Tilak Varma was struggling at 19 off 22 balls but a timeout changed the course he exploded in the next 23 balls 22 गेंदों पर 19 रन बनाकर जूझ रहे थे तिलक वर्मा, टाइमआउट ने बदली कहानी; अगली 23 गेंदों पर उन्होंने धूम ही मचा दी, Cricket Hindi News - Hindustan

22 गेंदों पर 19 रन बनाकर जूझ रहे थे तिलक वर्मा, टाइमआउट ने बदली कहानी; अगली 23 गेंदों पर उन्होंने धूम ही मचा दी

तिलक की गाड़ी को धक्का लगाने का काम कप्तान हार्दिक पांड्या ने 14वें ओवर के बाद हुए टाइम आउट के दौरान किया। इसके बाद इस बल्लेबाज ने जो तबाही मचाई, उसने हर किसी को हैरान कर दिया।

Tue, 21 April 2026 07:15 AMLokesh Khera लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
22 गेंदों पर 19 रन बनाकर जूझ रहे थे तिलक वर्मा, टाइमआउट ने बदली कहानी; अगली 23 गेंदों पर उन्होंने धूम ही मचा दी

कई बार गाड़ी को चलाने के लिए एक धक्का ही काफी होता है। ऐसा ही नजारा हमें GT vs MI मैच के दौरान देखने को मिला। एक समय पर मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज तिलक वर्मा 19 गेंदों पर 22 रन बनाकर जूझ रहे थे। उन्होंने इस दौरान एक भी चौका-छक्का नहीं लगाया था। तिलक की गाड़ी को धक्का लगाने का काम कप्तान हार्दिक पांड्या ने 14वें ओवर के बाद हुए टाइम आउट के दौरान किया। इसके बाद इस बल्लेबाज ने जो तबाही मचाई, उसने हर किसी को हैरान कर दिया। तिलक वर्मा ने अगली 23 गेंदों पर 357 के स्ट्राइक रेट के साथ 82 रन बनाए और अपना पहला आईपीएल शतक पूरा किया। उन्होंने अपनी इस पारी में 8 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के लगाए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पांड्या का तिलक के लिए वो सीक्रेट मैसेज जिसने पलटी पूरी कहानी, किया खुलासा

लगातार चार मैच हारकर आ रही मुंबई इंडियंस को मेजबान गुजरात टाइटंस ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने के लिए कहा था।

मुंबई इंडियंस ने पावरप्ले में ही खो दिए थे 3 विकेट

मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। पिछले मैच के शतकवीर क्विंटन डी कॉक (13) समेत अपना पहला आईपीएल मैच खेल रहे दानिश मालेवार (2) सस्ते में पवेलियन लौट गए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए मिस्टर 360 के नाम से मशहूर सूर्यकुमार यादव (15) भी ज्यादा कुछ नहीं कर पाए। मुंबई ने पावरप्ले में ही इन टॉप-3 बल्लेबाजों को खो दिया था।

नंबर-5 पर बैटिंग करने आए तिलक वर्मा ने इसके बाद मुंबई इंडियंस की पारी को नमन धीर के साथ संभाला। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हुई। नमन भले ही अपने अर्धशतक से चूक गए हो, मगर उनके 45 रनों का योगदान बहुत बड़ा था। नमन 13वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा को पुल मारते हुए आउट हो गए। तिलक उस समय 18 गेंदों पर 16 रन बनाकर खेल रहे थे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:तिलक वर्मा का MI के लिए ऐतिहासिक कारनामा, अकेले दम पर गुजरात टाइटंस को धो डाला

तब मैदान पर एंट्री हार्दिक पांड्या की होती है। अशोक शर्मा के अगले 14वें ओवर में तिलक और हार्दिक की जोड़ी 5 ही रन बटौर पाती है जिसके बाद मुंबई की टीम टाइम आउट लेने का फैसला करती है।

हार्दिक पांड्या का मैसेज

अब मुंबई के पास 6 ओवर बाकी थे और उनका स्कोर 4 विकेट के नुकसान पर 103 रन था। टाइम आउट के दौरान हार्दिक पांड्या तिलक वर्मा को खुलकर खेलने को कहते हैं।

पांड्या ने मैच के बाद टाइम आउट के बारे में बात करते हुए कहा, “तिलक में जिस तरह का टैलेंट है, उसे सच में ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है। तो मैं उसे बस यही मैसेज देता रहा कि तुम बस बॉल को देखो और बॉल को हिट करो, चाहे कुछ भी हो, क्योंकि मुझे सच में लगता है कि उसके बैट से जिस तरह की बॉल निकलती है वह सच में कुछ खास है। अब समय आ गया था कि वह आए और कुछ करे।”

टाइमआउट के दौरान हार्दिक पांड्या के इस मैसेज ने पूरी कहानी ही पलट कर रख दी।

तिलक वर्मा की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी

तिलक वर्मा ने 15वें ओवर की पहली गेंद पर ही प्रसिद्ध कृष्णा को छक्का लगाया। इसकी अगली दो गेंदों पर बैक टू बैक बाउंड्री लगाकर उन्होंने कुल ओवर से 19 रन बटौरे। 16वां ओवर हार्दिक पांड्या ने खेला जिसमें सिर्फ 4 ही रन आए। मगर जब 17वें ओवर में तिलक को फिर से स्ट्राइक मिली तो उन्होंने राशिद खान की पहली दो गेंदों पर छक्का चौका लगाकर ओवर को बड़ा बना दिया। 17वें ओवर से मुंबई ने 15 रन बटौरे।

इसके बाद अटैक पर आते हैं अशोक शर्मा, जिन्होंने पहले 2 ओवर में मात्र 12 ही रन दिए थे। तिलक ने उनका स्वागत भी छक्के के साथ किया और 33वीं गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया। तिलक वर्मा ने इस ओवर में तीन गगनचुंबी छक्कों समेत दो चौके लगाए और कुल 26 रन बटौरे। यहां से एमआई 200 रनों का सपना सजा चुकी थी।

मोहम्मद सिराज के 19वें ओवर में हार्दिक और तिलक ने 1-1 चौका लगाया, मगर एमआई के कप्तान आउट हो गए। 19वें ओवर के बाद तिलक 40 गेंदों पर 80 रन बनाकर खेल रहे थे। उनके शतक की उम्मीद कम थी, मगर नामुमकिन नहीं।

तिलक वर्मा ने 20वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा को 2 छक्के और इतने ही चौके लगाकर अपना शतक पारी की आखिरी गेंद पर पूरा किया। तिलक ने कुल 45 गेंदों का सामना किया, जिसमें नाबाद 101 रन बनाए। इन 101 रनों में से आखिरी 23 गेंदों पर तिलक ने 357 के स्ट्राइक रेट से 82 रन बटौरे।

Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap in IPL 2026 और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule आज के बड़े मुकाबले PBKS vs MI Live Score और पल-पल के Live Cricket Score अपडेट्स के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी क्रिकेट अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।