भुवनेश्वर कुमार की यॉर्कर से बाल बाल बचे विराट कोहली, IPL 2026 से पहले बैटिंग प्रैक्टिस में हो सकते थे चोटिल
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने प्रैक्टिस सेशन के दौरान विराट कोहली को थोड़ा परेशान किया। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में अभ्यास सत्र में कोहली बैटिंग करते हुए भुवी की यॉर्कर से चोटिल होने से बाल बाल बचे।

भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने आईपीएल 2026 के लिए तैयारी शुरू कर दी है। कोहली कुछ दिन पहले ही फ्रेंचाइजी से जुड़े हैं। विराट कोहली ने टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया और अब भारत के लिए सिर्फ वनडे में खेलते हैं, ऐसे में बड़े टूर्नामेंट से पहले वह अपनी तैयारी में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहते और मुकाबले शुरू होने से पहले लय में आना चाहते हैं। विराट कोहली इस समय एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम के साथ अभ्यास सत्र में हिस्सा ले रहे हैं। गुरुवार को बैटिंग प्रैक्टिस के दौरान उन्होंने तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार का सामना किया है। हालांकि इस दौरान वह चोटिल होने से बच गए।
गुरुवार को प्रैक्टिस सेशन का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें भुवनेश्वर कुमार की एक यॉर्कर के आगे विराट कोहली सहमे हुए नजर आए। भुवी की गेंद लेग स्टंप की तरह आई, जिसे खेलने के बजाए विराट कोहली बचने की कोशिश करते हुए दिखे। हालांकि भुवनेश्वर के खिलाफ ही उन्होंने कई बड़े शॉट भी खेले। जोकि अन्य वीडियो में दिखा। विराट कोहली के लिए आईपीएल का पिछला सीजन (2025) न केवल व्यक्तिगत रूप से शानदार रहा, बल्कि उनकी टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए भी ऐतिहासिक रहा। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने फाइनल में पंजाब किंग्स को हराकर आईपीएल का पहला खिताब जीता और इसमें कोहली का अहम योगदान था।
आईपीएल 2025 में विराट कोहली सबसे ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज रहे थे, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए पिछले सीजन सर्वाधिक रन बनाने वाले बैटर रहे। कोहली ने 15 पारियों में 657 रन बनाए और इस दौरान उन्होंने आठ अर्धशतक भी जड़े।
पिछले सीजन के दौरान वह आईपीएल इतिहास के पहले खिलाड़ी बने, जिन्होंने 8 अलग-अलग सीजन में 500 से अधिक रन बनाए। रॉयल चैलेजर्स बेंगलुरु की टीम रजत पाटीदार के नेतृत्व में टाइटल डिफेंड करने के इरादे से इस बार मैदान पर उतरेगी।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम 28 मार्च को अपने अभियान की शुरुआत करेगी। आरसीबी का आईपीएल 2026 में पहला मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगा। बेंगलुरु के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार एक बार फिर टीम को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हिस्सा होने के बाद उन्होंने 14 मैचों में 17 विकेट लिए हैं।





साइन इन