CSK के खिलाफ छक्कों में ही डील करने का था RCB का प्लान, कप्तान ने बताई अंदर की बात
RCB के कप्तान रजत पाटीदार ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के टी20 मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को हराने के बाद कहा कि सोच स्पष्ट थी कि गेंदबाजों पर दबाव बनाना है और छक्के मारने हैं।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु यानी आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने बताया है कि चेन्नई सुपर किंग्स यानी सीएसके के खिलाफ उनकी टीम का प्लान क्या था? रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल 2026 के 11वें लीग मैच के बाद रजत पाटीदार ने चेन्नई सुपर किंग्स को हराने के बाद कहा कि सोच स्पष्ट थी कि गेंदबाजों पर दबाव बनाना है और छक्के मारने हैं।
टिम डेविड (नाबाद 70) और देवदत्त पडिक्कल (50 रन) के अर्धशतकों के बाद शानदार गेंदबाजी से आरसीबी ने सीएसके को 43 रन से शिकस्त दी। पाटीदार ने भी नाबाद 48 रन की पारी खेली, जबकि फिल सॉल्ट ने शुरू में 46 रन का योगदान दिया। पाटीदार ने मैच के बाद कहा, ''जीत के बाद काफी अच्छा महसूस हो रहा है। गेंद थोड़ा रुककर आ रही थी। विराट कोहली और सॉल्ट जिस तरह से खेले वो काफी शानदार था।''
उन्होंने कहा, ''मैंने नॉन स्ट्राइक छोर से कई सारे छक्कों का लुत्फ उठाया। मेरी सोच एकदम स्पष्ट थी कि गेंदबाज के ऊपर दबाव बनाना है। टिम डेविड विशेषज्ञ हैं और बेहतरीन 'फिनिशर' में से एक हैं। डेविड ने जो 106 मीटर का छक्का मारा, उस वक्त मैं केवल गेंद को देख रहा था।''
गेंदबाजों की तारीफ करते हुए पाटीदार ने कहा, ''क्रुणाल और सुयश विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। सुयश ने बेहतरीन चार ओवर डाले। मैं जब भी दबाव में होता हूं तो कृणाल की तरफ देखता हूं। मुझे उनके ऊपर पूरा विश्वास है। अब अगले मैच पर निगाहें लगी हैं। ''
सीएसके की टीम सरफराज खान के 50 रन के बावजूद 19.4 ओवर में 207 रन पर सिमट गई। उसके लिए प्रशांत वीर ने 43 रन और जेमी ओवरटन ने 37 रन बनाए। आरसीबी के लिए भुवनेश्वर कुमार सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने चार ओवर में 41 रन देकर तीन विकेट चटकाए। जैकब डफी, कृणाल पंड्या और अभिनंदन सिंह ने दो-दो विकेट प्राप्त किए। सूयश शर्मा को एक विकेट मिला।
यह सीएसके की लगातार तीसरी हार है। इस हार के बाद चेन्नई की टीम पॉइंट्स टेबल में सबसे आखिरी पायदान पर है, जो पहले से ही सबसे आखिरी स्थान पर विराजमान थी, क्योंकि पहले दोनों मैच भी बुरी तरह से सीएसके ने हारे थे। इन तीनों मैचों में एमएस धोनी नहीं खेले। एमएस धोनी चोट की वजह से शायद अगले कुछ मैच भी मिस कर सकते हैं। रुतुराज गायकवाड़ अब टीम के नियमित कप्तान हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन