KKR vs SRH Nitish Kumar Reddy Shines as Sunrisers Hyderabad Crush Kolkata Knight Riders by 65 Runs in IPL 2026 ईडन गार्डन्स में सनराइजर्स का जलवा, कोलकाता को मिली लगातार दूसरी हार; नीतीश रेड्डी बने जीत के हीरो, Cricket Hindi News - Hindustan

ईडन गार्डन्स में सनराइजर्स का जलवा, कोलकाता को मिली लगातार दूसरी हार; नीतीश रेड्डी बने जीत के हीरो

सनराइजर्स हैदराबाद ने ईडन गार्डन्स में खेले गए आईपीएल 2026 के छठे मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स को 65 रनों से मात दी। नितीश रेड्डी को हरफनमौला प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच मिला।

Thu, 2 April 2026 11:45 PMHimanshu Singh लाइव हिन्दुस्तान
share
ईडन गार्डन्स में सनराइजर्स का जलवा, कोलकाता को मिली लगातार दूसरी हार; नीतीश रेड्डी बने जीत के हीरो

सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल टी20 मैच में गुरुवार को कोलकाता नाइट राइडर्स को 65 रनों से हराया। सनराइजर्स ने आठ विकेट पर 226 रन बनाने के बाद केकेआर को 16 ओवर में 161 रन पर आउट कर दिया। केकेआर के लिए अंगकृष रघुवंशी ने 29 गेंदों में 52 रन बनाए, जबकि रिंकू सिंह ने 25 गेंदों में 35 रन का योगदान दिया। फिन ऐलन ने सात गेंदों में 28 रन बनाए, लेकिन उनकी तेज पारी का फायदा उठाने में टीम नाकाम रही। केकेआर की यह दो मैचों में दूसरी हार है। सनराइजर्स के लिए जयदेव उनादकट ने तीन और इशान मलिंगा ने दो विकेट लिए।

फिन एलन की तूफानी पारी

लक्ष्य का पीछा करते हुए ऐलन ने शुरुआती ओवर में डेविड पेन के खिलाफ तीन चौकों और दो छक्कों के साथ शानदार शुरुआत दिलाई। दूसरे ओवर में गेंदबाजी के लिए आए हर्ष दुबे ने अपनी ही गेंद पर कैच लपककर ऐलन की सात गेंदों में 28 रन की पारी का अंत किया। क्रीज पर आए अंगकृष रघुवंशी ने अभिषेक शर्मा के खिलाफ दो छक्के और जयदेव उनादकट के खिलाफ दो चौके जड़कर आक्रामक तेवर दिखाए, लेकिन दूसरे छोर पर कप्तान अजिंक्य रहाणे संघर्ष करते नजर आए। वह उनादकट की गेंद पर इशान मलिंगा को कैच दे बैठे।

कैमरन ग्रीन (दो) भी रघुवंशी के साथ तालमेल की कमी के कारण रन आउट हो गए, जिससे पावरप्ले में टीम का स्कोर तीन विकेट पर 74 रन हो गया। रघुवंशी ने 10वें ओवर में एक रन लेकर 27 गेंदों में लगातार दूसरा अर्धशतक पूरा किया। रिंकू सिंह ने इसके बाद आक्रामक रुख अपनाते हुए चौके जड़े, लेकिन रघुवंशी अपनी पारी को बड़े स्कोर में नहीं बदल सके और रन आउट हो गए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:युवराज ने कपिल देव-धोनी से मांगी माफी, पिता योगराज के बयानों पर किया रिएक्ट

रेड्डी ने गेंदबाजी पर आते ही अनुकूल रॉय को खाता खोले बिना आउट किया और फिर रिंकू सिंह को भी पवेलियन भेजा। सुनील नारायण ने क्रीज कदम रखते ही लगातार दो छक्के जड़े, लेकिन इशान मलिंगा ने अपनी धीमी गेंद पर उन्हें फंसा लिया। मलिंगा ने इसके बाद रमनदीप सिंह (10) को आउट किया, जबकि उनादकट ने लगातार गेंदों पर दो विकेट लेकर सनराइजर्स को बड़ी जीत दिलाई।

हेड-अभिषेक ने दिलाई दमदार शुरुआत

कप्तान अजिंक्य रहाणे के गेंदबाजी करने के फैसले के बाद केकेआर के अनुभवहीन आक्रमण के खिलाफ हैदराबाद ने शुरुआत में ही लगभग 15 रन प्रति ओवर की रफ्तार से रन बनाकर लय पकड़ ली। कार्तिक त्यागी ने छठे ओवर में खतरनाक हेड को आउट कर इस आक्रामक साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद मुजरबानी ने तीन गेंदों में दो विकेट लेकर मैच का रुख पलटने की कोशिश की। उन्होंने कप्तान इशान किशन (14) और क्रीज पर समय बिता चुके अभिषेक को पवेलियन भेजा। सनराइजर्स की टीम आठ ओवर में एक विकेट पर 110 रन बनाकर बेहद मजबूत स्थिति में थी, लेकिन इसके बाद उनकी पारी अचानक लड़खड़ा गई। टीम ने महज सात रन के भीतर तीन विकेट गंवा दिए।

छठे गेंदबाजी विकल्प स्पिनर अनुकूल रॉय ने अनिकेत वर्मा (एक) को आउट कर सनराइजर्स पर दबाव और बढ़ा दिया। सनराइजर्स ने सात गेंदों में तीन विकेट खो दिए। बाउंड्री रुकने और रनगति धीमी पड़ने के बीच क्लासेन और नीतिश कुमार रेड्डी (39) को पारी संभालनी पड़ी। दोनों ने 53 गेंद में 82 रन की साझेदारी कर आखिरी ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की नींव रखी। वैभव अरोड़ा ने 19वें ओवर में रेड्डी का विकेट लेकर हैदराबाद की रफ्तार पर अंकुश लगाया, लेकिन क्लासेन के संयमित अर्धशतक ने टीम को 220 के पार पहुंचा दिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अभिषेक ने IPL में ठोके 100 छक्के, डेविड वॉर्नर के बाद ऐसा करने वाले दूसरे बैटर

जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज मुजरबानी ने अंतिम ओवर में क्लासेन (35 गेंदों में 52) और शिवांग कुमार (चार) के विकेट लेकर अपने आंकड़े 41 रन पर चार विकेट कर लिए। इससे पहले शुरुआत में चार गेंदों में एक रन बनाने वाले हेड ने जल्द ही तेवर बदलते हुए अगली नौ गेंदों में पांच चौके और दो छक्के जड़कर पावरप्ले में रनगति करीब 15 प्रति ओवर पहुंचा दी। वैभव अरोड़ा ने उन्हें पैर के पास गेंदबाजी कर रोकने की कोशिश की, लेकिन हेड पूरी लय में नजर आए। अच्छी उछाल और गति वाली पिच पर गेंद आसानी से बल्ले पर आ रही थी और हेड ने स्क्वायर लेग के ऊपर शानदार छक्का लगाया।

केकेआर के अनुभवहीन गेंदबाजी आक्रमण की कलई एक बार फिर खुल गयी। सुनील नारायण को जल्दी गेंदबाजी पर लाया गया और एक मौका भी बना, लेकिन कप्तान रहाणे कैच तक नहीं पहुंच सके। हेड शुरुआती ओवरों में हावी रहे, वहीं अभिषेक ने संयम दिखाने के बाद वरुण चक्रवर्ती के खिलाफ एक ओवर में तीन चौके और एक छक्का जड़कर टीम को पांच ओवर में बिना किसी नुकसान के 71 रन तक पहुंचा दिया। चक्रवर्ती ने अपने पहले ओवर में 25 रन लुटाए।

इसके बाद इशान किशन ने भी कार्तिक त्यागी पर लगातार तीन चौके जड़कर आक्रामकता जारी रखी। नौवें ओवर में हालांकि मुजरबानी को गेंद सौंपने का फैसला निर्णायक साबित हुआ। इसमें रिंकू सिंह के शानदार क्षेत्ररक्षण ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने पहले डीप कवर-पॉइंट पर किशन का बेहतरीन कैच लपका और फिर अभिषेक के पुल शॉट पर भी अहम कैच पूरा किया। क्लासेन और रेड्डी ने बीच के ओवरों में संभलकर खेलने के बाद आखिरी ओवरों में तेजी से रन जुटाकर सनराइजर्स को बड़े स्कोर तक पहुंचा दिया।

Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap in IPL 2026 और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule आज के बड़े मुकाबले PBKS vs MI Live Score और पल-पल के Live Cricket Score अपडेट्स के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी क्रिकेट अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।