गौती भाई और सूर्या का शुक्रिया; शिवम दुबे ने कोच और कप्तान को किस बात का दिया क्रेडिट?
शिवम दुबे ने न्यूजीलैंड के खिलाफ बल्ले से खूब तबाही मचाई। उन्होंने 23 गेंदों पर 65 रनों की धुआंधार पारी खेली। हालांकि वह भारत को जीत नहीं दिला पाए। टीम इंडिया को चौथे टी20 में 50 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 में भारत को 50 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में भारत की ओर से सबसे बढ़िया परफॉर्मेंस शिवम दुबे का रहा। 216 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए एक समय पर भारत का स्कोर 85/5 था, तब शिवम दुबे ने ताबड़तोड़ बैटिंग की और एक समय पर न्यूजीलैंड की टीम को मुश्किल में डाल दिया था। दुबे ने 15 गेंदों पर फिफ्टी पूरी की, जो युवराज सिंह और अभिषेक शर्मा के बाद भारत के लिए किसी बल्लेबाज द्वारा जड़ी गई तीसरी सबसे तेज फिफ्टी है। हालांकि दुबे 3 चौके और 7 छक्कों की मदद से 65 रन बनाकर आउट हो गए और उनके पवेलियन लौटते ही टीम 165 पर सिमट गई। मैच के बाद उन्होंने हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव को शुक्रिया कहा है, आईए जानते हैं क्यों?
शिवम दुबे ने अपनी बैटिंग परफॉर्मेंस के बारे में कहा, “यह मेरी कड़ी मेहनत का नतीजा है। मेरा माइंडसेट बेहतर हो रहा है क्योंकि मैं अब ये सभी मैच खेल रहा हूं और ऐसी स्थितियों में बैटिंग कर रहा हूं। इसलिए ये सभी बातें, कि क्या होने वाला है और कौन से बॉलर मेरे सामने आएंगे, मैं उन्हें बहुत अच्छे से जानता हूं।
उन्होंने आगे कहा कि उनका मुख्य काम स्पिन गेंदबाजों को टारगेट करना है, साथ ही पेसर्स के खिलाफ भी स्कोरिंग जारी रखना और बीच के ओवरों में हाई स्ट्राइक रेट बनाए रखना है।
अपनी बॉलिंग को लेकर दुबे ने आगे कहा, "मैं बॉलिंग कर रहा हूं, गौतम भाई (गौतम गंभीर) और सूर्या (कप्तान सूर्यकुमार यादव) का शुक्रिया। उन्होंने मुझे बॉलिंग का मौका दिया है। तो जब आप बॉलिंग करते हैं, तो आप थोड़े स्मार्ट हो जाते हैं। इसलिए मैं उस पर भी काम कर रहा हूं। मैं कुछ और स्किल्स डेवलप करने की कोशिश कर रहा हूं।"
2024 में भारत की T20 वर्ल्ड कप जीत के बाद से, दुबे ने 16 मैचों में 18.72 की औसत से 18 विकेट लिए हैं, जिसमें 3/4 उनका बेस्ट प्रदर्शन है। जीत के बाद 17 पारियों में, उन्होंने 26.15 की औसत और 173 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 340 रन बनाए हैं, जिसमें दो फिफ्टी शामिल हैं।





साइन इन