IPL 2026: विराट कोहली फाइनल में बने प्लेयर ऑफ द मैच, प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का नाम जानकर रह जाएंगे हैरान
विराट कोहली ने आईपीएल 2026 फाइनल में 75 रनों की यादगार पारी खेलते हुए आरसीबी को जीत दिलाई। उन्हें इस पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया। आईए जानते हैं प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट कौन बना।

रजत पाटीदार की अगुवाई वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव करते हुए आईपीएल 2026 की ट्रॉफी जीती। फाइनल में गुजरात टाइटंस ने आरसीबी के सामने जीत के लिए 156 रनों का मामूली टारगेट रखा था, जिसे डिफेंडिंग चैंपियन ने विराट कोहली की 75 रनों की मास्टर क्लास पारी के दम पर 12 गेंदें और 5 विकेट शेष रहते ही हासिल कर लिया। विराट कोहली के अलावा फाइनल में आरसीबी के गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और रसीक डर सलाम भी चमकें, जिन्होंने जीटी को इतने कम स्कोर पर रोकने में मदद की। मगर अंत में प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड विराट कोहली ही ले गए।
विराट कोहली आईपीएल फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीतने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने हैं। कोहली ने 37 साल 207 दिन की उम्र में यह अवॉर्ड जीता, वहीं आरसीबी के ही पूर्व कप्तान अनिल कुंबले इस लिस्ट में पहले पायदान पर हैं। 2009 में जब आरसीबी फाइनल में डेक्कन चार्जर्स से हारी थी तो उस मैच में कुंबले प्लेयर ऑफ द मैच बने थे।
IPL फाइनल में POTM जीतने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी
38 साल 219 दिन - अनिल कुंबले (RCB, 2009)
37 साल 207 दिन - विराट कोहली (RCB, 2026)
37 साल 94 दिन - फाफ डू प्लेसिस (CSK, 2021)
36 साल 344 दिन - शेन वॉटसन (CSK, 2018)
वैभव सूर्यवंशी बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
15 साल के वैभव सूर्यवंशी को प्लेयर ऑफ द यूर्नामेंट या मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर ऑफ द सीजन के अवॉर्ड से नवाजा गया। यह सीजन उनके लिए कमाल का रहा। आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें मात्र 1.10 करोड़ रुपए का खरीदा था। पहले सीजन वैभव को मात्र 7 ही मैच खेलने का मौका मिला था, मगर उन्होंने उस 7 मैचों में ही दिखा दिया था कि वह क्या कर सकते हैं।
आईपीएल 2026 में वैभव पहले मैच के लिए राजस्थान रॉयल्स के लिए ओपनिंग करने उतरे। 16 मैचों में 776 रनों के साथ वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने ऑरेंज कैप के साथ कुल 5 अवॉर्ड अपने नाम किए। वैभव सूर्यवंशी को इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन, सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन (237.3), सुपर सिक्स ऑफ द सीजन (72) का अवॉर्ड मिला। यह सीजन वैभव सूर्यवंशी के करियर को एक नई उड़ान देगा।
वैभव सूर्यवंशी ने इन अवॉर्ड्स के साथ 65 लाख का इनाम और एक टाटा कर्व कार भी जीती।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन