‘विराट कोहली और रोहित शर्मा की तरह संजू सैमसन का भी कोई रिप्लेसमेंट नहीं’; IPL 2026 से पहले किसने कही ये बात
राजस्थान रॉयल्स के पूर्व कप्तान संजू सैमसन इस सीजन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते दिखाई देंगे। आरआर ने उन्हें सीएसके के साथ रवींद्र जडेजा और सैम कुर्रन के साथ ट्रेड किया था।

जिस तरह विराट कोहली और रोहित शर्मा को रिप्लेस कर पाना मुश्किल है, वैसे ही संजू सैमसन का भी रिप्लेसमेंट नहीं मिल सकता…यह बयान राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने IPL 2026 से पहले दिया है। आरआर इस बार नए कप्तान के अंडर खेलने वाला है क्योंकि उन्होंने अपने नियमित कप्तान संजू सैमसन को चेन्नई सुपर किंग्स के साथ ट्रेड किया है। राजस्थान ने सैमसन के बदले रवींद्र जडेजा और सैम कुर्रन को अपनी टीम में शामिल किया है। हालांकि कुर्रन इस सीजन से चोट के चलते बाहर हो सकते हैं। संजू सैमसन राजस्थान रॉयल्स का पिछले एक दशक से हिस्सा थे, वहीं पिछले 5 सीजन उन्होंने टीम की कमान संभाली है, जिसमें से एक बार राजस्थान फाइनल तक पहुंचा था।
सैमसन के जाने से पैदा हुए खालीपन के बारे में बात करते हुए पराग ने कहा कि उनकी जगह लेना उतना ही मुश्किल है, जितना भारतीय टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गजों की जगह लेना।
रियान पराग ने जयपुर में प्री-सीजन प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों से कहा, "अगर आप संजू भैया की बात करें, तो वह जिस तरह के खिलाड़ी हैं, उन्हें रिप्लेस करने के बारे में हम कभी सोचते भी नहीं हैं।"
उन्होंने आगे कहा, “हम शायद किसी ऐसे खिलाड़ी को ढूंढ सकते हैं जिसके पास वैसी ही काबिलियत हो, या फिर किसी और से उनकी जगह पर बैटिंग करवा सकते हैं। यह कुछ ऐसा ही है, जैसे विराट कोहली या रोहित शर्मा की जगह कोई नहीं ले सकता। ठीक उसी तरह, संजू भैया की जगह भी कोई नहीं ले सकता, क्योंकि वह इतने बेहतरीन खिलाड़ी हैं।”
सैमसन ने बतौर खिलाड़ी और कप्तान राजस्थान रॉयल्स के लिए काफी योगदान दिया है। हालांकि अब वह सीएसके लिए धमाल मचाना चाहेंगे। हाल ही में भारत ने जो टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता है सैमसन उसमें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे थे। सैमसन ने सेमीफाइनल और फाइनल में 89-89 रनों की धमाकेदार पारियां खेली थी, जिसके दम पर भारत चैंपियन बना था।





साइन इन