ऑरेंज कैप की रेस में विराट कोहली से आगे निकले रियान रिकेल्टन, रोहित शर्मा कहां? आज केएल राहुल बन सकते हैं नंबर-1
IPL 2026 Orange Cap List- रियान रिकेल्टन ने लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ 83 रनों की पारी खेल ऑरेंज कैप की रेस में लंबी छलांग लगाई है। वह विराट कोहली से भी आगे निकल गए हैं। आईए ऑरेंज कैप की लिस्ट पर एक नजर डालते हैं-

IPL 2026 Orange Cap List- मुंबई इंडियंस की लखनऊ सुपर जाएंट्स पर 6 विकेट से धमाकेदार जीत में अहम भूमिका निभाने वाले रियान रिकेल्टन ने ऑरेंज कैप की रेस में लंबी छलांग लगाई है। रिकेल्टन आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में विराट कोहली से आगे निकल गए हैं, हालांकि वह अभी भी टॉप-5 में जगह नहीं बना पाए। रिकेल्टन मात्र 6 रनों से टॉप-5 में जगह बनाने से चूक गए। वहीं उनके साथी रोहित शर्मा, जो चोट के बाद वापसी कर रहे हैं, उन्होंने भी एलएसजी के खिलाफ 84 रनों की शानदार पारी खेली। हालांकि रोहित शर्मा ऑरेंज कैप की रेस में काफी पीछे हैं, वह फिलहाल 28वें पायदान पर हैं।
आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज
मुंबई इंडियंस के रियान रिकेल्टन 8 मैचों में 54.29 की औसत और 190.95 के स्ट्राइक रेट के साथ 380 रन बनाकर लिस्ट में 6ठे पायदान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने ऑरेंज कैप की रेस में विराट कोहली से आगे जगह बना ली है। कोहली 379 रनों के साथ 7वें पायदान पर खिसक गए हैं।
टॉप-5 की बात करें तो, सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा 440 रनों के साथ टॉप पर चल रहे हैं। वहीं उनके अलावा दिल्ली कैपिटल्स के केएल राहुल, एसआरएच के हेनरिक क्लासेन, राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी और गुजरात टाइटंस के साई सुदर्शन लिस्ट में हैं।
अभिषेक शर्मा- 440
केएल राहुल- 433
हेनरिक क्लासेन- 425
वैभव सूर्यवंशी- 404
साई सुदर्शन- 385
अभिषेक शर्मा को पछाड़ केएल राहुल के पास आज नंबर-1 बनने का मौका
दिल्ली कैपिटल्स के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल के पास आज ऑरेंज कैप की रेस में नंबर-1 बनने का शानदार मौका है। राहुल ने अभी तक खेले 9 मैचों में 54.12 की औसत और 185.84 के स्ट्राइक रेट के साथ 433 रन बनाए हैं। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा 10 मैचों में 48.89 की औसत और 206.57 के स्ट्राइक रेट के साथ 440 रन बनाकर पहले पायदान पर चल रहे हैं। राहुल और अभिषेक के बीच 7 रनों का ही अंतर है। आज केएल राहुल की नजरें 8 रन बनाकर अभिषेक शर्मा से ऑरेंज कैप छीनने पर होगी।
भुवनेश्वर कुमार से भी छिन सकती है पर्पल कैप
वहीं बात पर्पल कैप की करें तो, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के अनुभवी गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के पास इस समय पर्पल कैप है। वह आईपीएल 2026 में अभी तक सबसे अधिक 17 विकेट चटका चुके हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के अंशुल कंबोज इतने ही विकेट के साथ दूसरे पायदान पर चल रहे हैं। आज कंबोज की नजरें भी भुवनेश्वर कुमार से पर्पल कैप छीनने पर होगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन