तो वैभव सूर्यवंशी को लेकर मेरी थिअरी गलत नहीं थी; इरफान पठान ने क्यों कहा?
पूर्व ऑलराउंडर और कॉमेंटेटर इरफान पठान ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा है कि वैभव सूर्यवंशी के बारे में उनका आंकलन गलत नहीं है। पठान ने इससे पहले कहा था कि सूर्यवंशी जानबूझकर बड़े गेंदबाजों को निशाना बनाते हैं।

वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2026 में जसप्रीत बुमराह, जोश हेजलवुड जैसे बड़े-बड़े गेंदबाजों की धुनाई करते नजर आए लेकिन सोमवार को नए नवेले गेंदबाज के सामने फुस्स हुए। पहली बार कोई आईपीएल मैच खेल रहे प्रफुल्ल हिंगे के सामने पहली ही गेंद में वह बिना खाता खोले आउट हुए। पहली बार वह टी20 में गोल्डन डक का शिकार हुए। अब पूर्व ऑलराउंडर और कॉमेंटेटर इरफान पठान ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा है कि वैभव सूर्यवंशी के बारे में उनका आंकलन गलत नहीं है। पठान ने इससे पहले कहा था कि सूर्यवंशी जानबूझकर बड़े गेंदबाजों को निशाना बनाते हैं।
वैभव सूर्यवंशी ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में जब जसप्रीत बुमराह के एक ओवर में 2 छक्के जड़े थे तब पठान ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था कि ये बल्लेबाज जानबूझकर नामी गेंदबाजों को टारगेट कर रहा है। सूर्यवंशी ने उस मैच में बुमराह की 5 गेंदों का सामना किया था जिसमें 13 रन बनाए थे। आईपीएल इतिहास में पावरप्ले के दौरान सबसे ज्यादा 3 छक्के विराट कोहली ने जड़ा है। सूर्यवंशी अभी भी 2 छक्के जड़ चुके हैं।
क्या है पठान की थिअरी
इरफान पठान ने मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच हुए उस मैच के बाद सोशल मीडिया पर लिखा था, ‘क्या वैभव सूर्यवंशी बड़े गेंदबाजों को जानबूझकर टारगेट करते हैं? मुझे ऐसा ही लग रहा है।’
IPL 2026 में अब तक 12 गेंदबाजों को सिक्स जड़ चुके हैं
पिछले साल आईपीएल डेब्यू करने वाले वैभव सूर्यवंशी ने छक्के से खाता खोला था। उन्होंने शार्दुल ठाकुर की गेंद पर सिक्स जड़ा था। आईपीएल 2026 में जब वह पहली बार जसप्रीत बुमराह के सामने आए तो पहली ही गेंद पर सिक्स जड़ा। जोश हेजलवुड और मार्को जेनसेन के साथ भी यही सलूक किया। आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी अब तक 12 गेंदबाजों को छक्के जड़ चुके हैं जिनमें जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार, मैट हेनरी, शार्दुल ठाकुर, जोश हेजलवुड, ट्रेंट बोल्ट जैसे दिग्गज गेंदबाज शामिल हैं।
रुक गया राजस्थान रॉयल्स का विजय रथ
सोमवार को हुए मैच की बात करें तो राजस्थान रॉयल्स को आईपीएल 2026 की पहली हार झेलनी पड़ी। सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 216 रन बनाए थे। कप्तान ईशान किशन ने 91 और हेनरिक क्लासेन ने 40 रन की पारी खेली।
पहला मैच खेल रहे गेंदबाज के सामने सूर्यवंशी हुए गोल्डन डक
राजस्थान रॉयल्स को जीत के लिए 217 रन का बड़ा लक्ष्य मिला। टीम को यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी की ओपनिंग जोड़ी से काफी उम्मीदें थीं। सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से प्रफुल्ल हिंगे ने सबसे पहले गेंदबाजी का मोर्चा संभाला। उनकी पहली ही गेंद पर यशस्वी जायसवाल ने सिंगल लिया। अब वैभव सूर्यवंशी स्ट्राइक पर थे।
हिंगे ने उन्हें शून्य पर आउट कर दिया। उसके बाद उसी ओवर में ध्रुव जुरेल और हुआन ड्रि प्रिटोरियस को भी चलता कर दिया। पहले ही ओवर में हिंगे की कातिल गेंदबाजी से रॉयल्स की बल्लेबाजी पस्त हो गई। पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन पर ऑलआउट हो गई। डोनोवन फेरेरिया ने राजस्थान रॉयल्स की तरफ से सबसे ज्यादा 69 रन बनाए। रविंद्र जडेजा ने 45 रनों का योगदान दिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन