विराट कोहली नहीं…IPL इतिहास के सर्वश्रेष्ठ कप्तानों की सूची में रोहित-धोनी और गंभीर के बाद ये नाम
श्रेयस अय्यर ने अपनी बल्लेबाजी के साथ-साथ आईपीएल में अपनी कप्तानी से भी हर किसी को प्रभावित किया है। वह आईपीएल इतिहास के एकमात्र ऐसे कप्तान हैं, जिन्होंने तीन फ्रेंचाइजियों को फाइनल तक पहुंचाया है।

टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने अपनी बल्लेबाजी के साथ-साथ आईपीएल में अपनी कप्तानी से भी हर किसी को प्रभावित किया है। वह आईपीएल इतिहास के एकमात्र ऐसे कप्तान हैं, जिन्होंने तीन फ्रेंचाइजियों को फाइनल तक पहुंचाया है। 2020 में उन्होंने सबसे पहले दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करते हुए टीम को फाइनल में पहुंचाया था, जहां उनकी टीम को मुंबई इंडियंस के हाथों हार मिली थी। इसके बाद 2024 में उनकी अगुवाई में कोलकाता नाइट राइडर्स चैंपियन बनी। 2025 में पंजाब किंग्स की कप्तानी करते हुए श्रेयस अय्यर फाइनल में पहुंचे थे, जहां उनकी टीम को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
IPL में श्रेयस अय्यर की कैप्टेंसी स्किल को देखते हुए उनकी तुलना रोहित शर्मा, एमएस धोनी और गौतम गंभीर जैसे कप्तानों से होने लगी है, जिन्होंने कई आईपीएल ट्रॉफी जीती है। रोहित और धोनी ने मुंबई व चेन्नई को 5-5 ट्रॉफी जिताई है, वहीं गौतम गंभीर की अगुवाई में कोलकाता 2 बार चैंपियन बना था।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुब्रमण्यम बदरीनाथ ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, “एमएस धोनी और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज कप्तानों से उनकी तुलना करना अभी थोड़ी जल्दबाजी होगी। वे एक अलग ही स्तर पर हैं और भारतीय क्रिकेट के अब तक के सबसे बेहतरीन कप्तानों में से हैं। इन दोनों के नाम 5-5 खिताब हैं। KKR के साथ जीते एक खिताब के अलावा, श्रेयस ने अभी तक इन दोनों दिग्गजों जितने खिताब नहीं जीते हैं। लेकिन वे निश्चित रूप से इस दौड़ में शामिल हैं। अगर आप IPL के सर्वश्रेष्ठ कप्तानों की एक सूची बनाते हैं, तो मैं उन्हें एमएस धोनी, रोहित शर्मा और गौतम गंभीर के बाद रखूंगा।”
उन्होंने आगे कहा, “IPL की कप्तानी मुश्किल होती है। एक तरफ आपके पास रिकी पोंटिंग और ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी होते हैं, तो दूसरी तरफ भारतीय खिलाड़ी। आपके पास टीम मैनेजमेंट भी होता है, और प्रीति जिंटा भी कुछ सवाल पूछ सकती हैं, जिनका जवाब आपको देना पड़ता है। एक युवा कप्तान के तौर पर इन सभी चीजों को श्रेयस बहुत ही खूबसूरती से संभालते हैं।”
श्रेयस अय्यर के आईपीएल में कैप्टेंसी रिकॉर्ड पर नजर डालें तो अभी तक उन्होंने कुल 83 मैचों में टीम की अगुवाई की है, जिसमें 48 बार टीम जीती है।





साइन इन