रोहित शर्मा इतिहास रचने की दहलीज पर, तोड़ा विराट कोहली का रिकॉर्ड; नंबर-1 बनने के लिए क्या करना होगा?
रोहित शर्मा ने लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ 84 रनों की शानदार पारी खेल विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। अब उनकी नजरें नंबर-1 बनने पर है। यह रिकॉर्ड है टीम की जीत में सबसे ज्यादा बार टॉप स्कोरर बनने का।

चोट के बाद मुंबई इंडियंस के स्टार प्लेयर रोहित शर्मा की क्या वापसी रही। लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ 229 रनों के मुश्किल टारगेट का पीछा करते हुए रोहित शर्मा ने 84 रनों की तूफानी पारी खेली। इस पारी के दौरान उन्होंने 7 गगनचुंबी छक्के लगाए। उन्होंने पहले विकेट के लिए रियान रिकेल्टन के साथ 143 रनों की साझेदारी भी कि जिससे एमआई ने एलएसजी को पूरी तरह से बैकफुट पर धकेल दिया था। रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस के लिए इस मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। इसी के साथ हिटमैन ने विराट कोहली का भी बड़ा रिकॉर्ड तोड़ा।
विराट कोहली से आगे निकले रोहित शर्मा
यह रिकॉर्ड है आईपीएल के इतिहास में टीम की जीत में एक पारी में सबसे ज्यादा बार हाईएस्ट स्कोर बनाने का। रोहित शर्मा एलएसजी के खिलाफ 84 रनों के साथ मुंबई इंडियंस के हाईएस्ट स्कोरर रहे। रिटान रिकेल्टन ने 83 रनों की पारी खेली थी, वहीं पूरन ने ताबड़तोड़ 62 रन बनाए थे।
रोहित शर्मा के आईपीएल करियर का यह 35वां मौका है, जब टीम की जीत में वह हाईएस्ट स्कोरर रहे। वहीं विराट कोहली ने आरसीबी के लिए यह कारनामा 34 बार किया था।
रोहित शर्मा फिलहाल इस लिस्ट में संयुक्त रूप से नंबर-1 पर है। दरअसल, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ओपनर डेविड वॉर्नर भी 35 बार इस कारनामे को कर पहले पायदान पर हैं।
रोहित शर्मा को अगर डेविड वॉर्नर को पछाड़ना है तो एक बार ओर टीम की जीत में हाईएस्ट स्कोरर बनना होगा।
बता दें, इस लिस्ट में शुभमन गिल, शिखर धवन, गौतम गंभीर, एबी डी विलियर्स और क्रिस गेल जैसे खिलाड़ी भी हैं।
IPL इतिहास में जीत में सबसे ज्यादा टॉप स्कोर
35: रोहित शर्मा
35: डेविड वॉर्नर
34: विराट कोहली
29: शुभमन गिल
28: शिखर धवन
27: गौतम गंभीर
25: एबी डी विलियर्स/क्रिस गेल
MI vs LSG मैच हाइलाइट्स
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी लखनऊ सुपर जाएंट्स ने निकोलस पूरन की धमाकेदार पारी के दम पर 228 रन बोर्ड पर लगाए। पूरन ने 21 गेंदों पर 63 रन बनाए, वहीं मार्श ने 44 रनों का योगदान दिया। इस स्कोर का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस को रोहित शर्मा और रियान रिकेल्टन की जोड़ी ने शानदार शुरुआत देते हुए पहले विकेट के लिए 143 रन जोड़े। रिकेल्टन ने 83 तो रोहित शर्मा ने 84 रन बनाए। नमन धीर ने 12 गेंदों पर नाबाद 23 और विल जैक्स ने 4 गेंदों पर नाबाद 10 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। मुंबई ने 8 गेंदें और 6 विकेट रहते यह मैच जीता।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन