पाकिस्तान में IPL vs PSL के फितूर की अब पाकिस्तानी ही उड़ा रहे खिल्ली, मोहसिन नकवी को भी किया ट्रोल
भारत में इस वक्त IPL तो पाकिस्तान में PSL चल रही है। यहां BCCI को तो छोड़िए, कोई पूर्व क्रिकेटर तक भी शायद ही पाकिस्तान सुपर लीग की चर्चा करता दिखेगा लेकिन पाकिस्तान में तो एक अलग ही तरह की फितूर चल रही है। IPL बनाम PSL की फितूर। दिलचस्प बात ये है कि कई पाकिस्तानी ही इस फितूर की आलोचना कर रहे।

भारत और पाकिस्तान में इस वक्त दोनों देशों की फ्रेंचाइजी क्रिकेट लीग चल रही हैं। यहां इंडियन प्रीमियर लीग तो वहां पाकिस्तान सुपर लीग। भारत में बीसीसीआई को तो छोड़िए, कोई भी पूर्व क्रिकेटर शायद ही पाकिस्तान सुपर लीग की चर्चा करता दिखेगा लेकिन पाकिस्तान में तो एक अलग ही तरह की फितूर चल रही है। IPL बनाम PSL की फितूर। आलम ये है कि चाहे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी हों या फिर पत्रकार, इस फितूर से अछूते नहीं हैं। मकसद ये है कि कैसे पीएसएल को आईपीएल से श्रेष्ठ बताया जाए। नकवी सीधे-सीधे ये दावा करते फिरते रहते हैं तो ऐसे भी पत्रकार हैं जो विदेशी खिलाड़ियों को कुरेंद-कुरेंदकर आईपीएल VS पीएसएल पर सवाल पूछ रहे। दिलचस्प बात ये है कि तमाम पाकिस्तानी ऐसे भी हैं जो सच का आईना दिखा रहे हैं। मोहसिन नकवी को भी नहीं बख्श रहे। ट्रोल कर रहे।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी तो अक्सर आईपीएल के ऊपर पीएसएल की श्रेष्ठता का दावा करते रहे हैं। बिना भारत और आईपीएल को घसीटे पीएसएल को लेकर उनकी कोई बात जैसे पूरी ही नहीं हो सकती। पाकिस्तान में तेल संकट की वजह से पीएसएल के मैच खाली स्टेडियम में कराए जा रहे हैं। क्या दर्शकों को स्टेडियम में मैच देखने की इजाजत मिलेगी, इस मुद्दे पर मीडिया से बातचीत में नकवी ने भारत को लपेटने की कोशिश की। कहा कि भारत में तो पेट्रोल पंपों पर लंबी-लंबी लाइनें लगी हैं।
मोहसिन नकवी के इस बयान पर भारतीयों के साथ-साथ बड़ी तादाद में पाकिस्तानी भी मजे ले रहे हैं। ट्रोल करते हुए पूछ रहे कि पेट्रोल-डीजल की कमी की वजह से पीएसएल के मैच तो खाली स्टेडियम में हो रहे, उधर आईपीएल के मुकाबले दर्शकों की मौजूदगी में खेले जा रहे।
पाकिस्तानी पत्रकार और मीडिया भी पीएसएल में खेल रहे विदेशी क्रिकेटरों से बार-बार आईपीएल और पीएसएल की तुलना को लेकर सवाल पूछ रहे हैं। तलाश इस बात की है कि कोई तो आईपीएल को लेकर कुछ नकारात्मक बोल दे ताकि वे 'पीएसएल की श्रेष्ठता' का भोंपू बजा सके। अब अगर कोई किसी लीग में खेल रहा है तो वो उसकी बुराई तो नहीं ही करेगा।
हाल ही में एक पाकिस्तानी पत्रकार ने पीएसएल में खेल रहे श्रीलंकाई क्रिकेटर कुसाल मेंडिस से पूछा, 'पिछले साल आप गुजरात टाइटंस के साथ खेलने के लिए पाकिस्तान सुपर लीग से हट गए थे। आपने सुरक्षा को लेकर भी कुछ चिंताओं दिखाई थी. और अब पीएसएल आपको फिर से इज्जत नवाज रहा है और वे (गुजरात टाइटन्स) आपको चुने ही नहीं। तो क्या आपको पिछले साल पीएसएल से हटने को लेकर कोई मलाल है?'
अब मेंडिस क्या कहते। उन्होंने इसका कोई जवाब नहीं दिया।
इस बीच पीएसएल में खेल रहे दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटर राइली रूसो ने पाकिस्तानी पत्रकारों को कुछ मसाला जरूर मुहैया करा दिया। उन्होंने कहा, ‘आईपीएल के पीछे पूरा बॉलिवुड है, इसलिए यह असली क्रिकेट से ज्यादा मूवी जैसा है। इसलिए दोनों (आईपीएल और पीएसएल) की अपनी-अपनी अच्छाइयां और चुनौतियां हैं।’
इस बीच पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर अहमद शहजाद ने आईपीएल बनाम पीएसएल की बहस की खिल्ली उड़ाई है।
शहजाद ने कहा, 'देखिए कुसाल मेंडिस खेल रहा है, पीएसएल में, परफॉर्म भी कर रहा पीएसएल के अंदर। उससे सवाल हो रहे हैं कि लास्ट टाइम आप छोड़कर चले गए थे। फलाना है, ढिमकाना है। आईपीएल में चले गए थे। यार, क्या कर रहे हो? इसके बाद आप राइली रूसो को देखिए। परफॉर्मेंस तो उनकी क्या हो रही है, नहीं हो रही है, वो पता नहीं चल रहा है लेकिन बयानबाजी पूरी उन्होंने की है। जब उनसे सवाल हुआ आईपीएल के बारे में क्या लगता है तो आप पीएसएल खेलते हुए आईपीएल की तारीफ तो नहीं कर सकते। इसलिए उन्होंने कहा कि वो बॉलिवुड मूवी है। क्रिकेट तो पीएसएल में हो रही है। आईपीएल तो मूवी है जो खत्म ही नहीं हो रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन