RCB vs GT Final Highlights Who won the IPL 2026 final who is Orange Cap Purple Cap winners Vaibhav Sooryavanshi rabada RCB VS GT Final Highlights: कौन जीता IPL 2026 का फाइनल? ऑरेंज कैप और पर्पल कैप विजेता कौन रहे?, Ipl Hindi News - Hindustan

RCB VS GT Final Highlights: कौन जीता IPL 2026 का फाइनल? ऑरेंज कैप और पर्पल कैप विजेता कौन रहे?

आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला कौन जीता? फाइनल मैच में प्लेयर ऑफ द मैच कौन रहा और इस सीजन ऑरेंज कैप और पर्पल कैप किन खिलाड़ियों ने जीती, इन सभी के बारे में जानिए।

Mon, 1 June 2026 12:44 AMVimlesh Kumar Bhurtiya लाइव हिन्दुस्तान
share
RCB VS GT Final Highlights: कौन जीता IPL 2026 का फाइनल? ऑरेंज कैप और पर्पल कैप विजेता कौन रहे?

रविवार 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराकर दूसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया है। इस जीत के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आईपीएल के इतिहास में लगातार दो आईपीएल टाइटल जीतने वाली तीसरी टीम बन गई है। इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस ने यह कारनामा किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस की टीम ने फाइनल मुकाबले में निर्धारित 20 ओवर में 155 रन बनाए थे और मेहमान टीम को 156 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे विराट कोहली की दमदार पारी से आरसीबी ने 18 ओवर में ही आसानी से हासिल कर लिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:विराट कोहली की दमदार पारी से RCB ने जीता अपना दूसरा IPL टाइटल, गुजरात को रौंदा

बटलर-सुदर्शन और गिल को RCB के गेंदबाजों ने किया धराशाई

दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया जो बिल्कुल सही साबित हुआ। पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस की टॉप थ्री पर डिपेंडेंट टीम पावर प्ले में ही धराशाई हो गई। उसके शुरुआती बड़े विकेट जल्दी-जल्दी आउट होते गए। इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस की ओर से ना तो साई सुदर्शन का बल्ला चला ना शुभमन गिल का और ना ही फिर जोस बटलर का। शुभमन गिल ने जहां आज के मैच में आठ गेंदों में 10 रन बनाए और जोश हेजलवुड का शिकार हुए, वहीं साई सुदर्शन ने 12 गेंदों में 12 रनों की पारी खेली और भुवनेश्वर कुमार को अपना विकेट दे बैठे। कुछ समय तक अच्छी लय में दिख रहे जोस बटलर भी 23 गेंद में 19 रन बनाकर कुणाल पांड्या का शिकार बने।

IPL 2026 News in Hindi - आईपीएल 2026 न्यूज़,आईपीएल समाचार
read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सात्विक-चिराग ने रचा इतिहास, सिंगापुर ओपन खिताब जीतने वाली पहली भारतीय जोड़ी बने

पूरी टीम 155 रन ही बना सकी, RCB को 156 का लक्ष्य

गुजरात टाइटंस की टीम अपने शीर्ष तीन बल्लेबाजों पर ही निर्भर रहती है। ऐसे में उनके आउट होने के बाद टीम के बड़े स्कोर तक पहुंचने की संभावना बहुत कम थी। उसके बावजूद वाशिंगटन सुंदर ने एक तरफा लड़ाई लड़ी और गुजरात टाइटंस की ओर से सर्वाधिक 37 गेंद में 50 रनों की पारी पांच चौकों की मदद से खेली। निशांत सिंधु ने 18 गेंद में 20 रन बनाए, जबकि अरशद खान ने 6 गेंद में 15 रनों की पारी खेली। राहुल तेबतिया 5 गेंदों में सात रन बनाकर आउट हुए, वहीं जेसन होल्डर ने भी उनका साथ निभाते हुए 5 गेंद में सात रन बनाए। राशिद खान ने भी तीन गेंद में सात रनों की पारी खेली और अंत में कगिसो रबाडा ने तीन गेंदों में तीन रन बनाए। इस तरह कुल मिलाकर निर्धारित 20 ओवर में गुजरात टाइटंस ने 155 रनों का स्कोर खड़ा किया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:RCB या GT, कौन जीतेगा IPL 2026 का फाइनल? डिविलियर्स और स्टेन ने कर दी भविष्यवाणी

RCB के गेंदबाजों ने कमाल की गेंदबाजी की, सलाम डार सर्वश्रेष्ठ

आरसीबी की ओर से आज के मैच में लगभग सभी गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी की। जेकब डफी ने चार ओवर में 38 रन दिए। भले ही उन्हें कोई विकेट नहीं मिला लेकिन वह ज्यादा महंगे साबित नहीं हुए। वहीं, भुवनेश्वर कुमार ने चार ओवर में 29 रन देकर 7.20 की इकोनॉमी से दो विकेट हासिल किए, जबकि जोश हेजलवुड ने चार ओवर में 37 रन देकर दो विकेट लिए। रसिख सलाम डार आज के मैच के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज साबित हुए। उन्होंने चार ओवर में 27 रन देखकर तीन विकेट हासिल किए। कुणाल पांड्या ने चार ओवर में सिर्फ 23 रन खर्चे और एक विकेट हासिल किया। इस धारदार गेंदबाजी के कारण ही आरसीबी गुजरात टाइटंस को 155 रनों के स्कोर पर रोकने में सफल रही।

आरसीबी ने दी विस्फोटक शुरुआत

156 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की शुरुआत काफी तेज और विस्फोटक रही। हालांकि, 62 रनों के स्कोर पर वेंकटेश अय्यर के रूप में पहला विकेट आउट हुआ। इसके बाद आरसीबी ने नियमित अंतराल पर विकेट खोए। 63 रनों के टीम स्कोर पर देवदत्त पडिक्कल आउट हुए, जबकि 89 रनों पर रजत पाटीदार भी पवेलियन जा लौटे। उसके बाद कुणाल पांड्या भी 91 रनों पर आउट हो गए। हालांकि, इसके बाद विराट कोहली और टिम डेविड ने 41 रनों की 31 गेंद में साझेदारी की और टीम को 132 रनों तक पहुंचाया। अंत में जितेश शर्मा ने विराट कोहली के साथ मिलकर 24 गेंद में 29 रनों की साझेदारी की और टीम को दूसरी बार चैंपियन बनाया।

विराट कोहली की दमदार पारी से 18 ओवर में हासिल किया लक्ष्य

आरसीबी की ओर से इस मैच में सलामी बल्लेबाज वेंकटेश अय्यर ने विस्फोटक पारी खेलते हुए 200 की स्ट्राइक रेट से 16 गेंदों में 32 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान चार चौके और दो छक्के जड़े। वहीं, विराट कोहली इस मैच के हीरो रहे। उन्होंने 42 गेंद में 75 रनों के दमदार पारी खेली, जिसमें नौ चौके और तीन छक्के शामिल थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 178.57 का रहा। देवदत्त पडिक्कल इस मैच में कुछ खास नहीं कर पाए और चार गेंदों में एक रन बनाकर कगिसो रबाडा को विकेट दे बैठे। वहीं, रजत पाटीदार ने आज के मैच में 13 गेंद में 15 रन बनाए। वे राशिद खान की गेंद पर बाउंड्री लाइन में कैच हुए। कुणाल पांड्या ने भी दो गेंदों में एक रन बनाया और वह भी राशिद खान का शिकार हुए। टिम डेविड को अंत में अरशद खान ने जोस बटलर के हाथों कैच करा कर आउट किया। उन्होंने 17 गेंद में 24 रनों की पारी खेली। जितेश शर्मा ने आज के मैच में उपयोगी पारी खेली और 14 गेंद में 11 रन बनाए। वे अंत तक डटे रहे। इस तरह आरसीबी ने 156 रनों के स्कोर को 18 ओवर में 5 विकेट होकर विराट कोहली के छक्के के साथ आसानी से हासिल कर लिया।

विराट कोहली प्लेयर ऑफ द मैच बने

विराट कोहली को आज के मैच में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। उन्होंने 178.57 की स्ट्राइक रेट से 42 गेंद में 75 रन 9 चौके और 3 छक्के जड़ते हुए बनाए।

वैभव सूर्यवंशी ने जीता ऑरेंज कैप

आईपीएल 2026 मैं सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने 16 मैचों की 16 पारियों में 48.50 की औसत और 237.31 के स्ट्राइक रेट के साथ कुल 776 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 63 चौके और 72 छक्के जड़े। वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 का ऑरेंज कप जीता। वह इस टूर्नामेंट में ऑरेंज कैप जीतने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने।

कगिसो रबाडा के सिर पर सजी पर्पल कैप

आईपीएल 2026 में पर्पल कैप विजेता गुजरात टाइटंस के गेंदबाज कगिसो रबाडा रहे, जिन्होंने 17 मैचों में 21.2 की औसत से कुल 29 विकेट लिए। उनके और भुवनेश्वर कुमार के बीच अंत तक पर्पल कैप की रेस को लेकर लगातार होड़ बनी रही, लेकिन अंत में रबाडा ने बाजी मारी। हालांकि, यह भी ध्यान रखने वाली बात है कि रबाडा को भुवनेश्वर कुमार से एक पारी अधिक गेंदबाजी करने का मौका मिला था। भुवनेश्वर कुमार ने इस सीजन 16 पारियों में 17.89 की औसत से कुल 28 विकेट चटकाए, वहीं जोफ्रा आर्चर ने 25 विकेट लिए।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।