टिम डेविड ने पूरे किए 1000 रन, सबसे कम गेंदों में ऐसा करने वाले दूसरे बैटर बने
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार क्रिकेटर टिम डेविड ने शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले के दौरान आईपीएल में एक हजार रन पूरे किए। इस दौरान वह सबसे कम गेंदों में एक हजार रन पूरा करने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं।

रॉयल चैलेजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स के बीच आईपीएल 2026 का 26वां मुकाबला खेला जा रहा है। बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज टिम डेविड ने शनिवार को एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह सबसे कम गेंदों में एक हजार आईपीएल रन पूरा करने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। सलामी बल्लेबाज फिल सॉल्ट की 38 गेंद में 63 रन की आक्रामक पारी के बावजूद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इंडियन प्रीमियर लीग टी20 मैच में शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आठ विकेट पर 175 रन बनाए। टिम डेविड ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 17 गेंद में 26 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने तीन चौके और एक छक्का लगाया।
आईपीएल में सबसे कम गेंदों में एक हजार रन पूरा करने का रिकॉर्ड आंद्रे रसल के नाम है। रसल ने 545 गेंदों में 1000 रन पूरे किए। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज टिम डेविड ने 560 गेंदों में 1000 आईपीएल रन पूरे कर लिए। ट्रेविस हेड इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। हेड ने 575 गेंदों में एक हजार रन बनाए हैं। फिल सॉल्ट ने 575 गेंदों में ये मुकाम हासिल किया। हेनरिक क्लासेन ने 594 गेंदों में एक हजार बनाए थे। वीरेंद्र सहवाग का भी नाम इस लिस्ट में शामिल है। सहवाग ने 604 गेंदों में ये उपलब्धि हासिल की थी।
सॉल्ट ने पहले विकेट के लिए विराट कोहली (19) के साथ 31 गेंद में 52 रन और दूसरे विकेट के लिए देवदत्त पडिक्कल (18) के साथ 29 गेंद में 47 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई, लेकिन 11वें ओवर में उनके आउट होने के बाद टिम डेविड (17 गेंद में 26 रन) के अलावा कोई भी बल्लेबाज तेजी से रन नहीं बना सका। सॉल्ट ने नबी के खिलाफ पांचवें ओवर में दो चौके और पारी का पहला छक्का लगाकर 18 रन बटोरे, जिससे टीम का अर्धशतक पूरा हुआ।
लुंगी एनगिडी ने अगले ओवर में पहली ही गेंद पर कोहली को आउट कर पहले विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी समाप्त की। सॉल्ट ने नटराजन का स्वागत चौके से किया, जबकि पडिक्कल ने भी इस गेंदबाज के खिलाफ छक्का लगाकर आक्रामक तेवर दिखाए। सॉल्ट ने कुलदीप यादव के खिलाफ छक्का लगाकर 30 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया।
कप्तान अक्षर पटेल ने अपने शुरुआती ओवर में ही पडिक्कल (18) को डेविड मिलर के हाथों कैच कराया, जबकि कुलदीप ने 11वें ओवर में छक्का खाने के बाद सॉल्ट को ट्रिस्टन स्टब्स के हाथों कैच कराया। शानदार लय में चल रहे टिम डेविड ने एनगिडी के खिलाफ छक्का और चौका जड़ा, लेकिन कप्तान रजत पाटीदार (आठ) मुकेश की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में विकेटकीपर केएल राहुल को कैच दे बैठे।
डेविड ने अक्षर पटेल के खिलाफ चौका लगाया, लेकिन बाद में बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में शॉर्ट थर्ड मैन पर नटराजन द्वारा कैच कर लिए गए। कुलदीप ने रोमारियो शेफर्ड (एक) को पगबाधा कर जल्दी पवेलियन भेज दिया। कृणाल पंड्या (12) ने एनगिडी के खिलाफ छक्का लगाकर रनगति बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन वह आखिरी ओवर में रन आउट हो गए। जितेश शर्मा भी संघर्ष करते दिखे और उन्होंने 20 गेंद में 14 रन बनाए। आरसीबी ने आखिरी पांच ओवर में चार विकेट खोकर केवल 29 रन बनाए।





साइन इन