KKR के लिए बुरे सपने की तरह बीत रहा IPL 2026, इतिहास में पहली बार ऐसी बुरी गत हुई, आंकड़े
आईपीएल के इतिहास में कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ ऐसा पहली बार हुआ है जब वह किसी आईपीएल सीजन के शुरुआती पांच मुकाबलों में से एक में भी जीत हासिल ना कर पाई हो। इससे पहले खेले गए 18 सीजन में केकेआर ने शुरुआती पांच मैचों में से कम से कम एक में तो जीत दर्ज की थी।

आईपीएल 2026 के 22वें मुकाबले में चेन्नई के मैदान पर कोलकाता नाइट राइडर्स को चेन्नई सुपर किंग्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा है। मंगलवार को हुए मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्ये रहाणे ने टॉस जीतकर पहले गेंजबाजी करने का फैसला किया। चेन्नई ने पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 192 रनों का स्कोर खड़ा किया और 193 रनों का लक्ष्य दिया, जिसे कोलकाता नाइट राइडर्स के बल्लेबाज हासिल नहीं कर पाए और 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 160 रन ही टीम बना सकी। इस तरह कोलकाता नाइट राइडर्स को चेन्नई सुपर किंग्स ने 32 रनों से हराकर अपनी इस सीजन की लगातार दूसरी जीत दर्ज की, जबकि केकेआर को अब भी अपनी पहली जीत की तलाश है।
इतिहास में पहली बार KKR को पहले पांच मैचों में 1 भी जीत नहीं मिली
लगातार पांच मैचों में चार हार और एक मुकाबले के बारिश के कारण रद्द हो जाने से कोलकाता नाइट राइडर्स का नाम इतिहास की बैड लिस्ट में दर्ज हो गया है। आईपीएल के इतिहास में कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ ऐसा पहली बार हुआ है जब वह किसी आईपीएल सीजन के शुरुआती पांच मुकाबलों में से एक में भी जीत हासिल ना कर पाई हो। इससे पहले खेले गए 18 सीजन में केकेआर ने शुरुआती पांच मैचों में से कम से कम एक में तो जीत दर्ज की थी, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हो सका और उसके नाम यह अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।
लगातार सबसे अधिक मैच हारने का रिकॉर्ड
अजिंक्ये रहाणे की अगुवाई वाली कोलकाता नाइट राइडर्स ने इस हार के साथ एक और अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करा लिया है। आईपीएल 2025 से लेकर 2026 के बीच कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम लगातार 6 मैच हार चुकी है, जो उनकी टीम द्वारा दूसरी सबसे लंबी हार का सिलसिला है। इससे पहले केकेआर के लिए साल 2009 के सीजन में बुरा वक्त आया था, जब टीम लगातार 9 मुकाबले हार गई थी। केकेआर की टीम साल 2019 में भी लगातार 6 मुकाबले हारी थी और 2022 में उसे 5 मुकाबलों में लगातार हार का सामना करना पड़ा था।
IPL में KKR की सबसे लंबी हार का सिलसिला
2009 में 9,
2025-26 में 6*,
2019 में 6
2022 में 5
तीन बार की चैंपियन ने 2024 में किया था बड़ा बदलाव
बता दें कि कोलकाता नाइट राइडर्स ने तीन बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया है। आखिरी बार इस टीम ने साल 2024 में श्रेयस अय्यर की कप्तानी में आईपीएल का खिताब जीता था, लेकिन उसके बाद टीम मैनेजमेंट ने अय्यर को रिटेन नहीं किया और उन्हें पंजाब किंग्स ने बड़ी कीमत में खरीदकर टीम में शामिल किया। केकेआर ने अपनी कप्तानी अनुभवी अजिंक्ये रहाणे के हाथों में दी, लेकिन उनकी कप्तानी में टीम ने साल 2025 में भी बुरा प्रदर्शन किया और अब यह सिलसिला 2026 में भी जारी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन