पाकिस्तान क्रिकेट में आने वाला है भूचाल! बांग्लादेश में शर्मनाक हार के बाद कोच, कप्तान होंगे बर्खास्त?
बांग्लादेश के हाथों टेस्ट में 0-2 से करारी शिकस्त के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में उथल-पुथल मचने की अटकलें तेज हो गई हैं। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक मुख्य कोच सरफराज अहमद और कप्तान शान मसूद की छुट्टी हो सकती है। इतना ही नहीं, मुख्य चयनकर्ता भी बदले जा सकते हैं।

पाकिस्तान क्रिकेट में किसी बड़े भूचाल की आहट दिख रही है। बांग्लादेश के हाथों में 0-2 से टेस्ट में हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड में उथल-पुथल मच सकता है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक कोच सरफराज अहमद को बर्खास्त किया जा सकता है। कप्तान शान मसूद पर भी गाज गिरने वाली है। इतना ही नहीं, चीफ सिलेक्टर भी बदले जा सकते हैं। हेड कोच पद के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड दिग्गज बल्लेबाज रहे मोहम्मद यूनुस के संपर्क में है। हालांकि यूनुस ने जिम्मेदारी संभालने के लिए कुछ कड़ी शर्तें रखी हैं।
बांग्लादेश दौरे पर पाकिस्तान के लचर प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ मोहसिन नकवी बड़े बदलाव पर विचार कर रहे हैं। पीसीबी ने यूनुस खान और मोहम्मद हफीज को पाकिस्तान क्रिकेट में बड़ी भूमिका की पेशकश की है और उनके संपर्क में है।
2017 में अपनी कप्तानी में पाकिस्तान को चैंपियंस ट्रॉफी जिताने वाले सरफराज अहमद को बांग्लादेश दौरे से ठीक पहले ही टेस्ट कोच बनाया गया था। उनके कार्यकाल की शुरुआत बहुत ही खराब हुई। बांग्लादेश के हाथों टीम को टेस्ट में 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। उसके बाद से ही पाकिस्तान क्रिकेट में उथल-पुथल की सुगबुगाहटें तेज हो गई थीं।
पीटीआई ने एक सूत्र को कोट किया है, 'मैं इसकी पुष्टि कर सकता हूं कि पीसीबी के अधिकारी बोर्ड में महत्वपूर्ण पदों को संभालने को लेकर यूनुस खान और मोहम्मद हफीज के संपर्क में हैं। लेकिन अभी चीजें फाइनल नहीं हुई हैं।'
सूत्र ने सरफराज अहमद की कोच पद से बर्खास्तगी की अटकलों पर कहा, ‘सरफराज को मुख्य कोच के पद से हटाए जाने और उन्हें नेशनल अंडर-19 और ए टीम को मैनेज करने की जिम्मेदारी फिर से देने का प्रस्ताव है।’
हेड कोच पद से सरफराज अहमद की बर्खास्तगी बस समय की बात है। यूनुस खान और पीसीबी के बीच जैसे ही बात बन जाएगी, सरफराज की छुट्टी हो जाएगी। दरअसल यूनुस ने मौजूदा पाकिस्तानी टीम में किसी भी तरह की भूमिका संभालने को लेकर कुछ कड़ी शर्तें रखी हैं।
पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान शान मसूद पर भी गाज गिर सकती है। वैसे तो उन्होंने वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के मद्देनजर टीम का नेतृत्व करने के लिए और समय देने की मांग की है लेकिन उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है।
पीटीआई के मुताबिक, पीसीबी ने चीफ सिलेक्टर के पद के लिए मोहम्मद हफीज से संपर्क किया है। उन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट डिपार्टमेंट के प्रमुख का पद देने की भी पेशकश की गई है। पीसीबी अधिकारियों और हफीज के बीच अभी सिर्फ शुरुआती स्तर की ही बातचीत हुई है।
सूत्र ने आगे कहा, 'हफीज के मामले में देखें तो चूंकि यह पूर्व खिलाड़ी मीडिया में टीम और बोर्ड की काफी आलोचना करते रहे हैं, ऐसे में उनसे संपर्क करने से ये धारणा पैदा हो सकती है कि उन्हें पद की पेशकश इसलिए की गई है कि वह आलोचना न कर सकें।'





साइन इन