चिन्नास्वामी में अब एक छोर पर होंगे राहुल द्रविड़ और दूसरे पर अनिल कुंबले, हो गया खास ऐलान
IPL 2026 का 11वां लीग मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में शुरू होना था। इससे पहले एक बड़ा ऐलान कर्नाटक क्रिकेट एसोसिएशन ने किया। एक छोर पर राहुल द्रविड़ और दूसरे छोर पर अनिल कुंबले स्टेडियम में होंगे।

IPL 2026 का 11वां लीग मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियमम में रविवार की शाम साढ़े 7 बजे से मेजबान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु यानी आरसीबी और चेन्नई सुपर किंग्स यानी सीएसके के बीच खेला जा रहा है। इस मुकाबले से पहले एक खास पल उस समय देखने को मिला, जब पूर्व भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ और अनिल कुंबले को कर्नाटक क्रिकेट स्टेट एसोसिएशन से एक खास तोहफा मिला।
दरअसल, केएससीए ने बेंगलुरु के इस मशहूर स्टेडियम में एक छोर राहुल द्रविड़ और दूसरा छोर अनिल कुंबले के नाम पर रखने का फैसला किया है। इसका ऐलान आरसीबी वर्सेस सीएसके मैच से पहले हुआ। दोनों एंड का उद्घाटन भी मैच से पहले हो गया। राहुल द्रविड़ और अनिल कुंबले को स्मृति चिन्ह भी इस दौरान भेंट किया गया। दोनों दिग्गज खिलाड़ियों के लिए ये खास लम्हा था।
आमतौर पर खिलाड़ियों के नाम के स्टैंड स्टेडियम में देखने को मिलते हैं, लेकिन किसी एंड यानी छोर का नाम खिलाड़ियों के नाम पर बहुत कम बार देखा गया है। राहुल द्रविड़ और अनिल कुंबले ने भारतीय क्रिकेट की लंबे समय तक सेवा की है। खिलाड़ी, कप्तान और फिर कोच के तौर पर भी दोनों दिग्गज भारतीय क्रिकेट के साथ जुड़े रहे हैं, लेकिन अब वे अपने परिवार के साथ समय बिता रहे हैं या आईपीएल में कोचिंग या कमेंट्री करते हैं।
आपको बता दें, आईपीएल 2025 के बाद आरसीबी की टीम ट्रॉफी जीतने के दूसरे दिन बेंगलुरु आई थी। इसी स्टेडियम में एक कार्यक्रम होना था, जिसके लिए फैंस पहुंचने वाले थे, लेकिन सुरक्षा चूक के कारण भगदड़ हो गई और 11 लोगों की जान उसमें चली गई थी। इस स्टेडियम में 11 कुर्सी उन 11 दिवंगत आत्माओं के नाम पर की गई हैं, जो हर मैच के दौरान खाली रहेंगी।
उस दर्दनाक हादसे के बाद इस स्टेडियम को मैच मिलना बंद हो गए थे। एक तरह से बीसीसीआई ने भी इस स्टेडियम को बैन कर दिया था, लेकिन केएससीए के अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद और अन्य अधिकारियों ने आईपीएल की वापसी यहां करा ही दी। स्टेडियम में कुछ बदलाव फैंस की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किए गए हैं। इसके बाद ही स्टेडियम में मैच आयोजित करने की अनुमति मिली है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन