कोलकाता नाइट राइडर्स ने सुपर ओवर में लखनऊ को धोया, KKR को IPL 2026 में मिली दूसरी जीत
कोलकाता नाइट राइडर्स ने रविवार को लखनऊ सुपर जायंट्स को सुपर ओवर में मात दी। कोलकाता और लखनऊ की टीमों ने 20-20 ओवर खेलने के बाद समान स्कोर बनाया, जिसके बाद कोलकाता ने सुपर ओवर में आसान जीत हासिल की।
कोलकाता नाइट राइडर्स ने रविवार को लखनऊ सुपर जायंट्स को आईपीएल 2026 के 38वें मुकाबले में सुपर ओवर में हराया। कोलकाता की टीम ने रिंकू सिंह की अर्धशतकीय पारी की बदौलत 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 155 रन बनाए। इसके जवाब में लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम ने भी 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 155 रन बनाए। लखनऊ के लिए कप्तान ऋषभ पंत ने सर्वाधिक 42 रन बनाए। कोलकाता की ओर से वैभव और वरुण ने 2-2 विकेट लिए। लखनऊ को आखिरी ओवर में जीत के लिए 17 रन चाहिए थे। कार्तिक त्यागी ने दो नो बॉल डाले, जिसके बाद अंतिम गेंद पर मोहम्मद शमी ने छ्क्का लगाकर मैच टाई करवाया। लखनऊ की टीम सुपर ओवर में एक रन ही बना सकी। जिसके बाद कोलकाता ने पहली ही गेंद पर चौका लगाकर मैच अपने नाम किया। आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स की ये छठवीं हार है, जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स को दूसरी जीत मिली है।
सुपर ओवर की कहानी
लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से एडन मार्करम और निकोलस पूरन बल्लेबाजी के लिए उतरे। वरुण चक्रवर्ती ने कोलकाता के लिए सुपर ओवर डाला। पहली ही गेंद पर पूरन क्लीन बोल्ड हो गए। इसके बाद पंत ने दूसरी गेंद पर एक रन बनाया। तीसरी गेंद पर मार्करम कैच आउट हो गए। कोलकाता को जीत के लिए सिर्फ दो रन चाहिए था। कोलकाता के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह ने पहली ही गेंद पर चौका लगाकर टीम को जीत दिलाई। प्रिंस यादव ने लखनऊ के लिए ओवर डाला। मैच में पांच विकेट लेने वाले मोहसिन खान लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए सुपर ओवर में गेंदबाजी नहीं कर पाए क्योंकि उन्हें सब आउट किया जा चुका था।
लखनऊ ने मैच किया टाई
156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत खराब रही। टीम के सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श दो रन ही बना सके। इसके बाद एडन मार्करम और ऋषभ पंत के बीच दूसरे विकेट के लिए 55 गेंद में 57 रन की साझेदारी हुई। कप्तान ऋष पंत ने कैमरन ग्रीन पर छक्के से शुरुआत की और फिर सुनील नरेन पर भी चौका जड़ा। सलामी बल्लेबाज मार्करम ने भी अनुकूल रॉय और अरोड़ा पर चौके मारे। सुपर जाइंट्स ने पावर प्ले में एक विकेट पर 37 रन बनाए। मार्करम ने वरुण चक्रवर्ती पर छक्के के साथ नौवें ओवर में टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया। रिंकू ने इसके बाद ग्रीन की गेंद पर लॉन्ग ऑफ पर मार्करम का शानदार कैच लपका। उन्होंने 27 गेंद की अपनी पारी में दो चौके और एक छक्का मारा।
पंत ने इसके बाद नारायण पर चौका मारा लेकिन अगली गेंद को रिवर्स स्वीप करने की कोशिश में विकेटकीपर टिम सीफर्ट को कैच दे बैठे। उन्होंने 38 गेंद का सामना करते हुए चार चौके और एक छक्का जड़ा। निकोलस पूरन (09) की खराब फॉर्म जारी रही और वह चक्रवर्ती पर छक्का जड़ने के बाद इस स्पिनर की गेंद पर शॉर्ट थर्ड मैन पर नारायण को कैच दे बैठे। सुपर जाइंट्स को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 64 रन की दरकार थी। अच्छी फॉर्म में चल रहे मुकुल चौधरी (01) इसके बाद अनुकूल रॉय की गेंद को रिंकू के हाथों में खेल गए। आयुष बडोनी ने अनुकूल पर छक्के के साथ 16वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया जबकि त्यागी पर भी छक्का जड़ा। हिम्मत सिंह ने भी त्यागी की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया।
बडोनी (24) हालांकि अगले ओवर में चक्रवर्ती की गेंद पर अनुकूल को कैच दे बैठे लेकिन जॉर्ज लिंडे ने अंतिम दो गेंद पर दो चौके जड़ दिए। सुपर जाइंट्स को अंतिम दो ओवर में 28 रन की जरूरत थी। लिंडे (08) भी इसके बाद अरोड़ा की गेंद पर रिंकू को कैच दे बैठे। मोहम्मद शमी और हिम्मत ने अरोड़ा पर चौके मारे। अंतिम ओवर में त्यागी को 16 रन का बचाव करना था लेकिन शमी ने अंतिम गेंद पर छक्के के साथ मैच सुपर ओवर में खींच दिया।
मोहसिन ने झटके 5 विकेट
मोहसिन खान की तूफानी गेंदबाजी से मुश्किलों में घिरे कोलकाता नाइट राइडर्स ने रिंकू सिंह के तेजतर्रार अर्धशतक से इंडियन प्रीमियर लीग में रविवार को लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ सात विकेट पर 155 रन बनाए। मोहसिन ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करते हुए 23 रन देकर पांच विकेट चटकाए और सुपर जाइंट्स के शीर्ष और मध्यक्रम को ध्वस्त किया। स्पिनर जॉर्ज लिंडे ने भी 18 रन देकर एक विकेट चटकाया। नाइट राइडर्स की ओर से रिंकू ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजी के दौरान 51 गेंद में पांच छक्कों और सात चौकों से नाबाद 83 रन की पारी खेलने के अलावा कैमरन ग्रीन (34) के साथ पांचवें विकेट के लिए 42 और सुनील नारायण (नाबाद 04) के साथ आठवें विकेट के लिए 30 गेंद में 62 रन की अटूट साझेदारी की। रिंकू और ग्रीन के अलावा कप्तान अजिंक्य रहाणे (10) ही दोहरे अंक में पहुंच गए।
कोलकाता का पावरप्ले में फ्लॉप शो
सुपर जाइंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया जिसे मोहसिन ने बिल्कुल सही साबित करते हुए नाइट राइडर्स का स्कोर चार विकेट पर 31 रन कर दिया। मोहसिन ने दूसरे ओवर में ही टिम सीफर्ट (00) को मुकुल चौधरी के हाथों कैच करा दिया। कप्तान अजिंक्य रहाणे ने मोहम्मद शमी पर पारी का पहला छक्का जड़ा लेकिन मोहसिन की गेंद को एडेन मारक्रम को कैच दे बैठे। अंगकृष रघुवंशी (09) इसके बाद दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से क्षेत्ररक्षण में बाधा पहुंचाने के कारण आउट हुए। नाइट राइडर्स की टीम पावर प्ले में तीन विकेट पर 31 रन ही बना सकी।
मोहसिन ने रोवमैन पावेल (01) को विकेटकीपर पंत के हाथों कैच कराके नाइट राइडर्स को चौथा झटका दिया। कैमरन ग्रीन ने नौवें ओवर में जॉर्ज लिंडे पर दो छक्कों के साथ टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया। ग्रीन ने मोहसिन पर भी छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद पर भाग्यशाली रहे जब गेंद दिग्वेश राठी और प्रिंस यादव के बीच में गिर गई। ग्रीन हालांकि इस जीवनदान का फायदा नहीं उठा पाए और एक गेंद बाद विकेटकीपर पंत को कैच दे बैठे।
मोहसिन ने अगली गेंद पर अनुकूल रॉय (00) को भी आयुष बडोनी के हाथों कैच कराके करियर में पहली बार पांच विकेट हासिल किए और सुपर जाइंट्स का छह विकेट पर 73 रन किया। रिंकू सिंह ने 14वें ओवर में राठी पर लगातार दो चौकों के साथ बाउंड्री के सूखे को खत्म किया। नाइट राइडर्स के रनों का शतक 16वें ओवर में पूरा हुआ। रिंकू ने शमी पर छक्के और दो चौकों के साथ 42 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने पारी के अंतिम ओवर में राठी पर लगातार चार छक्कों के साथ टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन