एमएस धोनी चेन्नई सुपर किंग्स के छठे मैच में भी नहीं दिखे, फैंस हुए मायूस
एमएस धोनी शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में भी नहीं खेल रहे हैं। धोनी काफ स्ट्रेन से उबर रहे हैं और लगातार छठे मुकाबले में नहीं खेल रहे हैं।

चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान एमएस धोनी शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में भी नहीं खेल रहे हैं। चेन्नई ने टूर्नामेंट शुरू होने से पहले कहा था कि धोनी सीजन के शुरुआती दो सप्ताह के लिए नहीं खेलेंगे लेकिन दो सप्ताह बीत जाने के बाद भी फैंस का धोनी को मैदान पर खेलने देखने का इंतजार बढ़ता ही जा रहा है। चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने शनिवार को इंडियन प्रीमियर लीग टी20 मैच में टॉस जीतकर सनराइजर्स हैदराबाद को बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। सनराइजर्स हैदराबाद ने हर्ष दुबे की जगह दिलशान मदुशंका को शामिल किया।
चेन्नई के फैंस एमएस धोनी का नाम प्लेइंग इलेवन में ना देखने से मायूस हो गए हैं। धोनी हैदराबाद के खिलाफ मैच के लिए हैदराबाद टीम के साथ पहुंचे हैं और मैदान पर भी दिखे थे। जब टीम हैदराबाद एयरपोर्ट पर पहुंची तब प्रशंसक धोनी की एक झलक पाने के लिए उमड़ पड़े। सीएसके द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो में यह देखा जा सकता है कि जब धोनी टीम बस में जा रहे हैं तब प्रशंसक उनका नाम चिल्ला रहे हैं।
धोनी इस समय काफ स्ट्रेन से उबर रहे हैं और आईपीएल 2026 में सीएसके के पहले पांचों मुकाबले से बाहर रहे। उन्होंने घर के बाहर मुकाबलों के लिए सीएसके के साथ गुवाहाटी और बेंगलुरु की यात्रा भी नहीं की। वह सीएसके के मुक़ाबलों के दिन चेपॉक भी नहीं गए थे।
कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले की पूर्व संध्या पर उन्होंने टीम के अभ्यास सत्र के अंतिम चरण में थोड़ी देर के लिए अभ्यास किया था लेकिन इस दौरान उन्होंने सिर्फ थ्रोडाउन का ही सामना किया था। सीएसके ने सीजन की शुरुआत लगातार तीन हार से की थी लेकिन उन्होंने अपने पिछले दोनों मुकाबले जीते हैं। सीएसके ने अब तक पांच मैचों में दो जीत हासिल की हैं और अब उनका अगला मुकाबला शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ है।
28 मार्च को सीजन के पहले दिन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने अपने बयान में बताया था कि धोनी पहले दो सप्ताह तक के लिए बाहर रह सकते हैं और वह रिहैब से गुज़रेंगे। धोनी टीम के अन्य साथियों के साथ अभ्यास कर रहे हैं लेकिन वह केवल थ्रोडाउन का सामना कर रहे हैं और अभी भी उनका पूरी तरह से फिट होना बाकी है।
धोनी की अनुपस्थिति में संजू सैमसन विकेटकीपिंग कर रहे हैं और इंग्लैंड के ऑलराउंडर जेमी ओवर्टन ने अपने खेल से फ़िनिशर की भूमिका अदा करने की झलक दिखाई है।
सीएसके के पास राजस्थान के विकेटकीपर कार्तिक शर्मा भी हैं जिन्हें उन्होंने दिसंबर में हुई नीलामी में 14.2 करोड़ में ख़रीदा था, इसके अलावा उनके पास गुजरात के विकेटकीपर उर्विल पटेल का विकल्प भी मौजूद है। पिछले कुछ सीजन में धोनी ने प्रति पारी अंतिम 10-12 गेंदें खेलकर उनका अधिक से अधिक उपयोग करने की भूमिका निभाई है। 2023 में उनका स्ट्राइक रेट 182 था और 2024 में उन्होंने 221 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाज़ी की थी। लेकिन पिछले साल उन्हें 145 गेंदों का सामना करना पड़ा जो कि 2023 (57) और 2024 (73) में खेली गई गेंदों को मिलाकर भी ज़्यादा था और इसके परिणामस्वरूप उनका स्ट्राइक रेट घटकर 135 का रह गया।





साइन इन