रनों के लिए जूझ रहे CSK कप्तान रुतुराज गायकवाड़ के लिए आर अश्विन ने दिया कौन सा मंत्र?
आईपीएल 2026 में शुरुआती 3 हार के बाद अब लगातार 2 जीत से चेन्नई सुपर किंग्स अब पटरी पर आती दिख रही है। हालांकि उसके कप्तान रुतुराज गायकवाड़ टूर्नामेंट में रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। अब तक 5 पारियों में उन्होंने सिर्फ 63 रन बनाए हैं। अब अश्विन ने उन्हें इससे उबरने का मंत्र दिया है।

आईपीएल 2026 में लगातार 3 हार झेलने वाली चेन्नई सुपर किंग्स अब वापसी की राह में है। अब लगातार दो मैचों में जीत से उसका आत्मविश्वास बढ़ा है लेकिन कप्तान रुतुराज गायकवाड़ी की फॉर्म टीम के लिए जरूर चिंता की बात है। वह 5 पारियों में सिर्फ 63 रन ही बना सके हैं। हालांकि मंगलवार को केकेआर के खिलाफ जीत के बाद गायकवाड़ ने पूरे आत्मविश्वास से कहा कि लय में आने से वह सिर्फ एक पारी दूर हैं। जब टीम को जरूरत होगी तो वह इसे कर लेंगे। इस बीच दिग्गज ऑफ स्पिनर रहे रविचंद्रन अश्विन ने गायकवाड़ को फॉर्म हासिल करने के शुरुआत में आक्रामक शॉट से बचने की सलाह दी है।
अश्विन का मानना है कि चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के वर्तमान सत्र में लगातार दो जीत से कप्तान रुतुराज गायकवाड़ पर दबाव कम होगा। उन्होंने खराब फॉर्म में चल रहे इस सलामी बल्लेबाज को पारी की शुरुआत में अपने दृष्टिकोण में थोड़ा बदलाव करने की सलाह दी।
पांच बार की चैंपियन सीएसके ने शुरुआत में लगातार तीन हार झेली लेकिन इसके बाद उसने दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स को हराकर शानदार वापसी की।
आर अश्विन ने जियोस्टार पर कहा, 'कप्तान के तौर पर उन्हें दो जीत मिल चुकी हैं, जिससे वह सहज महसूस करेंगे। सच कहूं तो अगर मैं डगआउट में होता या रुतुराज गायकवाड़ होता तो ज्यादा चिंता नहीं करता। टी20 प्रारूप ऐसा है जहां आपको लगातार इरादा दिखाना होता है।'
गायकवाड़ रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं। उन्होंने पांच मैचों में केवल 63 रन बनाए हैं, जिसमें उनका उच्चतम स्कोर 28 है। उनकी असफलता के कारण युवा आयुष म्हात्रे के संजू सैमसन के साथ पारी की शुरुआत करने की भी चर्चा बढ़ रही है। ऐसे में गायकवाड़ के तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने की संभावना है।
अश्विन ने गायकवाड़ को अपनी पारी की शुरुआत में हवा में शॉट नहीं खेलने की सलाह दी।
उन्होंने कहा, 'रुतुराज कुछ ज्यादा ही आक्रामक शॉट खेल रहे हैं और जल्दी आउट हो रहे हैं। अगर वह अपनी पारी की शुरुआत में थोड़ा सहज होकर खेलें, गेंद को सही समय पर खेलने की कोशिश करें और अधिक से अधिक मैदानी शॉट खेलें तो इससे उन्हें फायदा मिल सकता है।'
इस बीच दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन का मानना है कि दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सैमसन के शतक ने सीएसके में नई जान फूंकी है। सैमसन ने दिल्ली के खिलाफ नाबाद 115 रन बनाकर शानदार वापसी की और फिर केकेआर के खिलाफ 48 रन बनाए।
स्टेन ने कहा, 'उनके उस शतक ने ड्रेसिंग रूम का माहौल बदल दिया। इससे टीम में नहीं ऊर्जा का संचार हुआ है जिससे टीम ने जीत की राह पकड़ ली है।'
उन्होंने कहा, 'आईपीएल मैच जीतना वाकई मुश्किल है। कभी-कभी जीत काफी करीब होती है फिर भी आप हार जाते हैं। इसलिए एक बार जीत हासिल करने के बाद टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ जाता है।'
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन