पावरप्ले में सिक्स की बारिश! 2025 के पूरे सीजन में जितने छक्के लगे, उससे ज्यादा तो अभी हो गए
आईपीएल 2026 के पावरप्ले में तो जैसे छक्कों की बारिश हो रही है। अभी आधे मैच भी नहीं हुए लेकिन इस सीजन में अब तक पावरप्ले में इतने छक्के लग चुके हैं, जितने आईपीएल 2025 के पूरे सीजन के दौरान पावर प्ले में नहीं लगे थे।

आईपीएल 2026 के पावरप्ले में तो जैसे छक्कों की बारिश हो रही है। अभी आधे मैच भी नहीं हुए लेकिन इस सीजन में अब तक पावरप्ले में इतने छक्के लग चुके हैं, जितने आईपीएल 2025 के पूरे सीजन के दौरान पावर प्ले में नहीं लगे थे। 15 अप्रैल बुधवार को आरसीबी बनाम एलएसजी के मैच से पहले तक इस सीजन में पावरप्ले के दौरान 124 छक्के लग चुके हैं। वहीं आईपीएल 2025 में पावरप्ले के दौरान कुल 100 सिक्स ही जड़े गए थे।
पावरप्ले या बाउंड्री का मेला!
आईपीएल 2026 में पावरप्ले के दौरान अब तक ज्यादातर बल्लेबाज का दबदबा दिख रहा है। वे बाउंड्री से रन बनाने में ज्यादा यकीन करते दिख रहे हैं। सिर्फ छक्के ही नहीं, इस सीजन में पावरप्ले के दौरान चौके भी इतने लग चुके हैं जितने पिछले पूरे सीजन के दौरान पावरप्ले में नहीं लगे थे। इस सीजन पावरप्ले में अब तक 255 चौके लग चुके हैं, जबकि पूरे आईपीएल 2025 में पावरप्ले के दौरान 243 चौके लगे थे। औसतन हर 3.6 गेंद में बाउंड्री लग रही है, जबकि पिछले साल औसतन 4.2 गेंद में बाउंड्री लग रही थी।
पावरप्ले में बड़े गेंदबाजों के भी छूट रहे पसीने!
आईपीएल 2026 में अब तक 78 खिलाड़ी छक्के लगा चुके हैं। वैभव सूर्यवंशी और रजत पाटीदार 18-18 छक्कों के साथ टॉप पर हैं। सूर्यवंशी तो ओपनर हैं और वह आते ही जैसे सिर्फ बाउंड्री में बात कर रहे हैं। बड़े से बड़े गेंदबाज के लिए भी ये 15 साल का बल्लेबाज सिरदर्द साबित हो रहा है। इसे ऐसे समझिए। दुनिया के सबसे खतरनाक गेंदबाजों में शुमार जसप्रीत बुमराह के खिलाफ आईपीएल के इतिहास में पावरप्ले के दौरान अब तक सबसे ज्यादा सिक्स लगाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है। कोहली पावरप्ले में बुमराह को 3 छक्के जड़ चुके हैं लेकिन वैभव सूर्यवंशी ने एक ही मैच में और 5 ही गेंदों में बुमराह को 2 सिक्स जड़ दिए हैं!
आईपीएल 2026 में सिक्स की बात करें तो अभी तक 13 खिलाड़ी 10 या उससे ज्यादा छक्के लगा चुके हैं। 60 खिलाड़ियों ने एक से ज्यादा छक्के लगाए हैं। वैभव सूर्यवंशी और रजत पाटीदार के अब तक 18-18 छक्के हैं तो अभिषेक शर्मा 13 छक्के लगा चुके हैं। ईशान किशन और टिम डेविड के नाम 12-12 छक्के हैं।
पिछले 5 सीजन में पावरप्ले के दौरान लगे सिक्स
पिछले 5 सीजन में अगर पावरप्ले के दौरान लगे छक्कों पर नजर डालें तो 2022 में 52 छक्के लगे थे। 2023 में ये आंकड़ा 57 था। 2024 में पावरप्ले के दौरान कुल 92 सिक्स लगे थे। पिछले साल यानी आईपीएल 2025 में तो पावरप्ले के दौरान छक्कों का शतक पूरा हो गया था और 100 सिक्स लगे थे। इस बार अभी ही पावरप्ले के दौरान 124 सिक्स जड़े जा चुके हैं। इस हिसाब से तो आईपीएल 2025 में पावरप्ले के दौरान छक्कों का तिहरा शतक भी पूरा हो सकता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन