‘आ जाओ स्ट्राइक रेट के दीवानों’, किंग कोहली ने 18 साल में जो नहीं किया, वो इस सीजन कर दिखाया
आईपीएल 2026 में विराट कोहली ने अपने करियर की वह खास उपलब्धि हासिल की है, जो पिछले 18 सीजन में नहीं कर सके थे। उन्होंने इस सीजन अपने करियर की सबसे बेहतरीन स्ट्राइक रेट के साथ बल्लेबाजी की है और खास कारनामा कर दिखाया है।

आईपीएल 2026 का कारवां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के ट्रॉफी जीतने के साथ ही समाप्त हो चुका है। इस सीजन आरसीबी के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने कमाल की बल्लेबाजी करते हुए अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ स्ट्राइक रेट हासिल की। विराट कोहली आईपीएल 2026 में ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते नजर आए। उन्होंने इस सीजन वह कारनामा कर दिखाया जो पिछले 18 सालों में नहीं कर सके थे। किंग कोहली कभी भी आईपीएल के इतिहास में इस सीजन से पहले 160 से अधिक की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी नहीं कर पाए थे, लेकिन अपने उम्र के 37वें साल में उन्होंने यह कमाल कर दिखाया।
आईपीएल 2026 में हासिल किया सर्वश्रेष्ठ करियर स्ट्राइक रेट
आईपीएल 2026 में विराट कोहली ने कुल 16 परियां खेलीं जिसमें 56.25 की औसत और 165.85 की शानदार स्ट्राइक रेट के साथ कुल 675 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 73 चौके और 25 छक्के भी जड़े। उनका सर्वोच्च स्कोर आईपीएल 2026 में नाबाद 105 रन रहा। विराट कोहली ने आईपीएल 2026 में अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ स्ट्राइक रेट हासिल की। उन्होंने इस सीजन 165 से अधिक की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। इससे पहले विराट कोहली के लिए उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ स्ट्राइक रेट वाला सीजन साल 2024 रहा था जिसमें उन्होंने 154.70 की स्ट्राइक रेट के साथ 15 पारियों में 741 रन बनाए थे और ऑरेंज कैप भी जीती थी। इसके अलावा उन्होंने साल 2016 में (जिस सीजन 973 रन रिकॉर्ड बनाए था) 152.003 की स्ट्राइक रेट के साथ बल्लेबाजी की थी। इन तीनों सीजन से इतर विराट कोहली के लिए आईपीएल करियर के बाकी साल का स्ट्राइक रेट 150 से कम ही रहा है। साल 2008 से लेकर 2026 तक विराट कोहली का करियर स्ट्राइक रेट कैसा रहा है पूरा जानिए।
2008 से लेकर 2012 तक ऐसा रहा विराट कोहली का सफर
विराट कोहली ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत साल 2008 में की थी, जिसमें उन्होंने कुल 13 मैच खेले थे और 165 रन 105.009 की स्ट्राइक रेट के साथ बनाए थे। 2009 भी विराट कोहली के लिए उतना अच्छा नहीं गया था और उन्होंने 16 पारियों में 112.32 की स्ट्राइक रेट के साथ 246 रन बनाए थे। साल 2010 में विराट कोहली ने 16 पारियों में 144.81 की स्ट्राइक रेट के साथ 307 रन बनाए थे। 2011 के सीजन में विराट कोहली ने अच्छी बल्लेबाजी की थी लेकिन उनका स्ट्राइक रेट इस सीजन कम था। उन्होंने 16 मैचों में 121.08 की स्ट्राइक रेट के साथ 557 रन बनाए थे। साल 2012 भी विराट कोहली के लिए अच्छा नहीं रहा था और उन्होंने 16 पारियों में 111.65 की स्ट्राइक रेट के साथ 364 रन बनाए थे।
2013 से लेकर 15 तक विराट के रन और स्ट्राइक रेट
2013 में विराट कोहली का स्ट्राइक रेट 138.73 रहा था और उन्होंने कुल 16 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 634 रन बनाए थे। विराट कोहली ने साल 2014 में 122.10 की स्ट्राइक रेट के साथ बल्लेबाजी करते हुए 14 पारियों में 359 रन बनाए थे। किंग कोहली ने साल 2015 के सीजन में 500 से अधिक रन बना दिए थे। उन्होंने 130.52 की स्ट्राइक रेट के साथ 16 पारियों में 505 रन बनाए थे।
ऐतिहासिक रहा 2016 का सीजन, बना दिया महारिकॉर्ड
2016 का सीजन विराट कोहली के लिए ऐतिहासिक रहा था, लेकिन फिर भी वह इस सीजन ट्रॉफी जीतने में असफल रहे थे। इस सीजन किंग कोहली ने तबाही मचाते हुए 16 पारियों में चार शतकों की मदद से रिकॉर्ड 973 रन बनाए थे, जो कि आज भी एक महान कीर्तिमान है। इस सीजन विराट कोहली ने 152.03 की स्ट्राइक रेट के साथ बल्लेबाजी की थी। विराट कोहली के इस महा रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए अभी कोई बल्लेबाज पास भी नहीं पहुंच सका है।
2017 से लेकर 2023 तक का विराट सफर
साल 2017 में किंग कोहली ने 122.22 की स्ट्राइक रेट के साथ कुल 308 रन बनाए थे। वहीं, साल 2018 में 139.19 की स्ट्राइक रेट के साथ 503 रन उनके बल्ले से निकले थे। 2019 तुलनात्मक रूप से विराट कोहली के लिए अच्छा रहा था, जिसमें उन्होंने 141.46 स्ट्राइक रेट के साथ 14 पारियों में 464 रन बनाए थे। साल 2020 में विराट कोहली के बल्ले से 121.35 की स्ट्राइक रेट के साथ 466 रन 15 पारियों में निकले थे। साल 2021 में विराट कोहली ने 15 पारियों में 119.46 की स्ट्राइक रेट के साथ 405 रन बनाए थे। यह सीजन उनका अच्छा नहीं रहा था। वहीं साल 2022 में भी उनके बल्ले से 115.99 की स्ट्राइक रेट के साथ 341 रन निकले थे। विराट कोहली ने साल 2023 में 14 पारियों में 139.82 के स्ट्राइक रेट के साथ 639 रन बनाए थे।
2024 से खेलने के अंदाज में किया परिवर्तन और फिर मचाया तूफान
किंग कोहली ने साल 2024 से अपने T20 क्रिकेट खेलने के अंदाज को इंप्रूव किया है और इसका असर उनके स्ट्राइक रेट पर भी देखने को मिल रहा है। उन्होंने साल 2024 में 15 पारियों में 154.70 की शानदार स्ट्राइक रेट के साथ 741 रन बनाए थे और ऑरेंज कैप भी अपने नाम की थी। विराट कोहली के लिए साल 2025 भी अच्छा रहा था और जिसमें आरसीबी पहली बार चैंपियन बनी थी। इस सीजन कोहली ने 144.71 की स्ट्राइक रेट के साथ 15 मैचों में 657 रन बनाए थे। साल 2026 तो विराट कोहली के लिए कमाल कर रहा है, जिसमें उन्होंने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ स्ट्राइक रेट हासिल की है। 165.85 की कमाल के स्ट्राइक रेट के साथ 675 रन बनाए हैं।
ऐसा है विराट कोहली का ओवरऑल आईपीएल करियर
विराट कोहली के ओवरऑल आईपीएल करियर की बात करें तो उन्होंने इस लीग के कुल 19 सीजन खेले हैं, जिसमें 283 मैचों में शिकरत करते हुए 134. 80 की स्ट्राइक रेट और 40.42 की औसत के साथ कुल 9336 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 9 शतक और 68 अर्धशतक जड़े हैं। विराट कोहली ने आईपीएल में 844 चौके और 316 छक्के जड़े हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन