रजत पाटीदार ने लिख दी ट्रॉफी जीतने की नई कहानी, धोनी और रोहित के क्लब में मारी एंट्री
IPL 2026 का फाइनल जीतकर आरसीबी और रजत पाटीदार ने उस क्लब में एंट्री कर ली है, जिसमें टीम के तौर पर सीएसके और एमआई थे और कप्तान के तौर पर एमएस धोनी और रोहित शर्मा थे।

इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल की ट्रॉफी उठाने के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु यानी आरसीबी ने 17 साल इंतजार किया था। 18वें साल में जाकर आरसीबी को आईपीएल की पहली ट्रॉफी नसीब हुई थी, लेकिन अब वही टीम लगातार दूसरी ट्रॉफी जीतने में सफल हुई है। 2025 के बाद 2026 में भी विराट कोहली की टीम चैंपियन बनी है और इस तरह एक नया कीर्तिमान स्थापित हो गया है। आरसीबी टीम और टीम के कप्तान रजत पाटीदार ने उस उपलब्धि को हासिल कर लिया है, जो अभी तक रोहित शर्मा की मुंबई इंडियंस और एमएस धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स के नाम दर्ज था।
दरअसल, आरसीबी लगातार दो आईपीएल टाइटल जीतने वाली तीसरी टीम बन गई है। चेन्नई सुपर किंग्स ने 2010 और 2011 में लगातार दो खिताब जीते थे, जबकि मुंबई इंडियंस ने 2019 और 2020 में इस ट्रॉफी पर कब्जा किया था। अब आरसीबी ने 2025 और 2026 में लगातार दो आईपीएल टाइटल जीतकर आईपीएल दिग्गज टीमों की फोहरिस्त में अपना नाम स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज करा लिया है। इसी के साथ रजत पाटीदार ने भी एक नया इतिहास रच दिया है। उस क्लब में रजत पाटीदार ने एंट्री की है, जिसमें अभी तक एमएस धोनी और रोहित शर्मा ही थे।
कप्तान रजत पाटीदार भी आईपीएल के इतिहास से तीसरे ऐसे कप्तान बन गए हैं, जिनकी कप्तानी में लगातार दो टाइटल किसी टीम ने जीते हैं। एमएस धोनी की कप्तानी में सीएसके ने 2010 और 2011 में दो आईपीएल टाइटल जीते थे, जबकि रोहित शर्मा की कप्तानी में एमआई ने 2019 और 2020 में लगातार दो बार ट्रॉफी उठाई थी। हालांकि, दो कप्तान ऐसे भी हैं, जो लगातार दो टाइटल जीतने से चूक गए थे। इनमें एक हैं हार्दिक पांड्या, जिन्होंने 2022 में ट्रॉफी जीती थी, लेकिन 2023 में वे फाइनल हार गए थे, जबकि लिस्ट दूसरे कप्तान लगातार दो फाइनल नहीं जीतने वाले श्रेयस अय्यर हैं।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स चैंपियन बनी थी, जबकि अगले साल यानी 2025 में पंजाब किंग्स को उन्होंने फाइनल में पहुंचाया था, लेकिन उनकी टीम फाइनल आरसीबी से हार गई थी। इस तरह दो कप्तान तो लगातार दो ट्रॉफी नहीं उठा पाए, लेकिन रजत पाटीदार तीसरे ऐसे कप्तान बन गए हैं, जिन्होंने लगातार दो सीजन आईपीएल की ट्रॉफी पर कब्जा किया है। हालांकि, विराट कोहली कभी भी अपनी टीम को बतौर कप्तान ट्रॉफी नहीं दिला सके थे, लेकिन अब उनकी किस्मत देखिए कि उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने दो ट्रॉफी लगातार जीती हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन