मोहम्मद शमी ने IPL 2026 में की टेस्ट मैच वाली बॉलिंग, सिलेक्टर्स को फिर दिया करारा जवाब
मोहम्मद शमी ने IPL 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ टेस्ट मैच वाली बॉलिंग की। 4 ओवर उन्होंने फेंके, जिसमें सिर्फ 9 रन खर्च किए और दो विकेट निकाले। इकॉनमी रेट 2 के आसपास था। इस तरह सिलेक्टर्स को उन्होंने फिर से करारा जवाब दिया।

दाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को इंटरनेशनल क्रिकेट खेले एक साल से ज्यादा का समय हो गया है। सिलेक्टर्स उनको किसी भी फॉर्मेट में सिलेक्ट नहीं कर रहे हैं। यहां तक कि उनकी पिछली आईपीएल टीम सनराइजर्स हैदराबाद ने भी उनको लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ ट्रेड कर दिया था। अब उसी पेसर ने एसआरएच की लंका लगा दी। आईपीएल मैच में मोहम्मद शमी की टेस्ट मैच वाली बॉलिंग देखने को मिली और उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलते हुए कमाल की गेंदबाजी की और एसआरएच की नींव हिला दी।
दरअसल, मोहम्मद शमी ने आईपीएल 2026 के 10वें लीग मैच में अपनी पूर्व आईपीएल टीम के सामने मैराथन स्पेल फेंका। 9 ओवर में ही उनके कोटे के 4 ओवर समाप्त हो गए थे। 4 ओवर में सिर्फ 9 रन उन्होंने खर्च किए और 2 विकेट उन्होंने हासिल किए। इसमें एक विकेट था अभिषेक शर्मा का, जबकि दूसरा विकेट था ट्रैविस हेड का। आप नाम से ही समझ गए होंगे कि ये विकेट कितने बड़े हैं, क्योंकि इन दोनों का अगर बल्ला चलता है तो फिर आसानी से सनराइजर्स हैदराबाद 250 का स्कोर भी बना देती है।
मोहम्मद शमी ने अपनी इस परफॉर्मेंस से सिलेक्टर्स को भी करारा जवाब दिया है, क्योंकि आईपीएल 2026 के पहले मैच में शमी ने पहली गेंद पर केएल राहुल को भी पवेलियन भेज दिया था। वे घरेलू क्रिकेट खेले हैं और वहां भी लगातार विकेट उन्होंने चटकाए हैं। कुछ मैचों में तो बल्ले से भी थोड़ा बहुत योगदान शमी ने दिया है। ऐसे में अब सवाल ये है कि क्या सिलेक्टर्स फिर से उनको नजरअंदाज करेंगे या फिर टी20, टेस्ट या वनडे टीम में उनको मौका देंगे? वैसे चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर और मोहम्मद शमी के बीच जुबानी जंग भी देखने को मिल चुकी है, क्योंकि दोनों के बयान एकदूसरे से अलग दिखाई दिए थे।
शमी की फिटनेस पर सवाल उठते थे, लेकिन अब तो सभी ने देख लिया कि उन्होंने अपने कोटे के 4 ओवर पारी के 9वें ओवर तक खत्म कर दिए थे और बाद में फील्डिंग भी करते दिखे। इस तरह फिटनेस अब कोई समस्या नहीं है। फॉर्म उनके पास है। अगर वे आईपीएल 2026 में ऐसा प्रदर्शन जारी रखेंगे तो निश्चित तौर पर सिलेक्टर्स को उनके बारे में सोचना पड़ेगा। बड़ा सीजन अभी भारतीय क्रिकेट के लिए आने वाला है।





साइन इन