बुमराह का इस वजह से IPL 2026 में हो रहा बंटाधार, रवि शास्त्री ने खुलकर बोला 'कड़वा सच'
रवि शास्त्री ने जसप्रीत बुमराह को लेकर एक कड़वा सच बोला है। तेज गेंदबाज बुमराह आईपीएल 2026 में अब तक उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। वह मुंबई इंडियंस का हिस्सा हैं।

मुंबई इंडियंस (एमआई) के धाकड़ तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का आईपीएल 2026 में अब तक जलवा देखने को नहीं मिला है। वह 10 मैचों में 222 गेंद डालने के बावजूद सिर्फ तीन विकेट ही ले पाए हैं। उन्हें शुरुआती पांच मैचों में तो विकेट ही नहीं मिला था। बुमराह सोमवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ भी जूझते हुए नजर आए। उन्होंने चार ओवर के स्पेल में 45 रन लुटाए मगर सफलता हाथ नहीं लगी। एलएसजी के 228/5 का स्कोर बनाने के बाद एमआई ने छह विकेट से जीत हासिल की। टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने बुमराह को लेकर एक कड़वा सच बोला है। उनका मानना है कि बुमराह का मानसिक थकान के कारण आईपीएल के मौजूदा सीजन में बंटाधार हो रहा।
'बुमराह की मुश्किलें सिर्फ शारीरिक नहीं'
शास्त्री ने जियो हॉटस्टार पर 'चैंपियंस वाली कमेंट्री' में कहा, ''बुमराह पिछले 12 महीनों में भारतीय टीम के साथ जबर्दस्त वर्कलोड के बाद इस आईपीएल में खेल रहे हैं। उनकी मुश्किलें सिर्फ शारीरिक नहीं हैं। मानसिक थकान भी एक बड़ा कारण है। मुंबई इंडियंस को उनका ध्यान रखने की जरूरत है। अगले दो सालों में काफी बिजी शेड्यूल है। भारत को कई टेस्ट सीरीज खेलनी हैं। 50 ओवर फॉर्मेट का वर्ल्ड कप भी आ रहा है। ऐसे में उनकी फिटनेस और वर्कलोड को बहुत ही ध्यान से मैनेज करना होगा।'' पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने शो में सीजन में बुमराह की खराब फॉर्म पर चिंता जताई।
'बुमराह को जूझते हुए देखना बहुत दर्दनाक'
पठान ने कहा, ''पिछले सीजन में जसप्रीत बुमराह ने 12 मैचों में सिर्फ 6.7 की इकॉनमी से 18 विकेट चटकाए थे। लेकिन मौजूदा सीजन में उन्हें सच में बहुत मुश्किल हो रही है। उन्होंने 10 मैचों में महज 3 विकेट लिए हैं और उनकी इकॉनमी भी अधिक है। जब विकेट नहीं मिलते तो इकॉनमी रेट पर असर पड़ना स्वाभाविक है। फिलहाल, उनका बॉलिंग औसत 105 का है। किसी ने उम्मीद नहीं की थी कि बुमराह जैसे स्तर के गेंदबाज के इतने खराब आंकड़े होंगे। उन्हें टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद इस तरह जूझते हुए देखना बहुत दर्दनाक है।''
'बुमराह का सही इस्तेमाल नहीं कर रही मुंबई'
वहीं, भारतीय टीम के पूर्व बैटिंग कोच संजय बांगर को लगता है कि एमआई बुमराह का सही इस्तेमाल नहीं कर रही। उन्होंने ईएसपीएनक्रिकइंफो के टाइमआउट शो में कहा, ''वह बहुत मेहनत कर रहे हैं। बुमराह के लिए यह असामान्य है कि वह पहले दो ओवरों में 31 रन दें। वह पूरी कोशिश कर रहे हैं लेकिन उनकी बॉडी लैंग्वेज से दिखता है कि वह परेशान हैं। मुझे लगता है कि उनका सही इस्तेमाल नहीं हो रहा। उन्हें दूसरे ओवर में गेंद दी गई और फिर चौथे ओवर में। मेरा मानना है कि अपने सबसे अच्छे गेंदबाज को शुरुआत में ही दो अच्छे ओवर देने चाहिए (पहला और तीसरा)।''
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन