ऋषभ पंत हुए IND vs NZ वनडे सीरीज से बाहर, प्रैक्टिस सेशन के दौरान लगी गंभीर चोट; दर्द से कराहते नजर आएं
इंडिया वर्सेस न्यूजीलैंड तीन मैच की वनडे सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय टीम के लिए बुरी खबर सामने आ रही है। टीम के स्टार विकेट कीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत चोट के चलते सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनके प्रैक्टिस के दौरान गंभीर चोट लगी।

इंडिया वर्सेस न्यूजीलैंड 3 मैच की वनडे सीरीज का आगाज आज यानी रविवार, 11 जनवरी से होने जा रहा है। इस सीरीज के शुरू होने से पहले टीम इंडिया के लिए बुरी खबर सामने आ रही है। टीम के स्टार विकेट कीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत चोट के चलते पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। जी हां, बताया जा रहा है कि ऋषभ पंत को प्रैक्टिस के दौरान यह चोट लगी। हालांकि पंत नियमित रूप से वनडे प्लेइंग XI का हिस्सा नहीं हैं। केएल राहुल टीम के स्पेशलिस्ट विकेट कीपर हैं, पंत को उनके बैकअप के लिए स्क्वॉड में शामिल किया गया है। हालांकि उनकी चोट ने टीम की परेशानी बढ़ा दी है।
TOI की रिपोर्ट्स के अनुसार वडोदरा में खेले जाने वाले पहले वनडे से पूर्व ऋषभ पंत लंबा बैटिंग सेशन ले रहे थे। इस दौरान थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट द्वारा फेंकी गई एक गेंद उनकी कमर के ठीक ऊपर, पसलियों पर जाकर लगी। पंत के चोटिल होने के तुरंत बाद मुख्य कोच गौतम गंभीर सहित सहयोगी स्टाफ के सदस्य तुरंत उनके पास पहुंचे। दर्द से कराहते ऋषभ पंत को बाद में बीसीए बी मैदान से बाहर ले जाया गया।
एक सूत्र ने बताया, "ऋषभ पंत को आंतरिक तिरछी मांसपेशियों में खिंचाव के साथ दाहिनी ओर खिंचाव का पता चला है, और इस प्रकार उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज से बाहर कर दिया गया है।"
बीसीसीआई की तरफ से ऋषभ पंत की चोट पर हालांकि अभी तक कोई अपडेट नहीं आया है, मगर माना जा रहा है कि चयनकर्ता जल्द ही ऋषभ पंत के रिप्लेसमेंट का ऐलान कर सकते हैं। जिस तरह ईशान किशन का हालिया प्रदर्शन रहा है उसे देखते हुए उन्हें प्रबल दावेदार माना जा रहा है। वहीं लिस्ट में संजू सैमसन भी हैं।
बता दें, ऋषभ पंत ने भारत के लिए आखिरी वनडे जुलाई 2024 में श्रीलंका के खिलाफ खेला था। वह 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली टीम का हिस्सा थे, लेकिन एक भी मैच में शामिल नहीं हुए। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने हाल ही में 2025-26 विजय हजारे ट्रॉफी में दिल्ली का नेतृत्व किया और क्रमशः सर्विसेज और रेलवे के खिलाफ दो अर्धशतक बनाए थे।





साइन इन