Sanju Samson blunt words ahead of the T20 World Cup final against New Zealand Another match-winning innings एक और मैच विनिंग पारी; न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले संजू सैमसन की दो टूक, Cricket Hindi News - Hindustan

एक और मैच विनिंग पारी; न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले संजू सैमसन की दो टूक

संजू सैमसन ने सेमीफाइनल के बाद कहा कि हमें अभी एक कदम और आगे बढ़ाना है और अगर हम उसमें सफल रहे तो सब कुछ सार्थक हो जाएगा। एक और मैच विजेता पारी वाकई बहुत अच्छी रहेगी।

Fri, 6 March 2026 10:38 AMLokesh Khera लाइव हिन्दुस्तान, मुंबई, भाषा
share
एक और मैच विनिंग पारी; न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले संजू सैमसन की दो टूक

पिछले दो मैच में शानदार पारियां खेलकर भारत को टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने वाले संजू सैमसन न्यूजीलैंड के खिलाफ रविवार को होने वाले खिताबी मुकाबले में भी मैच विजेता पारी खेलने के लिए प्रतिबद्ध हैं। सैमसन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 97 रन बनाकर भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाया और इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ अंतिम चार के मुकाबले में 89 रन की शानदार पारी खेली। सैमसन ने कहा कि उन्हें खुशी है कि उन्होंने भारत को अहमदाबाद में होने वाले फाइनल में जगह दिलाने में अपना योगदान दिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हार गया ENG, मगर इतिहास रच गए जैकब बेथल! 22 साल के खिलाड़ी ने बढ़ा दी थी धड़कने

सैमसन ने इंग्लैंड के खिलाफ सात रन से जीत के बाद पत्रकारों से कहा, ''बहुत अच्छा लग रहा है और यह राहत भरा अहसास है। मैं वास्तव में कुछ वर्षों से अपने देश के लिए ऐसा कुछ करने की कोशिश कर रहा था।''

उन्होंने कहा, ''मैं पूरे धैर्य, कड़े अभ्यास और मानसिक रूप से मजबूत बनकर इंतजार कर रहा था। निश्चित रूप से मुझे खुशी है लेकिन मुझे लगता है कि अभी हमारा काम खत्म नहीं हुआ है। हमें अभी एक कदम और आगे बढ़ाना है और अगर हम उसमें सफल रहे तो सब कुछ सार्थक हो जाएगा। एक और मैच विजेता पारी वाकई बहुत अच्छी रहेगी।''

सैमसन ने सात छक्के और आठ चौके लगाकर केवल 42 गेंदों में 89 रन बनाए जिससे भारत ने सात विकेट पर 253 रन बनाए। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने अपनी लय बनाए रखने के लिए कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली गई अपनी 97 रन की नाबाद पारी को श्रेय दिया।

उन्होंने कहा, ''पिछली पारी ने निश्चित रूप से इस पारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मैं गेंद को बहुत अच्छी टाइमिंग से हिट कर रहा था और अच्छे निर्णय ले रहा था। मैंने सोचा कि अगर आप फॉर्म में हैं, तो आपको इस मैच में भी अपनी टीम के लिए योगदान देना चाहिए। यह वास्तव में मेरे जीवन के सबसे अच्छे पलों में से एक है।''

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बैक टू बैक 2 शतकों से चूकने पर क्या बोले सैमसन? मैं पहले अनलकी रहा हूं, लेकिन…

सैमसन ने कहा कि आईपीएल सहित कई टी20 मैच खेलने के अनुभव से वह परिपक्त बन गए हैं।

उन्होंने कहा, ''मैं काफी लंबे समय से इस प्रारूप में खेल रहा हूं। मैंने लगभग 300 या 400 (329) टी20 मैच खेले होंगे। मैं पहले नंबर से लेकर छठे नंबर तक खेला हूं। मैंने एक फ्रेंचाइजी की कप्तानी भी की है। इसलिए मैं जानता हूं की टीम को किस समय में किस चीज की जरूरत है और इस स्तर पर मेरी सटीक भूमिका क्या है। इस स्पष्टता से निश्चित रूप से मनचाहे तरीके से रन बनाने में मदद मिलती है।''

सैमसन ने जसप्रीत बुमराह की तारीफ करते हुए कहा कि उनके जैसे गेंदबाज विरले ही पैदा होते हैं।

उन्होंने कहा, ''मैच कांटे की टक्कर का था और वे एक ओवर में 13-15 रन बनाने की कोशिश कर रहे थे। हम जानते थे कि अगर हम मैच को अंत तक ले जाते हैं, तो वे हम पर हावी हो सकते हैं, इसलिए हम मैच को थोड़ा जल्दी खत्म करना चाहते थे।''

सैमसन ने कहा, ''यहीं पर हमने बुमराह, अर्शदीप (सिंह) और हार्दिक (पंड्या) को उन तीन ओवरों (17वें से 19वें) में गेंदबाजी कराई और यह हमारे लिए फायदेमंद साबित हुआ। बुमराह जैसे गेंदबाज विरले ही पैदा होते हैं।''

उन्होंने अपने सलामी जोड़ीदार अभिषेक शर्मा का भी बचाव किया और कहा कि रन बनाने के लिए जूझ रहा यह बाएं हाथ का बल्लेबाज फाइनल में बड़ी पारी खेलने में सफल रहेगा।

सैमसन ने कहा, ''हमें लगता है कि फाइनल उसका दिन होगा। मुझे पूरा यकीन है कि वह आखिरी दिन बहुत अच्छा प्रदर्शन करेगा।''

उन्होंने वरुण चक्रवर्ती का भी बचाव किया जिन्होंने अपने चार ओवर में 64 रन देकर एक विकेट लिया।

सैमसन ने कहा, ''स्पिनर के लिए पावरप्ले में छठा ओवर फेंकना बहुत मुश्किल काम है, क्योंकि विकेट में ज्यादा कुछ नहीं होता और बल्लेबाज लंबे शॉट खेलकर पावरप्ले में ज्यादा से ज्यादा रन बनाने की कोशिश करते हैं।''

उन्होंने कहा, ''मुझे लगता है कि वरुण को इस चुनौती को स्वीकार करने, सकारात्मक बने रहने और अपना काम बखूबी करने का श्रेय जाता है।''

Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule आज के बड़े मुकाबले GT vs RCB Live Score और पल-पल के Live Cricket Score अपडेट्स के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी क्रिकेट अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।