T20 World Cup से पहले भारतीय महिला टीम को लगा झटका, 3 मैचों की T20 सीरीज में मिली करारी हार
भारतीय महिला क्रिकेट टीम को आईसीसी वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले 3 मैचों की टी20 सीरीज में करारी हार मिली है। आखिरी के दो मैच हारकर भारत 2-1 से टी20 सीरीज भी गंवा बैठा है।

ICC Women's T20 World Cup 2026 से पहले टीम इंडिया ने एक टी20 सीरीज गंवा दी है। मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ टीम इंडिया अपने टी20 विश्व कप की तैयारियों को दुरुस्त करने उतरी थी, लेकिन तीन मैचों की टी20 सीरीज में 2-1 से भारतीय टीम को हार मिली। आखिरी मैच में इंग्लैंड ने 6 विकेट से जीत दर्ज की। 181 रनों का टारगेट इंग्लैंड ने 18.3 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस तरह टीम इंडिया के टी20 विश्व कप की तैयारियों को झटका लगा है, क्योंकि ये सीरीज एक तरह से टी20 विश्व कप की ड्रेस रिहर्सल थी। सीरीज का पहला मुकाबला जरूर हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने 38 रनों से जीता था, लेकिन अगले मैच में 26 रनों से हार मिली थी और अब 6 विकेट से टीम सीरीज डिसाइडर को हारी है।
मैच की बात करें तो इंग्लैंड की टीम की कप्तान चार्लेट डीन ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी। भारतीय टीम को इस मैच में पहले बल्लेबाजी करनी पड़ी और शुरुआत अच्छी नहीं मिली। 19 रन पर पहला, 36 पर दूसरा और 60 रन पर तीसरा विकेट भारत ने गंवाया। कप्तान हरमनप्रीत कौर 40 गेंदों में 56 रन बनाकर नाबाद लौटीं, जबकि 18 गेंदों में 32 रन यास्तिका भाटिया ने बनाए। इतने ही रनों की पारी दीप्ति शर्मा ने खेली। 29 रन जेमिमा रोड्रिग्स ने बनाए। 20 ओवर में टीम 5 विकेट खोकर 180 रनों तक पहुंची, जो कि एक सेफ स्कोर कहा जा सकता है। इंग्लैंड के लिए 2 विकेट लॉरेन बेल ने निकाले और एक-एक विकेट लिनसी स्मिथ और चार्लोट डीन को मिला।
वहीं, जब इंग्लैंड की टीम 181 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो शुरुआत उनकी भी खराब रही। इंग्लैंड ने पहला विकेट 14 रन, दूसरा विकेट 24 पर और तीसरा विकेट 38 रनों पर गंवाया। इसके बाद चौथे विकेट के लिए भारत को लंबा इंतजार करना पड़ा, लेकिन तब तक बहुत ज्यादा देर हो चुकी थी। एलिस कैप्सी 43 गेंदों में 82 रनों की पारी खेलकर इंग्लैंड को जीत की दहलीज पर ले गई थीं। 42 गेंदों में 70 रन हीथर नाइट ने बनाए। 16 रन सोफिया डंकली के बल्ले से आए। भारत के लिए 2-2 विकेट अरुणधति रेड्डी और क्रांति गौड़ को मिले। भारत की महिला टीम अब 12 जून से शुरू हो रहे टी20 विश्व कप के वार्मअप मैचों में खेलेगी। उस दौरान बेस्ट कॉम्बिनेशन की तलाश में टीम होगी, क्योंकि इन्हीं परिस्थितियों में भारत को खेलना है।





साइन इन