विराट कोहली ने IPL में ठोकी अपनी सबसे तेज फिफ्टी, 10 साल बाद ये 'मनहूसियत' हुई समाप्त
Virat Kohli IPL 2026 Final: विराट कोहली ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ खिताबी मुकाबले में शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। स्टार बल्लेबाज कोहली ने आईपीएल में 10 साल से चला आ रहा एक सूखा समाप्त किया।

स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का रविवार को आईपीएल 2026 फाइनल में बल्ला गरजा और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को लगातार दूसरी ट्रॉफी जिताने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने गुजरात टाइटंस (जीटी) के खिलाफ शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। कोहली ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 42 गेंदों में 9 चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 75 रन बनाए। उन्होंने 25 गेंदों में पचासा पूरा किया था। यह कोहली की इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में सबसे तेज फिफ्टी है। उन्होंने 2018 में राजस्थान रॉयल्स (आरआरआर) के विरुद्ध 26 गेंदों में अर्धशतक ठोका था। 37 वर्षीय कोहली ने मौजूदा सीजन में पांचवां और आईपीएल करियर का 67वां अर्धशतक लगाया।
10 साल बाद ये 'मनहूसियत' हुई समाप्त
कोहली ने 10 साल से चली आ रही एक 'मनहूसियत' समाप्त कर दी है। उन्होंने आईपीएल प्लेऑफ में अर्धशतक जड़ने का सूखा खत्म किया है। कोहली ने इससे पहले 2016 में आईपीएल में अर्धशतक लगाया था। उन्होंने तब 35 गेंदों में 54 रन जोड़े थे और आरसीबी को फाइनल में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के हाथों हार मिली थी। कोहली आईपीएल फाइनल में संयुक्त रूप से दूसरा सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाले प्लेयर बन गए हैं। क्रिसे गेल और रोहित शर्मा भी 25 गेंदों में फिफ्टी जमा चुके हैं। वहीं, सुरेश रैना, डेविड वॉर्नर और वेंकटेश अय्यर ने 24 गेंदों में अर्धसतक जमाने का कमाल किया।
IPL फाइनल में सबसे तेज फिफ्टी
24 - सुरेश रैना (सीएसके) बनाम एमआई, नवी मंबई, 2010
24 - डेविड वॉर्नर (एसआरएच) बनाम आरसीबी, बेंगलुरु, 2016
24 - वेंकटेश अय्यर (केकेआर) बनाम एसआरएच, चेन्नई, 2024
25 - रोहित शर्मा (एमआई) बनाम सीएसके, कोलकाता, 2015
25 - क्रिस गेल (आरसीबी) बनाम एसआरएच, बेंगलुरु, 2016
25 - विराट कोहली (आरसीबी) बनाम जीटी, अहमदाबाद, 2026
IPL फाइनल में विराट कोहली
7 रन (8 गेंद) बनाम डेक्कन चार्जर्स, 2009
35 रन (32 गेंद) बनाम चेन्नई सुपर किंग्स, 2011
54 रन (35 गेंद) बनाम सनराइजर्स हैदराबाद, 2016
43 रन (35 गेंद) बनाम पंजाब किंग्स, 2025
75* रन (42 गेंद) बनाम गुजरात टाइटंस 2026
कोहली ने यूं दिलाई आरसीबी को जीत
आरसीबी ने फाइनल में 156 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पांच विकेट से जीत दर्ज की। विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर ने आरसीबी को तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 62 रनों की पार्टनरशिप की। अय्यर ने 16 गेंदों में चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 32 रन जुटाए। उन्हें मोहम्मद सिराज ने पांचवें ओवर में पवेलियन की राह दिखाई। देवदत्त पडिक्कल (1) का बल्ला नहीं चला। कप्तान रजत पाटीदार (13 गेंदों में 15) बड़ी पारी नहीं खेल पाए। पाटीदार और क्रुणाल पांड्या (1) को नौवें ओवर में राशिद खान ने आउट किया। कोहली ने टिम डेविड (17 गेंदों में 24) के संग चौथे विकेट के लिए 41 रनों की साझेदारी की। डेविड 14वें ओवर में आउट हुए, जिसके बाद कोहली ने आरसीबी को जीत की दहलीज पार कराई। आरसीबी ने 18 ओवर में पांच विकेट पर 161 रन बनाए। कोहली ने विजयी छक्का लगाया। विकेटकीपर जितेश शर्मा 14 गेंदों में 11 रन बनाकर नाबाद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन