PBKS vs MI मैच का टर्निंग पॉइंट, ये खिलाड़ी बना विलेन; इस ओवर में जो हुआ श्रेयस अय्यर उससे होंगे खफा
PBKS vs MI turning point of the match- पंजाब किंग्स की हार की वजह मार्को यानसन बने, जिन्होंने 4 ओवर के कोटे में सबसे अधिक 55 रन खर्च किए। उनके 18वें ओवर से मैच पूरी तरह से पलट गया।

पंजाब किंग्स को आईपीएल 2026 की लगातार 5वीं हार का सामना मुंबई इंडियंस के हाथों लीग स्टेज के 58वें मैच में करना पड़ा। इस हार के साथ पंजाब की प्लेऑफ की उम्मीदों को तगड़ा झटका लगा है। पंजाब के अब 2 मैच बाकी है, अगर उन्हें प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करना है तो हर हाल में बचे दोनों मैच जीतने होंगे। पंजाब किंग्स की टीम मुंबई इंडियंस के खिलाफ 17वें ओवर तक आगे चल रही थी। आखिरी 18 गेंदों पर एमआई को जीत के लिए 50 रनों की दरकार थी। इसके बाद एक ऐसा ओवर आया, जिसने मैच पूरी तरह से पलट कर रख दिया।
मार्को यानसन बने पंजाब किंग्स की हार में विलेन
17 ओवर के बाद मुंबई इंडियंस का स्कोर 151 रन था, जीत के लिए उन्हें आखिरी 18 गेंदों पर 50 रनों की जरूरत थी। दबाव में यह किसी भी टीम के लिए एक मुश्किल टारगेट है। मगर 18वें ओवर में मार्को यानसन ने इतने रन लुटा दिए कि उन्होंने एमआई को जीत की किरन दिखा दी।
मार्को यानसन की पहली गेंद पर छक्का लगाकर तिलक वर्मा ने सबसे पहले अपना अर्धशतक पूरा किया। तिलक की फिफ्टी 25 गेंदों पर आई। अगली ही गेंद पर उन्होंने चौका लगाकर ओवर को बड़ा बनाना चाहा।
तिलक को देख विल जैक्स ने भी रंग बदला और चौथी गेंद पर दनदनाता चौका जड़ दिया। रही सही कसर तिलक वर्मा ने आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर पूरी कर दी।
मार्को यानसन के 18वें ओवर से मुंबई इंडियंस ने 22 रन बटौर मोमेंटम अपनी ओर शिफ्ट कर लिया। इसके बाद अर्शदीप ने 19वें ओवर से 13 रन खर्च किए, वहीं बार्टलेट आखिरी ओवर में 15 रन डिफेंड नहीं कर पाए।
मुंबई इंडियंस का यह आखिरी तीन ओवर में बनाया गया अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले एमआई ने सफल रनचेज में 2017 में केकेआर के खिलाफ आखिरी 18 गेंदों पर 49 रन बनाए थे।
मार्को यानसन ने छोड़ा था तिलक वर्मा का कैच
तिलक वर्मा जब 29 के निजी स्कोर पर थे तो मार्को यानसन ने उनका कैच लॉन्ग ऑन की दिशा में छोड़ा था। अर्शदीप सिंह के 15वें ओवर में तिलक वर्मा बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में गेंद को हवा में ऊंचा मार बैठे थे। लॉन्ग ऑन पर मौजूद यानसन ने दौड़ लगाकर गेंद को पकड़ना चाह, मगर वह इसमें कामयाब नहीं हुए। गेंद उनके हाथों पर लगकर नीचे गिर गई। यह कैच थोड़ा मुश्किल था, मगर आईपीएल के स्टैंडर्ड के हिसाब से मार्को को यह कैच पकड़ना चाहिए था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन