ईशान किशन बन सकते हैं सनराइजर्स हैदराबाद के नए कप्तान, आईपीएल 2026 में पैट कमिंस की जगह लेने के दावेदार
ईशान किशन आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान बन सकते हैं। टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस की उपलब्धता को लेकर संशय है, ऐसे में विस्फोटक विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन को कप्तानी की दौड़ में सबसे आगे माना जा रहा है।

भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन आईपीएल 2026 में कप्तानी करते हुए नजर आ सकते हैं। ईशान किशन को सनराइजर्स हैदराबाद फ्रेंचाइजी अपना नया कप्तान बना सकती है। क्योंकि अभी तक पैट कमिंस के टीम से जुड़ने को लेकर कोई अपडेट नहीं आई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सनराइजर्स मैनेजमेंट ने कप्तानी को लेकर ईशान किशन से बात भी कर ली है और वह इस पद के लिए बेहतर विकल्प हैं।
आईपीएल में किशन का है शानदार रिकॉर्ड
ईशान किशन पिछले कुछ महीने से शानदार फॉर्म में हैं। ईशान किशन हाल ही में टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। ईशान किशन आईपीएल में भी कई विस्फोटक पारियां खेल चुके हैं और बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज काफी सफल रहे हैं। 119 आईपीएल मैचों में उन्होंने 2998 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 29.10 और स्ट्राइक रेट 137.64 का रहा है। उन्होंने आईपीएल में एक शतक और 17 अर्धशतक लगाए हैं। किशन ने 288 चौके और 134 छक्के जड़े हैं। वह आईपीएल में मुंबई इंडियंस, गुजरात लायंस और सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेल चुके हैं।
आईसीसी की विश्व कप टीम में भी मिली थी जगह
रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के खिलाड़ी जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन, ईशान किशन और हार्दिक पांड्या को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की 2026 टी20 विश्व कप टीम में शामिल किया गया है। किशन टूर्नामेंट में 317 रन के साथ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में चौथे स्थान पर रहे। उन्होंने 193.29 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए टीम के शीर्ष क्रम को मजबूत किया। किशन ने पाकिस्तान के खिलाफ पारी का आगाज करते हुए 77 रन बनाए। उन्होंने सुपर आठ चरण से तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए सेमीफाइनल में इंग्लैंड और फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ अर्धशतकीय पारियां खेलीं।
झारखंड को बनाया था चैंपियन
ईशान किशन फिटनेस और उपलब्धता संबंधी समस्याओं के कारण करीब दो साल तक टीम से बाहर रहे। उन्होंने हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन किया है। शीर्ष क्रम के इस बल्लेबाज ने फाइनल में शतक लगाकर झारखंड को खिताब दिलाया। पहली बार ईशान किशन की कप्तानी में झारखंड ने दिसंबर 2025 को हरियाणा को 69 रनों से हराकर सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब जीता।
आईपीएल 28 मार्च से शुरू होगा जिसमें मौजूदा चैंपियन आरसीबी उद्घाटन मैच में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना करेगा। यह मैच पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।





साइन इन