then pundits would have wanted him to be dropped Mohammad Kaif on Tilak Varma s Knock mi vs gt ipl 2026 तब तो तिलक वर्मा को टीम से बाहर करने की डिमांड होने लग जाती: मोहम्मद कैफ, Ipl Hindi News - Hindustan

तब तो तिलक वर्मा को टीम से बाहर करने की डिमांड होने लग जाती: मोहम्मद कैफ

तिलक वर्मा ने सोमवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुंबई इंडियंस को ऐसी शानदार जीत दिलाई जिसकी टीम को शिद्दत से इंतजार था। उन्होंने 45 गेंदों में नाबाद 101 रन बनाए। उनकी तारीफ करते हुए पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ का कहना है कि अगर गियर बदलने से पहले वह आउट हो जाते तो उन्हें बाहर करने की मांग होने लगती।

Tue, 21 April 2026 11:59 AMChandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
तब तो तिलक वर्मा को टीम से बाहर करने की डिमांड होने लग जाती: मोहम्मद कैफ

आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ शानदार नाबाद शतक से मुंबई इंडियंस को बहुप्रतीक्षित जीत दिलाने वाले तिलक वर्मा की खूब तारीफें हो रही हैं। शतकीय पारी में वर्मा का मास्टरक्लास दिखा। शुरुआत में वह धीमा और संभलकर खेले लेकिन एक बार जब गियर बदला तब गुजरात टाइटंस की गेंदबाजी की धज्जियां उड़ाकर रख दी। पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने तिलक वर्मा की पारी की तारीफ करते हुए कहा है कि अगर वह शुरुआती 22 गेंदों में 19 रन बनाने के बाद ही आउट हो गए होते तो उन्हें टीम से निकालने की मांग होने लगती। मुंबई के लिए मुश्किल समय में उन्होंने शानदार पारी खेलकर दिखाया है कि उन्हें खुद के खेल पर कितना यकीन है।

'पंडित उन्हें टीम से निकालने के लिए कहने लगते'

मोहम्मद कैफ ने इंस्टाग्राम पर अपना एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, ‘अगर तिलक वर्मा शुरुआती 21 गेंदों में 19 रन बनाकर आउट हो गए होते तो पंडित उन्हें टीम से निकालने के लिए कहने लगते। लेकिन उन्होंने 45 गेंदों में 101 रन जड़ दिए। उन्होंने पहले भी ऐसा किया है।’

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:22 गेंदों पर 19 रन बनाकर जूझ रहे थे तिलक वर्मा, टाइमआउट ने कैसे बदली कहानी?
IPL 2026 News in Hindi - आईपीएल 2026 न्यूज़,आईपीएल समाचार

वीडियो में कैफ बताते हैं कि तिलक वर्मा ने ऐसा कारनामा कोई पहली बार नहीं किया है। पिछले साल एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ उनकी खेली गई यादगार पारी का जिक्र करते हुए कैफ ने कहा, 'तिलक वर्मा के सामने हारिस रऊफ। एशिया कप का फाइनल। 6 बॉल में 10 रन चाहिए थे जीतने के लिए और दूसरी बॉल पर छक्का जड़ देते हैं तिलक वर्मा। 142 की स्पीड थी उस गेंद की। तिलक वर्मा 69 नाबाद बनाकर मैच जिताकर आते हैं।'

तिलक वर्मा की तारीफ में पढ़े कसीदे

मोहम्मद कैफ आगे कहते हैं, ‘तिलक वर्मा ऐसे ही खेलते हैं। पहले वह टाइम लेते हैं। टेंपरामेंट दिखाते हैं और उसके बाद में वह गियर बदलते हैं,। मैच कहां है, किसके खिलाफ है, इससे फर्क नहीं पड़ता है। गुजरात टाइटंस के खिलाफ भी सेम काम किया। पहले 19 रन 21 गेंदों थी। वह पहले टेंपरामेंट दिखाते हैं, टाइम लेते हैं, आंख जमाते हैं और जब मारने पर आते हैं तो अगली 24 गेंदों में 82 रन ठोकते हैं। 8 चौके, 7 छक्के। 45 गेंदों में नाबाद 101 रन बनाते हैं। सामने गुजरात के गेंदबाज थे- रबाडा, सिराज, राशिद खान। आईपीएल की बेस्ट बोलिंग अटैक के खिलाफ।’

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ऑरेंज कैप की रेस में नंबर-1 बनने से चूके गिल, तिलक वर्मा ने लगाई लंबी छलांग

'तिलक वर्मा खुद दबाव में थे लेकिन उन्हें खुद पर यकीन था'

कैफ ने कहा कि वर्मा के ऊपर भी दबाव था लेकिन उन्हें खुद पर यकीन था। उन्होंने कहा, ‘मुंबई की हालत खराब थी। 4 मैच हार चुकी थी और जीत के लिए बेचैन थी। तिलक वर्मा के रन बने नहीं थे। पंजाब के खिलाफ वह 7वें नंबर पर उतरे थे। प्रेशर उनके ऊपर था लेकिन उन्हें खुद पर यकीन था। उन्होंने पहली बार ऐसा नहीं किया है।’

सोमवार को हुए मैच की बात करें तो मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2026 में लगातार 4 हार का सिलसिला तोड़ते हुए गुजरात टाइटंस को 99 रनों के विशाल अंतर से हराया। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तिलक वर्मा के नाबाद शतक की बदौलत 5 विकेट के नुकसान पर 199 रन का स्कोर खड़ा किया। वर्मा और नमन धीर के अलावा मुंबई का कोई बल्लेबाज कुछ भी खास नहीं कर पाया। धीर ने 32 गेंद में 45 रन बनाए। तिलक वर्मा ने शुरुआत बहुत संभलकर की लेकिन बाद में उन्होंने ऐसा गियर बदला कि गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों के जैसे होश ही उड़ गए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पांड्या का तिलक के लिए वो सीक्रेट मैसेज जिसने पलटी पूरी कहानी, किया खुलासा

जीत के लिए 200 रनों के लक्ष्य के आगे गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी बिखर गई। टीम 16वें ओवर में 100 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। मुंबई इंडियंस के लिए एक और अच्छी बात ये रही कि स्टार पेसर जसप्रीत बुमराह ने इस मैच के जरिए आईपीएल 2026 में चले आ रहे अपने विकेट के सूखे को खत्म किया। उन्होंने गुजरात टाइटंस की पारी के पहले ओवर की पहली ही गेंद पर ओपनर साई सुदर्शन को आउट करके मुंबई इंडियंस को पहली सफलता दिलाई। उस झटके से गुजरात की टीम अंत तक नहीं उबर पाई और उसे 99 रनों से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।