IPL के 19 साल के इतिहास में चौथी बार फील्ड में बाधा डालने पर बल्लेबाज आउट, अंगकृष रघुवंशी बने नए शिकार
अंगकृष रघुवंशी को रविवार को फील्ड में बाधा डालने के लिए आउट दिया गया। वह आईपीएल में इस तरह आउट दिए जाने वाले चौथे बल्लेबाज बन गए हैं।

कोलकाता नाइट राइडर्स के विकेटकीपर बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी को रविवार को लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग मैच के दौरान 'क्षेत्ररक्षण में बाधा डालने' के लिए आउट दे दिया गया। इक्कीस साल के रघुवंशी आईपीएल इतिहास में इस तरह आउट होने वाले सिर्फ चौथे बल्लेबाज हैं। इस तरह आउट होने वाले सभी बल्लेबाज भारतीय हैं। नौ रन पर आउट होने वाले रघुवंशी इस फैसले से खुश नहीं थे और उन्होंने मैदान पर मौजूद अंपायरों से इस बारे में बहस भी की लेकिन मुंबई के इस विकेटकीपर बल्लेबाज को आखिरकार अपने खिलाफ दिए गए फैसले के कारण पवेलियन लौटना पड़ा।
प्रिंस यादव के पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर रघुवंशी ने गेंद को मिड ऑन की तरफ हल्के से धकेला और एक रन लेने के लिए दौड़ पड़े। हालांकि कुछ कदम दौड़ने के बाद कैमरन ग्रीन ने उन्हें वापस लौटने के लिए कहा। वापस मुड़ते समय वह पिच पर 'डेंजर जोन' में भी चले गए और इसी दौरान वह मोहम्मद शमी की फेंकी हुई गेंद के रास्ते में आ गए। क्रीज में पहुंचने के लिए कूदते हुए गेंद उनके शरीर से टकरा गई।
तीसरे अंपायर रोहित पंडित ने शमी और लखनऊ सुपर जाइंट्स की उस अपील को मान लिया जिसमें रघुवंशी पर 'क्षेत्ररक्षण में बाधा डालने' का आरोप था और नाइट राइडर्स के इस बल्लेबाज को आउट घोषित कर दिया। इसके बाद रघुवंशी ने गुस्से में अपना हेलमेट जमीन पर पटका और तब नाइट राइडर्स के मुख्य कोच अभिषेक नायर को टीम के डगआउट के पास चौथे अंपायर से बहस करते हुए देखा गया।
रघुवंशी IPL में ऐसे आउट होने वाले चौथे बैटर
ऐसा पहला मामला आईपीएल 2013 में सामने आया था जब पूर्व भारतीय क्रिकेटर यूसुफ पठान को नाइट राइडर्स की तरफ से मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलते हुए 72 रन के स्कोर पर क्षेत्ररक्षण में बाधा डालने के कारण आउट घोषित कर दिया गया था। आईपीएल 2019 के एलिमिनेटर मैच में दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलते हुए अमित मिश्रा इस तरह से आउट होने वाले दूसरे खिलाड़ी बने थे। आईपीएल 2024 में चेन्नई सुपरकिंग्स की तरफ से राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलते हुए भारतीय ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा क्षेत्ररक्षण में बाधा डालने के कारण आउट होने वाले तीसरे खिलाड़ी बने।
रिंकू सिंह (नाबाद 83) दमदार प्रदर्शन की बदौलत कोलकाता नाइट राइडर्स ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 38वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स को 156 रनों का लक्ष्य दिया। कोलकाता नाइट राइडर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 155 रनों का स्कोर बनाया। केकेआर ने आखिरी ओवर में 26 रन बनाये जिसमें रिंकू सिंह के चार जबर्दस्त छक्के शामिल है। रिंकू ने लखनऊ सुपर जायंट्स के गेंदबाजों का बहादुरी से सामना करते हुए 51 गेंदों में सात चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए नाबाद 83 रनों की पारी खेली। उन्होंने आठवें विकेट के लिए सुनील नारायण के साथ सर्वाधिक 62 रन जोड़े। सुनील नारायण चार रन बनाकर नाबाद रहे। लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए मोहसिन खान ने पांच विकेट लिये। जॉर्ज लिंडे ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन