शुक्र है कि किस्मत मेरे साथ थी और...KKR की पहली जीत के बाद ये क्या बोल गए रिंकू सिंह?
रिंकू सिंह ने आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को पहली जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उपकप्तान ने अर्धशतकीय पारी खेली। केकेआर को 156 रनों का टारगेट मिला था।

रिंकू सिंह ने रविवार को नाबाद 53 रन की पारी खेलकर राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ आईपीएल 2026 के रोमांचक मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को सीजन की पहली जीत दिलाने के बाद कहा कि 'जोश तो था लेकिन कोई हिचकिचाहट नहीं थी'। जब कोलकाता के ईडन गार्डन्स में 156 रनों के लक्ष्य का पीछा करना मुश्किल लग रहा था, तब रिंकू ने संयम और नियंत्रित आक्रामकता का तालमेल बिठाते हुए टीम को जीत तक पहुंचाया। उन्होंने मैच के बाद कहा, ''कभी-कभी ऐसा होता है जब कुछ चीजें आपके हिसाब से नहीं होतीं तो आप वह जोश महसूस करते हैं। लेकिन ऐसा नहीं था कि मैं अपने शॉट खेलने को लेकर हिचकिचा रहा था या मुझे कोई दुविधा थी। मेरी सोच यही थी कि खेल को आखिर तक ले जाऊं।''
'शुक्र है कि किस्मत मेरे साथ थी और जीत गए'
इस सीजन में एक बड़ी पारी की तलाश में रहे इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने आठ के निजी स्कोर पर मिले एक जीवनदान का पूरा फायदा उठाया और मैच का रुख केकेआर के पक्ष में मोड़ दिया। रिंकू ने कहा, ''कभी-कभी ऐसा ही होता है। दिमाग ठीक से काम नहीं करता और आप ऐसे शॉट्स खेल बैठते हैं। लेकिन शुक्र है कि किस्मत मेरे साथ थी और आखिरकार हम मैच जीत गए।'' रिंकू ने माना कि इस पारी का उन्हें लंबे समय से इंतजार था और यह उनके आत्मविश्वास के लिए बहुत जरूरी थी। उन्होंने कहा, ''मैंने काफी पारियां खेली थीं और एक बड़ी पारी का इंतजार कर रहा था। यह मेरे लिए बहुत अच्छी पारी थी और मेरे आत्मविश्वास के लिए भी बहुत अहम थी।'' केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने चार विकेट से जीत के बाद खासतौर पर रिंकू और गेंदबाजों की तारीफ की।
रिंकू और अनुकूल ने 76 रन की साझेदारी
रहाणे ने ने कहा, ''मुझे रिंकू, अनुकूल (रॉय) और वरुण (चक्रवर्ती) के लिए सच में बहुत खुशी है। जिस तरह से वरुण ने गेंदबाजी की। अनुकूल का घरेलू टूर्नामेंट भी शानदार रहा। '' राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने क्षेत्ररक्षण में हुई उन गलतियों पर अफसोस जताया जो मैच का नतीजा तय करने में अहम साबित हुईं। पराग ने कहा, ''मुझे लगा था कि यह 170 रन वाला विकेट है, लेकिन हम 10 रन पीछे रह गए। गलती हमारी तरफ से हुई। हम कैच नहीं छोड़ सकते, इसी वजह से हम मैच हार गए।'' रिंकू का कैच उनकी पारी की शुरुआत में ही छूट गया था। रिंकू ने 34 गेंदों में पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 53 रन बनाए। उन्होंने अनकूल रॉय (नाबाद 29, 16 गेंद, दो छक्के, एक चौका) के साथ सातवें विकेट की 76 रन की अटूट साझेदारी की। केकेआर ने 19.4 ओवर में छह विकेट पर 161 रन बनाकर जीत दर्ज की।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन