टी20 विश्व कप में ऐसी गलती नहीं कर सकते; स्मृति मंधाना ने बताया इंग्लैंड के खिलाफ T20 सीरीज में कहां हुई चूक
टी20 विश्व कप से पहले इंग्लैंड के हाथों इस फॉर्मेट में 1-2 से सीरीज हार पर भारत की उप कप्तान स्मृति मंधाना ने बताया है कि टीम से कहां गलती हुई है। उन्होंने कहा कि हमारी गेंदबाज ज्यादा डॉट गेंद फेंकने में नाकाम रहीं। मंधाना ने कहा कि टीम को टी20 विश्व कप में इस तरह की गलती से बचना होगा।

इंग्लैंड में होने जा रहे महिला टी20 विश्व कप से पहले भारतीय टीम इंग्लैंड में 3 टी20 मैचों की सीरीज 1-2 से हार गई। तीसरे और निर्णायक टी20 मुकाबले में हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय टीम को 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस हार पर भारत की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने कहा कि टीम ने जिस तरह की गलती की, उस तरह की गलती वर्ल्ड कप में नहीं की जानी चाहिए।
मंधाना ने कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में उनके गेंदबाज पर्याप्त 'डॉट' गेंद नहीं कर पाए जिससे उन्हें छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा।
इस धाकड़ सलामी बल्लेबाज ने उम्मीद जताई कि महिला टी20 विश्व कप में यह गलती नहीं दोहराई जाएगी। इंग्लैंड ने श्रृंखला 2-1 से जीत कर भारत की विश्व कप की तैयारी को झटका दिया।
मंधाना ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘हमने गेंदबाजी में अच्छी शुरुआत की थी और उनके तीन विकेट जल्दी हासिल कर लिए थे। इसके बाद उन्होंने शानदार साझेदारी निभाई। मुझे लगता है कि उन्होंने बहुत अच्छे शॉट खेले।’
उन्होंने कहा, ‘हम कुछ डॉट गेंद करके उन पर दबाव बना सकते थे लेकिन हम ऐसा करने में नाकाम रहे। हम निश्चित रूप से इस मैच का विश्लेषण करेंगे ताकि हम बेहतर प्रदर्शन कर सकें और विश्व कप में इन गलतियों को न दोहराएं।’
मंधाना ने कहा कि श्रृंखला में हार के बावजूद भारत के लिए कुछ सकारात्मक पहलू रहे जिनमें कप्तान हरमनप्रीत कौर का फॉर्म में वापसी करना भी शामिल है। हरमनप्रीत ने नाबाद 56 रन बनाए।
भारतीय उप कप्तान ने कहा, ‘उसने शानदार बल्लेबाजी की। हरमन जब अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में होती है, तो उसे खेलते हुए देखने में बहुत आनंद आता है। मुझे लगता है कि हमारे सभी खिलाड़ी अच्छी फॉर्म में हैं।’
इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के निर्णायक टी20 मैच में स्मृति मंधाना फ्लॉप रहीं। उन्होंने 9 गेंदों में सिर्फ 8 रन बनाए। दूसरे टी20 में तो वह खाता तक नहीं खोल पाई थीं। हालांकि पहले मैच में उन्होंने 32 रन का योगदान दिया था। इंग्लैंड के खिलाफ 3 टी20 मैचों की सीरीज में ऐसा पहली बार हुआ है कि स्मृति मंधाना कुल मिलाकर 50 रन का आंकड़ा तक नहीं पार कर पाईं।
भारतीय टीम उम्मीद कर रही होगी कि टी20 विश्व कप के दौरान स्मृति मंधाना अपनी फॉर्म में वापसी कर पाएंगी। वैसे मंधाना इतनी मंझी हुई बल्लेबाज हैं कि वह कभी भी फॉर्म में वापस आ सकती है।
महिला टी20 वर्ल्ड कप का आगाज इंग्लैंड में 12 जून से हो रहा है। फाइनल 5 जुलाई को खेला जाएगा। भारतीय टीम अब तक एक बार भी महिला टी20 विश्व कप को नहीं जीत पाई है। हालांकि पिछले साल टीम ने पहली बार महिला एकदविसीय विश्व कप पर कब्जा किया था। उससे उत्साहित भारतीय महिला टीम अब टी20 विश्व कप खिताब के सूखे को भी खत्म करना चाहेगी।





साइन इन