PBKS vs MI मैच के बाद ऑरेंज कैप की रेस में टॉप-5 खिलाड़ी कौन? आज संजू सैमसन मचा सकते हैं धमाल
IPL 2026 Orange Cap- पंजाब किंग्स वर्सेस मुंबई इंडियंस मुकाबले के बाद ऑरेंज कैप की रेस में ज्यादा कुछ बदलाव नहीं देखने को मिला है। टॉप-5 में क्लासेन, अभिषेक, कोहली, राहुल और साई सुदर्शन बने हुए हैं।

IPL 2026 Orange Cap- पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस आईपीएल 2026 के 58वें मुकाबले के बाद ऑरेंज कैप की रेस में ज्यादा कुछ बदलाव देखने को नहीं मिले हैं। टॉप-5 में हेनरिक क्लासेन, साई सुदर्शन, विराट कोहली, अभिषेक शर्मा और केएल राहुल बने हुए हैं। क्लासेन इस समय रेस में सबसे आगे चल रहे हैं। हालांकि टॉप-10 में कुछ बदलाव देखने को मिले हैं। पंजाब किंग्स के प्रभसिमरन सिंह (439) और कूपर कोनोली (436) क्रमश: 8वें और 9वें पायदान पर पहुंच गए हैं। वहीं मुंबई इंडियंस के रायन रिकल्टन (430) संयुक्त रूप से 10वें नंबर पर है। आईए एक नजर पूरी लिस्ट पर डालते हैं-
हेनरिक क्लासेन के पास ऑरेंज कैप
सनराइजर्स हैदराबाद के विस्फोटक बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन 508 रनों के साथ ऑरेंज कैप के लीडरबोर्ड में सबसे आगे चल रहे हैं। उनके अलावा गुजरात टाइटंस के सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन ही इस सीजन 500 रन का आंकड़ा पार कर पाए हैं। सुदर्शन के नाम 501 रन दर्ज हैं। वहीं विराट कोहली ने पिछले मैच में शतक जड़ टॉप-5 में अपनी जगह बनाई थी। वह कुल 484 रनों के साथ लिस्ट में तीसरे पायदान पर हैं। चौथे नंबर पर एसआरएच के ही अभिषेक शर्मा 481 रनों के साथ हैं, वहीं पांचवें और आखिरी पायदान पर दिल्ली कैपिटल्स के केएल राहुल 477 रनों के साथ बने हुए हैं।
टॉप-5 में शामिल इन खिलाड़ियों के बीच रनों का ज्यादा अंतर नहीं है, जिस वजह से अपना मैच होने पर खिलाड़ी एक दूसरे से ऑरेंज कैप छीन सकते हैं। अभी तक हुए 58 मैचों में ऐसा ही देखने को मिला है। ज्यादा दिनों तक इस सीजन किसी खिलाड़ी के पास ऑरेंज कैप नहीं टिकी है।
आज संजू सैमसन मचा सकते हैं धमाल
आज का आईपीएल मैच चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स के बीच खेला जाना है। ऑरेंज कैप की रेस में सीएसके के सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन की नजरें टॉप-5 पर होगी। सैमसन फिलहाल 430 रनों के साथ 10वें पायदान पर है। टॉप-5 में जगह बनाने के लिए उन्हें कम से कम आज 48 रन बनाने होंगे। वहीं अगर सैमसन आज शतक ठोकते हैं या उसके आसपास भी पहुंचते हैं तो नंबर-1 के लिए हेनरिक क्लासेन को भी टक्कर दे सकते हैं।
लखनऊ सुपर जाएंट्स के मिचेल मार्श पर भी नजरें होंगी। भले ही उनकी टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई है, मगर मार्श ने इस सीजन एलएसजी के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। 377 रनों के साथ वह टॉप-15 खिलाड़ियों की लिस्ट में बने हुए हैं। मार्श इस सीजन एलएसजी के सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन