रजत पाटीदार ने की शेन वार्न की बराबरी, IPL में लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने वाले कप्तानों में शामिल
आईपीएल 2026 के 11वें मुकाबले में रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने चेन्नई सुपर किंग्स को 43 रनों से हराया। इस जीत के साथ आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने एक खास उपलब्धि हासिल कर ली है।

आईपीएल 2026 के 11वें मुकाबले में रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने चेन्नई सुपर किंग्स को 43 रनों से हराया। इस जीत के साथ आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने एक खास उपलब्धि हासिल कर ली है।
संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर रजत पाटीदार
पाटीदार आईपीएल में लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने वाले कप्तानों की सूची में सयुंक्त रूप से दूसरे स्थान पर आ गए हैं। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के पूर्व कप्तान शेन वार्न की बराबरी कर ली है। वार्न ने साल 2008 में राजस्थान रॉयल्स के लिए लगातार 8 मैच जीते थे और 2025-26 में रजत पाटीदार ने भी आरसीबी की कप्तानी करते हुए लगातार 8 मकाबले जीत लिए हैं। दोनों खिलाड़ियों में एक और समानता नजर आती है। शेन वार्न ने राजस्थान रॉयल्स को पहली बार चैंपियन बनाया था और रजत पाटीदार ने भी आरसीबी को पहली बार पिछले साल चैंपियन बनाया है। आईपीएल में सबसे ज्यादा बार लगातार मुकाबले जीतने वाले कप्तानों की सूची में गौतम गंभीर पहले नंबर पर हैं। उन्होंने साल 2014-15 में कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी करते हुए लगातार 10 मुकाबलों में जीत दर्ज कराई थी। इस सूची में तीसरे स्थान पर महेंद्र सिंह धोनी हैं, जिन्होंने साल 2013 में सीएसके को लगातार सात मुकाबले में जीत दिलाई थी।
आईपीएल में लगातार सबसे अधिक जीत दिलाने वाले कप्तान
गौतम गंभीर- 10 मैचों में लगातार जीत- साल 2014-15
शेन वार्न- 8 मैचों में लगातार जीत- साल 2008
रजत पाटीदार- 8 मैचों में लगातार जीत- साल 2025-26
महेंद्र सिंह धोनी- 7 मैचों में लगातार जीत- साल 2013
ऐसा रहा रविवार को खेले गए मैच का हाल
बता दें कि रविवार को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के 11वें मुकाबले में आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में तीन विकेट के नुकसान पर 250 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। देवदत्त पडिकल ने 25 गेंदों में अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं, रजत पाटीदार ने 19 गेंदों में 49 रनों की दमदार पारी खेली जिसमें 6 छक्के और 1 चौका शामिल था। आउट होने से पहले फिल साल्ट ने 46 और कोहली ने 28 रन बनाए। टिम डेविड ने 25 गेंदों में 70 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, जिसमें उन्होंने 3 चौके और 8 छक्के लगाए। 251 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स की टीम 19.4 ओवर में 207 रनों पर ऑलआउट हो गई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन