शशि थरूर ने संजू सैमसन को बताया 'भारत की शान', बोले- दुख हुआ था क्योंकि...
संजू सैमसन की तारीफ में कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने तारीफ के पुल बांधे है। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ टीम इंडिया की धमाकेदार जीत के बाद सैमसन की तारीफ करते हुए उन्हें भारत की शान बताया है।

संजू सैमसन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ ‘वर्चुअल क्वार्टर फाइनल’ में 97 रनों की नाबाद पारी खेल ना सिर्फ टीम इंडिया को जीत दिलाई, बल्कि सेमीफाइनल का टिकट भी दिलाया। सैमसन की इस पारी की हर जगह तारीफ हो रही है। कांग्रेस सांसद शशि थरूर, जो क्रिकेट पर बारीकी से नजर रखते हैं, उन्हें भी सैमसन ने अपनी इस पारी से अपना दीवाना बना लिया है। वेस्टइंडीज पर भारत की 5 विकेट से धमाकेदार जीत के बाद शशि थरूर ने सैमसन को 'भारत की शान' और ‘तिरुवनंतपुरम का बेटा’ बताया है। बता दें, वेस्टइंडीज ने भारत के सामने 195 रनों का चुनौतीपूर्ण टारगेट रखा था, टीम इंडिया ने इस स्कोर को 4 गेंदें शेष रहते चेज कर शान से सेमीफाइनल में कदम रखा।
शशि थरूर ने इस दौरान उस समय को भी याद किया जब टी20 वर्ल्ड कप से ठीक पर खराब फॉर्म की वजह से सैमसन को अपनी जगह गंवानी पड़ी थी। भारत ने ईशान किशन और अभिषेक शर्मा के साथ टी20 वर्ल्ड कप का आगाज किया था।
शशि थरूर ने X पर लिखा, “वेस्टइंडीज के खिलाफ आज वर्चुअल क्वार्टर फाइनल में संजू सैमसन की शानदार पारी के बाद मैं गर्व और राहत से भर गया हूं। मुझे उनके लिए दुख हुआ था क्योंकि पहले की नाकामियों की वजह से उन्हें टीम में अपनी जगह गंवानी पड़ी थी। आज उन्होंने दुनिया को दिखा दिया कि वह वहां होने के लायक क्यों थे। तिरुवनंतपुरम के अपने बेटे, भारत के गौरव पर गर्व है।”
संजू सैमसन भले ही शतक से 3 रन से चूक गए हो, मगर उनकी यह पारी किसी शतक से कम भी नहीं थी। सैमसन को उनकी इस पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।
सैमसन ने मैच के बाद कहा, “मुझे लगता है कि लगभग 10 से 12 साल IPL खेलने और पिछले 10 सालों से देश के लिए खेलने के बाद, मैं खेल नहीं रहा हूं, बल्कि डगआउट से देख रहा हूं, विराट कोहली, रोहित शर्मा जैसे महान खिलाड़ियों से सीख रहा हूं, जैसे सभी महान खिलाड़ियों से। मुझे लगता है कि यह देखना और सीखना बहुत जरूरी है कि वे क्या कर रहे थे। मुझे लगता है कि इससे मुझे सच में मदद मिली, मुझे लगता है कि मेरे अनुभव से, मैंने शायद 50, 60 गेम ही खेले हैं, लेकिन मैंने लगभग 100 गेम देखे हैं और मैंने देखा है कि महान लोगों ने गेम कैसे खत्म किए हैं और वे गेम के हिसाब से अपना गेम कैसे बदलते हैं।”





साइन इन