नामेंट में रचा कीर्तिमान, तोड़ा ऑस्ट्रेलिया का वर्ल्ड रिकॉर्ड

टीम इंडिया ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप ए मैच में चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान को 61 रनों से करारी शिकस्त दी। भारत ने कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में 175/7 का स्कोर खड़ा किया और पाकिस्तान को 18 ओवर में 114 रनों पर ढेर कर दिया। सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम ने मौजूदा टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत हासिल करते ही सुपर-8 राउंड का टिकट कटा लिया। भारत ने पाकिस्तान को रौंदकर एक धांसू कीर्तिमान रचा है। दरअसल, भारत आईसीसी टूर्नामेंट में लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीम बन गई है। यह भारत की 16वीं जीत थी।

भारत ने तोड़ा ऑस्ट्रेलिया का वर्ल्ड रिकॉर्ड

भारत ने आईसीसी टूर्नामेंट में लगातार सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने के मामले में ऑस्ट्रेलिया का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा है। ऑस्ट्रेलिया ने 2006 से 2007 के दौरान लगातार 15 मैचों में विजयी परचम फहराया। बता दें कि भारत ने 2024 टी20 वर्ल्ड से लेकर अभी तक लगातार 16 मैचों में जीत का स्वाद चखा है। भारत ने टी20 वर्ल्ड कप के पिछले संस्करण में लगातार आठ मैच जीते थे। टूर्नामेंट में भारत का एक मैच बारिश में धुल गया था। पिछले संस्करण में भारत ने साउथ अफ्रीका को हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं, भारत ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में लगातार पांच मैच जीतकर खिताब पर कब्जा जमाया था। भारत ने तब फाइनल में न्यूजीलैंड को मात दी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:भारत-पाकिस्तान मुकाबले में पारा हाई, सूर्यकुमार-सलमान ने फिर नहीं मिलाया हाथ

आईसीसी टूर्नामेंट में लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीमें

16 - भारत (2024-2026)

15 - ऑस्ट्रेलिया (2006-2007)

14 - ऑस्ट्रेलिया (2023-2024)

13 - ऑस्ट्रेलिया (2003-2004)

12 - भारत (2012-2014)

10 - ऑस्ट्रेलिया (2009-2010)

10 - भारत (2023)

9 - वेस्टइंडीज (1975-1979)

9 - श्रीलंका (1996-1998)

9 - पाकिस्तान (2019-2021)

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:भारत ने विश्व कप में रचा इतिहास, पाकिस्तान को थमाई उसकी दूसरी सबसे बड़ी हार

ईशान किशन ने जड़ा तूफानी अर्धशतक

मैच की बात करें तो सलामी बल्लेबाज ईशान किशन के तूफानी अर्धशतक के बाद गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से भारत ने पाकिस्तान पर एकतरफा जीत दर्ज की। ईशान ने स्पिन की अनुकूल पिच पर 40 गेंद में 10 चौकों और तीन छक्कों से 77 रन की पारी खेलने के अलावा तिलक वर्मा (25) के साथ दूसरे विकेट के लिए 87 रन जोड़े। कप्तान सूर्यकुमार यादव (32) और शिवम दुबे (27) ने भी उपयोगी पारियां खेली। पाकिस्तान ने 18 ओवर स्पिनरों कराए जिसमें सईम अयूब 25 रन पर तीन विकेट चटकाकर सबसे सफल गेंदबाज रहे। तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी ने दो ओवर में 31 रन लुटाए और उन्हें एक विकेट मिला

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ईशान किशन ने टी20 वर्ल्ड कप में किया वो कारनामा, जो धोनी कभी नहीं कर पाए

उस्मान खान के अलावा कोई नहीं टिका

भारत के 176 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम हार्दिक पंड्या (16 रन पर दो विकेट), वरुण चक्रवर्ती (17 रन पर दो विकेट), जसप्रीत बुमराह (17 रन पर दो विकेट) और अक्षर पटेल (29 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने सस्ते में ढेर हो गई। पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान (44) के अलावा कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल पाया। उनके अलावा सिर्फ शाहीन शाह अफरीदी (नाबाद 23) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर पाए। टी20 विश्व कप में यह भारत की पाकिस्तान के खिलाफ नौ मैचों में आठवीं जीत है जबकि उसे सिर्फ एक मैच में हार का सामना करना पड़ा है।

Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule आज के बड़े मुकाबले GT vs RCB Live Score और पल-पल के Live Cricket Score अपडेट्स के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी क्रिकेट अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।