टी20 विश्व कप में सुपर फ्लॉप रहे जोस बटलर को IPL में लय में लौटने की क्यों उम्मीद? GT के स्टार ने खुद बताया
इंग्लैंड के शीर्ष बल्लेबाज जोस बटलर ने कहा है कि टी20 विश्व कप के निराशाजनक अभियान के बाद कुछ दिन तक क्रिकेट से दूर रहने से उन्हें इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में मदद मिलेगी जिसमें वह गुजरात टाइटन्स के साथ एक नई शुरुआत करना चाहते हैं।

इंग्लैंड के शीर्ष बल्लेबाज जोस बटलर ने कहा है कि टी20 विश्व कप के निराशाजनक अभियान के बाद कुछ दिन तक क्रिकेट से दूर रहने से उन्हें इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में मदद मिलेगी जिसमें वह गुजरात टाइटन्स के साथ एक नई शुरुआत करना चाहते हैं।
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान बटलर को टीम का समर्थन मिलता रहा, भले ही भारत और श्रीलंका में खेले गए टी20 विश्व कप के दौरान वह रन बनाने के लिए संघर्ष करते रहे थे।
विश्व कप में इंग्लैंड की ओर से पारी की शुरुआत करते हुए बटलर ने आठ मैचों में केवल 87 रन बनाए। उनका औसत 10.87 और स्ट्राइक रेट 116 रहा। इंग्लैंड की टीम मुंबई में सेमीफाइनल में भारत से हारने के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी।
इस 35 वर्षीय खिलाड़ी को उम्मीद है कि पांच मार्च को सेमीफाइनल में हारने के बाद उन्हें विश्राम करने का जो मौका मिला है उससे उन्हें 28 मार्च से शुरू होने वाले आईपीएल में मदद मिलेगी।
बटलर ने 'फॉर द लव ऑफ क्रिकेट' पॉडकास्ट पर कहा, ‘मैं क्रिकेट से पूरी तरह दूर रहा। यह उस समय मेरे लिए बिल्कुल सही था। मुझे ठीक इसी की जरूरत थी।’
उन्होंने कहा, ‘जाहिर है विश्व कप में मैं जिस तरह का प्रदर्शन करना चाहता था वैसे नहीं कर पाया। मुझे क्रिकेट से कुछ समय के लिए दूर रहने और खेल के बारे में न सोचने की जरूरत महसूस हुई। उस सप्ताह मैं क्रिकेट से पूरी तरह से दूर रहा। इससे मुझे काफी ताजगी मिली।’
आईपीएल 2022 का विजेता गुजरात टाइटन्स 31 मार्च को पंजाब किंग्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा।
बटलर ने कहा, ‘धीरे-धीरे लेकिन निश्चित रूप से मैं थोड़ा आत्मचिंतन करना शुरू कर रहा हूं और इस बारे में कुछ सोच रहा हूं कि मेरे लिए और मेरे क्रिकेट के लिए क्या महत्वपूर्ण है। यह वैसा क्यों नहीं हुआ जैसा मैं चाहता था।’
जोस बटलर का आईपीएल में बहुत ही शानदार रिकॉर्ड रहा है। गुजरात टाइटंस का ये खिलाड़ी मुंबई इंडियंस की तरफ से भी 2 सीजन खेल चुका है। बटलर 2018 से 2024 तक लगतार 7 सीजन तक राजस्थान रॉयल्स के मजबूत स्तंभ रहे थे। आईपीएल 2025 में वह गुजरात टाइटंस के साथ जुड़े।
बटलर ने अब तक आईपीएल में 121 मैच खेले हैं जिनमें 40 के शानदार औसत और 149.38 की स्ट्राइक रेट से उन्होंने 4120 रन बनाए हैं। आईपीएल में उनके नाम 24 अर्धशतक और 7 शतक भी हैं।
पिछले सीजन में उनके प्रदर्शन की बात करें तो गुजरात टाइटंस की तरफ से खेलते हुए आईपीएल 2025 में उन्होंने 14 मैच में 59.78 के जबरदस्त औसत और 163.03 के स्ट्राइक रेट से 538 रन बनाए थे। पिछले सीजन में उनके बल्ले से कोई शतक तो नहीं निकला था लेकिन उन्होंने 5 अर्धशतक जड़े थे।
(भाषा से इनपुट के साथ)
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन