हर्षित राणा BCCI इवेंट में बैसाखी के सहारे पहुंचे, घुटने की चोट के कारण कोलकाता के लिए नहीं खेल पाएंगे
तेज गेंदबाज हर्षित राणा बीसीसीआई नमन पुरस्कार 2026 समारोह में बैसाखियों के सहारे चलते नजर आए। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक वह अगले सीजन से बाहर हो गए हैं। हालांकि कोलकाता की तरफ से आधिकारिक बयान का इंतजार है।

आईपीएल के अगले सीजन का आगाज अगले सप्ताह से होने वाला है। जिसके लिए ज्यादातर फ्रेंचाइजी ने तैयारी शुरू कर दी है। हालांकि कुछ टीमों को खिलाड़ियों की उपलब्धता को लेकर संशय बरकरार है। जिसमें कोलकाता नाइट राइडर्स के तेज गेंदबाज हर्षित राणा का भी नाम शामिल है, जोकि चोट से जूझ रहे हैं। आईपीएल 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए मुश्किलें बढ़ने वाले हैं क्योंकि तेज गेंदबाज हर्षित राणा बीसीसीआई नमन पुरस्कार 2026 समारोह में बैसाखी के सहारे चलते हुए नजर आए। जिसके बाद तेज गेंदबाज की उपलब्धता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
क्रिकबज ने सोमवार को बताया है कि तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोट के कारण आईपीएल 2026 से बाहर हो गए हैं। तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने 15 मार्च को समारोह में हिस्सा लिया, लेकिन सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय डेब्यू (पुरुष) का पुरस्कार लेने के लिए मंच पर चलकर नहीं जा सके। आईपीएल चेयरमैन अरुण धुमाल खुद मंच से नीचे उतरकर राणा के पास गए और उन्होंने उन्हें यह सम्मान सौंपा। इवेंट में हर्षित राणा के बैसाखियों के साथ पहुंचने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। हर्षित ने 2024 में कोलकाता नाइट राडर्स को खिताब जिताने में 19 विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई थी और 2025 में भी 15 विकेट चटकाए थे।
भारत के सबसे होनहार तेज गेंदबाज़ों में से एक माने जाने वाले हर्षित पिछले दो सालों से नेशनल सेटअप में रेगुलर रहे हैं और उन्हें भविष्य का स्टार माना जाता है। हालांकि टी20 विश्व कप 2026 के शुरू होने से ठीक एक दिन पहले उनके घुटने में चोट लग गई, जिससे वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। राणा ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच में केवल एक ओवर डाला, जिसमें उन्होंने 16 रन दिए और उसके बाद घुटने की चोट के कारण मैदान से बाहर चले गए।
मुस्तफिजुर रहमान पहले ही टीम का हिस्सा नहीं हैं और श्रीलंका के मथीशा पथिराना भी अपनी फिटनेस से जूझ रहे हैं। इसके बावजूद कोलकाता नाइट राइडर्स हर्षित राणा और मथीशा पथिराना के लिए रिप्लेसमेंट नहीं तलाशेगी। नाइट राइडर्स प्रबंधन का मानना है कि उनके पास तेज गेंदबाजी के पर्याप्त विकल्प मौजूद हैं। टीम में पहले से ही चार भारतीय तेज गेंदबाज वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक, कार्तिक त्यागी और आकाश दीप शामिल हैं।





साइन इन