IPL में CSK को सबसे ज्यादा बार लगातार किस टीम ने हराया है? RCB भी लिस्ट में हुई शामिल
आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स को लगातार सबसे ज्यादा बार किस टीम ने हराया है, आइए आज हम आपको इसके बारे में जानकारी देते हैं। इस सूची में अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू भी शामिल हो गई है।

रविवार को खेले गए आईपीएल 2026 के 11वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने चेन्नई सुपर किंग्स को 43 रनों से हरा दिया। चेन्नई के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर पहले गेंजबाजी करने का फैसला किया। पहले बैटिंग करते हुए आरसीबी के सभी बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 250 रन बना डाले। 251 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स 19.4 ओवर में 207 रनों पर ही ऑलआउट हो गई।
CSK के खिलाफ सबसे ज्यादा बार लगातार जीत हासिल करने वाली टीमें
आरसीबी इस जीत के साथ सीएसके के खिलाफ सबसे ज्यादा बार लगातार जीत हासिल करने वाली टीमों की लिस्ट में शामिल हो गई। साल 2024 के आईपीएल सीजन से लेकर अब तक आरसीबी ने सीएसके को हर बार हराया है। इन दोनों टीमों का पिछले दो सालों में चार बार आमना-सामना हुआ है, जिसमें से आरसीबी ने सभी चार मुकाबलों में जीत हासिल की है। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ लगातार सबसे ज्यादा जीत हासिल करने वाली टीमों की सूची में मुंबई इंडियंस पहले स्थान पर हैं। ब्लू आर्मी ने 2018 से लेकर 2019 के बीच में चेन्नई सुपर किंग्स को लगातार पांच बार हराया था। सूची में दूसरे स्थान पर पंजाब किंग्स है, जिसने 2021 से 2024 तक चेन्नई सुपर किंग्स को पांच बार हराया।
2020-2021 में दिल्ली कैपिटल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को लगातार चार मैचों में मात दी थी। इसके बाद राजस्थान रॉयल्स ने 2021-2023 के बीच में चार बार येलो आर्मी को लगातार शिकस्त दी थी। अब इस सूची में आरसीबी का नाम शामिल हो गया है। गत वर्ष विजेता टीम ने चेन्नई सुपर किंग्स को 2024 से लेकर 2026 के बीच में लगातार 4 बार शिकस्त दी है।
पिछले मैच में अपनी दमदार जीत के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की टीम अंक तालिका में शीर्ष पहुंच गई है। आईपीएल 2026 में ऑरेंज कैप दिल्ली कैपिटल्स के युवा बल्लेबाज समीर रिजवी के नाम है। उन्होंने 2 मैचों में 160 रन बनाए हैं और टॉप पर बने हुए हैं। रिजवी ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ इस सीजन के अपने पहले मुकाबले में 70 रनों की पारी खेली थी और उसके बाद मुंबई इंडियंस के खिलाफ 51 गेंदों में 90 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली थी। आईपीएल 2026 में पर्पल कैप रवि बिश्नोई के सिर पर है। बिश्नोई ने 2 मैचों में 5 विकेट हासिल किए हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन