PBKS vs MI match Last Over Thrill how Tilak Varma dashed the hopes of Punjab Kings PBKS vs MI मैच के आखिरी ओवर का रोमांच, कैसे तिलक वर्मा ने पंजाब किंग्स की उम्मीदों पर फेरा पानी, Ipl Hindi News - Hindustan

PBKS vs MI मैच के आखिरी ओवर का रोमांच, कैसे तिलक वर्मा ने पंजाब किंग्स की उम्मीदों पर फेरा पानी

तिलक वर्मा के दम पर मुंबई इंडियंस ने पंजाब किंग्स को आईपीएल 2026 के 58वें मुकाबले में धूल चटाई। एमआई ने आखिरी तीन ओवर में 50 रन चेज किया। यह उनके द्वारा आखिरी तीन ओवर में चेज किया गया सबसे बड़ा स्कोर है।

Fri, 15 May 2026 07:04 AMLokesh Khera लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
PBKS vs MI मैच के आखिरी ओवर का रोमांच, कैसे तिलक वर्मा ने पंजाब किंग्स की उम्मीदों पर फेरा पानी

तिलक वर्मा…आईपीएल 2026 से पहले इस युवा खिलाड़ी के नाम एक भी प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड नहीं था, मगर इस सीजन मुंबई इंडियंस के लिए कमाल का प्रदर्शन करते हुए उन्होंने 2-2 अवॉर्ड जीते। पंजाब किंग्स के खिलाफ उनकी 33 गेंदों पर 75 रनों की नाबाद पारी लंबे समय तक याद रहेगी। इस पारी के दौरान उन्होंने 6 चौके और इतने ही गगनचुंबी छक्के लगाए। पंजाब किंग्स ने पहले बैटिंग करते हुए मुंबई इंडियंस के सामने जीत के लिए 201 रनों का टारगेट रखा था। इस स्कोर का पीछा करते हुए मुंबई की टीम 17 ओवर तक 151 के स्कोर तक पहुंच गई थी। आखिरी 18 गेंदों पर एमआई को 50 रनों की दरकार थी। टारगेट मुश्किल था, मगर सेट बल्लेबाज तिलक वर्मा क्रीज पर मौजूद थे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ऑरेंज कैप के लिए जबरदस्त रेस, आज संजू सैमसन की नजरें टॉप-5 में जगह बनाने पर
IPL 2026 News in Hindi - आईपीएल 2026 न्यूज़,आईपीएल समाचार

तिलक वर्मा और विल जैक्स की पार्टनरशिप

18वें ओवर में मार्को यानसन की पहली गेंद पर छक्का लगाकर तिलक वर्मा ने ऐलान किया कि वह इस मैच में आसानी से हार नहीं मानने वाले हैं। 25 गेंदों पर तिलक वर्मा ने इस छक्के के साथ अपना अर्धशतक पूरा किया। मार्को यानसन का यह ओवर गेंम चेंजिंग भी साबित हुआ।

तिलक वर्मा और विल जैक्स की जोड़ी ने इस ओवर से 2 छक्के और इतने ही चौके लगाकर कुल 22 रन बटौरे। तिलक ने अकेले ही इस ओवर में 17 रन बनाए। यहां से मुंबई की मैच में वापसी हुई।

अर्शदीप सिंह पारी का सबसे महत्वपूर्ण 19वां ओवर लेकर आए। विल जैक्स ने उनका स्वागत भी छक्के के साथ किया। हालांकि अगली पांच गेंदों पर अर्शदीप ने 7 ही रन दिए, जिसमें पांचवीं गेंद पर विल जैक्स को एज का चौका थर्डमैन की दिशा में मिला।

PBKS vs MI के आखिरी ओवर का रोमांच

मार्को यानसन के 22 और अर्शदीप सिंह के 13 रन के ओवर के बाद पंजाब किंग्स के लिए परिस्थितियां मुश्किल हो गई थी। आखिरी ओवर में उन्हें 15 रन डिफेंड करने थे। ऐसे में कप्तान श्रेयस अय्यर के पास जेवियर बार्टलेट के रूप में एकमात्र बॉलिंग ऑप्शन था। आईए जानते हैं आखिरी ओवर में क्या क्या हुआ?

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:कल का मैच कौन जीता? पंजाब के लिए मुश्किल हुई राह; तिलक वर्मा छाए

पहली गेंद- विल जैक्स ने सामने की तरफ छक्का लगाया! विल जैक्स ने छक्के के साथ ओवर की शुरुआत की और जेवियर बार्टलेट को मुश्किल में डाल दिया। बार्टलेट ने पहली गेंद फुलटॉस डाली थी, जिसका फायदा एमआई के बल्लेबाज ने उठाया।

दूसरी गेंद- जेवियर बार्टलेट ने इस बार दिमाग लगाया और विल जैक्स को ऑफ स्टंप के बाहर बॉल डाली। इस पर एमआई को एक रन मिला।

तीसरी गेंद- स्ट्राइक पर आए तिलक वर्मा को जेवियर बार्टलेट ने गच्चा दिया। स्लोअर बाउंसर पर उन्होंने इस सेट बल्लेबाज को बीट कर मैच में रोमांच भरने की कोशिश की।

चौथी गेंद- जेवियर बार्टलेट ने इस बार भी धीमी गेंद का इस्तेमाल किया, मगर इस बार तिलक वर्मा एकदम तैयार खड़े थे। उन्होंने स्लोअर बाउंसर पर कवर्स के ऊपर से छक्का लगाया।

मुंबई इंडियंस को 2 गेंदों पर 2 रनों की दरकार थी।

पांचवीं गेंद- जेवियर बार्टलेट लगातार दो स्लोअर बाउंसर डाल चुके थे, अब तिलक वर्मा को भी पता था गेंद विकेटों में आने वाली है। हुआ भी ऐसा ही, जेवियर बार्टलेट ने लेग स्टंप पर लेंथ बॉल डाली जिस पर तिलक वर्मा ने बैकवर्ड स्क्वॉयर लेग की दिशा में छक्का लगाकर मुंबई इंडियंस को जीत दिलाई।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।