RCB फैंस के साथ अन्याय हुआ, IPL फाइनल बेंगलुरु में नहीं होने पर शिवकुमार हुए आगबबूला
कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी जीतने पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम को बधाई दी है। हालांकि उन्होंने कहा है कि आईपीएल फाइनल के वेन्यू के बदलने से बेंगलुरु के फैंस के साथ अन्याय हुआ है।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने रविवार को आईपीएल 2026 फाइनल में गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। बेंगलुरु की टीम 17 साल तक ट्रॉफी का इंतजार करने के बाद लगातार दूसरी बार चैंपियन बन गई है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में आरसीबी के गेंदबाजों ने गुजरात टाइटंस को आठ विकेट पर 155 रन ही बनाने दिए। फिर टीम ने कोहली की बदौलत यह लक्ष्य 18 ओवर में पांच विकेट पर 161 रन बनाकर हासिल कर लिया। मैच खत्म होने के बाद कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने आईपीएल फाइनल के वेन्यू को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि अगर फाइनल बेंगलुरु में खेला जाता तो आरसीबी के फैंस के लिए यह एक बहुत बड़ा और शानदार पल होता।
कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने आईपीएल वेन्यू में हुए बदलाव को लेकर कड़ा ऐतराज जताया है। उनका मानना है कि आईपीएल फाइनल के वेन्यू के बदलने से बेंगलुरु के फैंस के साथ अन्याय हुआ है। डीके शिवकुमार ने कहा, "आरसीबी का मैच बेंगलुरु में होना था। हमारे साथ अन्याय हुआ है। राजनीति की वजह से वे इसे वहां (अहमदाबाद) ले गए हैं। अब मैं इससे ज्यादा कुछ नहीं कहूंगा।''
उन्होंने आगे कहा, ''आरसीबी के खिलाड़ियों के लिए, आरसीबी टीम के लिए, उन्होंने मैच जीत लिया। उन्होंने इस साल भी बहुत अच्छा खेला है। कर्नाटक के प्रशंसकों की ओर से, आरसीबी के फैंस की ओर से, पूरे कर्नाटक राज्य की ओर से और सरकार की ओर से मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।'' कांग्रेस के दिग्गज नेता डी.के. शिवकुमार तीन जून को कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।
बेंगलुरु को मूल रूप से एक प्लेऑफ और आईपीएल फाइनल की मेजबानी करनी थी, क्योंकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु डिफेंडिंग चैंपियन थे। हालांकि बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा था कि बोर्ड केएससीए की मांगों के पैमाने से हैरान था, जो कथित तौर पर आईपीएल नियमों और सुप्रीम कोर्ट के दिशानिर्देशों के तहत अनुमत 15 प्रतिशत मुफ़्त टिकट कोटे से कहीं ज्यादा थीं। बीसीसीआई ने आधिकारिक तौर पर आईपीएल फाइनल को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शिफ्ट कर दिया था, जबकि प्लेऑफ मैच धर्मशाला और नए चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्टेडियम में खेले गए।
अहमदाबाद के चयन का बचाव करते हुए सैकिया ने कहा था कि नरेंद्र मोदी स्टेडियम आईपीएल फ़ाइनल के लिए सबसे उपयुक्त था, क्योंकि इसकी विशाल क्षमता 1.32 लाख से ज्यादा दर्शकों की है और टिकटों की वैश्विक मांग भी बहुत ज़्यादा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन