ईमानदारी से मैंने कभी ये सपना नहीं देखा... RCB के कप्तान रजत पाटीदार ने बोल दिया खरा सच
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने लगातार दूसरी आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की है। आरसीबी ने फाइनल में गुजरात टाइटंस को हराया। फिर से चैंपियन बनने के बाद कप्तान रजत पाटीदार ने एक खरा सच बताया।

रजत पाटीदार की अगुवाई वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने आईपीएल 2026 ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। आरसीबी ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस (जीटी) को पांच विकेट से रौंदा। जीटी ने फाइनल में 156/8 का स्कोर खड़ा किया और आरसीबी 12 गेंद बाकी रहते 161 रन जोड़कर चैंपियन बन गई। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। उन्होंने 42 गेंदों में नाबाद 75 रनों की पारी खेली, जिसमें 9 चौके और तीन छक्के हैं। रजत ब्रिगेड ने पिछले साल फाइनल में पंजाब किंग्स को हराकर आईपीएल ट्रॉफी का सूखा समाप्त किया था। आरसीबी ने अब खिताब डिफेंड कर नायाब क्लब में एंट्री मारी है। आरसीबी चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बाद ट्रॉफी डिफेंड करने वाली तीसरी टीम है। लगातार दूसरी ट्रॉपी जीतने के बाद पाटीदार ने एक खरा सच बोला है।
'ईमानदारी से बताऊं तो ये सपना नहीं देखा'
ट्रॉफी जीतने के बाद कप्तान पाटीदार ने कहा, ''बहुत अच्छा लग रहा है। जब हम यहां (अहमदाबाद) आए तो पिछले साल की बहुत सारी यादें ताजा हो गईं। मेरे पास बयां करने के लिए शब्द नहीं हैं लेकिन बहुत अच्छा लग रहा है। प्लानिंग स्पष्ट थी और टॉस जीतकर चेज करना आसान था। जिस तरह से भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, रासिख सलाम, क्रुणाल पांड्या, सुयश शर्मा और रोमारियो शेफर्ड ने पूरे टूर्नामेंट में अच्छी बॉलिंग की।'' पाटीदार से जब आरसीबी की कप्तानी करने और लगातार दो खिताब जीतने के सफर के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ''ईमानदारी से बताऊं तो मैंने कभी आरसीबी का कप्तान बनने और ट्रॉफी उठाने का सपना नहीं देखा था। यह सबकुछ लिखा हुआ था। इसके लिए शुक्रगुजार हूं। हम पिछले साल के मुकाबले थोड़े ज्यादा कॉन्फिडेंट थे। फैंस ने हर जगह जाकर हमें जमकर सपोर्ट किया। में हर जगह होम ग्राउंड की तरह लगा।।''
'कोहली हमेशा टीम के लिए खड़े रहते हैं'
पाटीदार ने अपनी बैटिंग फॉर्म और तैयारी पर कहा, ''टूर्नामेंट से पहले की मेरे तैयारी बहुत अच्छी रही। मैंने अपनी बैटिंग पर गौर किया और देखा कि मैं कहां सुधार कर सकता हूं, खासकर तेज गेंदबाजो के खिलाफ। मुझे टूर्नामेंट में दिनेश कार्तिक और विराट कोहली समेत कई लोगों से इनपुट और आइडिया मिले, जिससे मदद मिली।'' आरसीबी के कप्तान ने टीम पर कोहली के प्रभाव के बारे में कहा, ''जब भी मैं उन्हें देखता हूं तो वह हमेशा टीम के लिए खड़े रहते हैं। वह हमेशा खिलाड़ियों के लिए मौजूद रहते हैं, खासकर नए खिलाड़ियों के लिए। नए खिलाड़ियों को बात करने में बहुत झिझक होती है, लेकिन वह सीधे जाकर उनसे बात करते हैं। यह शानदार है।'' उन्होंने अंत में फैंस लिए कहा, ''आरसीबी फैंस एक बार फिर आपके लिए ई सलानु कप नामदू (इस साल भी कप हमारा है)।''
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन