वैभव सूर्यवंशी इंडिया डेब्यू का हकदार, BCCI को IPL से मिला ऑफर; खतरे में सचिन का रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी का आईपीएल 2026 में लगातार बल्ला बोल रहा है। उन्होंने आरसीबी के खिलाफ भी तूफानी बल्लेबाजी की। 15 वर्षीय क्रिकेटर को लेकर आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल ने बड़ी बात कही है।

वैभव सूर्यवंशी ने कम वक्त में क्रिकेट जगत में सनसनी मचा दी है। 15 वर्षीय वैभव आईपीएल 2026 में भी धमाल मचा रहे हैं। वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन में चार मैचों में 200 रन बना चुके हैं, जिसमें 266.66 का स्ट्राइक रेट रहा। उनके बल्ले से दो अर्धशतक निकले। रॉजस्थान रॉयल्स (आरआर) का हिस्सा सूर्यवंशी ने शुक्रवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ तूफानी बल्लेबाजी की। उन्होंने 26 गेंदों में 8 चौकों और सात छक्कों की मदद से 78 रनों की पारी खेली और आरआर ने 202 का टारगेट दो ओवर बाकी रहते चेज कर लिया। वह प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) को सूर्यवंशी को लेकर आईपीएल से ऑफर मिला है। आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल ने सूर्यवंशी को टीम इंडिया डेब्यू का हकदार करार दिया है। फिलहाल, महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम भारत के लिए सबसे कम उम्र में डेब्यू करने का रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने 16 साल और 205 दिन की उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू किया था।
'वैभव सूर्यवंशी के नाम होना चाहिए ये रिकॉर्ड '
अरुण धूमल ने आरआर बनाम आरसीबी मैच के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स'पर लिखा, ''आईपीएल 2026 सीजन में वैभव सूर्यवंशी क्या कमाल की बैटिंग कर रहे हैं। परफॉर्मेंस को देखते हुए यह टैलेंटेड खिलाड़ी टीम इंडिया के लिए सबसे कम उम्र में डेब्यू करने का हकदार है। ऐसा बहुत कम होता है कि आपको इतने प्रतिभाशाली और इतने कम उम्र के खिलाड़ी को चुनने का मौका मिले। निश्चित रूप से उनका नाम इंडिया के लिए सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी के तौर पर दर्ज होना चाहिए।'' आईपीएल चेयरमैन की पोस्ट पर एक यूजर ने कमेंट किया, ''सूर्यवंशी को इंडिया डेब्यू का मौका देने का सही समय है।'' अन्य ने कहा, ''बच्चे से बच्चे के रहना। वैभव सूर्यवंशी अविश्वसनीय टैलेंट हैं।''
इंटरनेशनल डेब्यू के पात्र हो चुके सूर्यवंशी
सूर्यवंशी 15 साल के होने के बाद सीनियर पुरुष टीम के लिए खेलने के पात्र हो चुके हैं। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अंडर-19 टीम के लिए जमकर रन बनाए हैं, जिसमें वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में 175 रन की पारी भी शामिल है। सूर्यवंशी अब आईपीएल में धाकड़ गेंदबाजों की बखिया उधेड़ने में तनिक नहीं हिचकिचा रहे हैं। पिछले मैच में जहां उन्होंने एमआई के जसप्रीत बुमराह का मानमर्दन किया तो आरसीबी इस बार जोश हेजलवुड की बारी थी। टेस्ट क्रिकेट के दिग्गज हेजलवुड की गेंदों पर सूर्यवंशी ने लगातार तीन चौके जड़े। क्रिकेट जगत में जहां 200 के स्ट्राइक रेट की बात होती है, सूर्यवंशी ने 300 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए। ऐसा लग रहा है मानो वह रिकॉर्ड बुक में नाम दर्ज कराने ही नहीं बल्कि आक्रामक बल्लेबाजी की नई परिभाषा गढ़ने के इरादे से मैदान पर उतरते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन