रोहित भाई ने मुझे बिना सोचे ये काम करने को कहा, तिलक वर्मा ने बेशकीमती सलाह से उठाया पर्दा
तिलक वर्मा ने रोहित शर्मा से मिली एक बेशकीमती सलाह से पर्दा उठाया है। मुंबई इंडियंस के युवा बल्लेबाज तिलक ने आईपीएल 2026 में पिछले मैच में शतक जमाया था।

तिलक वर्मा ने बुधवार को बताया कि रोहित शर्मा ने उन्हें आईपीएल 2026 में शतक लगाकर फॉर्म में लौटने में मदद की जब उन्होंने सलाह दी कि मैच की स्थिति के बारे में अधिक सोचे बिना शुरुआती 15 से 20 गेंद खेलो। तिलक ने नाबाद 101 रन बनाए जिससे मुंबई इंडियंस (एमआई) ने अपने पिछले मैच में गुजरात टाइटंस को 99 रन से हराकर लगातार चार मैच में हार का सिलसिला तोड़ दिया। तिलक ने 45 गेंद की अपनी पारी में आठ चौके और सात छक्के लगाए। उनकी शुरुआत हालांकि धीमी रही थी और एक समय बाएं हाथ का यह बल्लेबाज 22 गेंद पर 19 रन बनाकर खेल रहा था।
'तुम जानते हो कि क्या कर सकते हो'
तिलक ने वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बीच होने वाले मैच की पूर्व संध्या पर संवादाताओं से कहा, ''मैं खास तौर पर रोहित भाई से बात कर रहा था। उन्होंने मुझे कहा '15-20 गेंद खेलो' और तुम जानते हो कि तुम क्या कर सकते हो।'' उन्होंने कहा, ''अगर तुम 15 गेंदें खेल लेते हो तो हर कोई जानता है कि उसके बाद तुम क्या करोगे। बस स्थिति या किसी और चीज के बारे में मत सोचो, 15 गेंद खेलो और हम देखेंगे कि नतीजा क्या होता है।'' तिलक ने कहा, '' इससे मुझे आत्मविश्वास मिला और मैंने अपने मन में ठान लिया कि मैं 15 गेंद खेलूंगा और उसके बाद बाकी चीजें देखूंगा। जब मैंने वे 15 गेंद खेल लीं तो अपने आप ही व्यावहारिक रूप से समझ आ गया कि मुझे बड़े शॉट लगाने हैं।''
'मैंने इस बात का अधिक दबाव नहीं लिया'
तिलक ने कहा कि आईपीएल की खराब शुरुआत के बाद उन्होंने खुद पर कोई दबाव नहीं लिया। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने पिछले मैच से पूर्व 20, 00, 14, 01 और 08 रन बनाए थे। उन्होंने कहा, ''(पिछले कुछ मैच में) मुझे विकेट पर अधिक समय नहीं मिला और मुझे शुरू से ही बड़े शॉट लगाने पड़े। कभी-कभी गेंद मेरे बल्ले पर आती है और कभी-कभी मैं आउट हो जाता हूं इसलिए मैंने इस बात का अधिक दबाव नहीं लिया कि मैं अच्छी फॉर्म में नहीं हूं।'' तिलक ने कहा कि मौजूदा आईपीएल में अब तक सिर्फ एक अर्धशतक जड़ने वाले सूर्यकुमार यादव एक बड़ी पारी खेलने से अधिक दूर नहीं हैं।
क्या रोहित शर्मा की होगी वापसी?
अब तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाने वाली पूर्व चैंपियन मुंबई और चेन्नई गुरुवार को जब आमने-सामने होंगी तो वे अपने पूर्व कप्तानों रोहित शर्मा और एमएस धोनी की संभावित वापसी पर नजर रखकर अपने खेल में निरंतरता बनाए रखने की कोशिश करेंगी। रोहित (हैमस्ट्रिंग) और धोनी (पिंडली में खिंचाव) वापसी की राह पर हैं, लेकिन यह देखना बाकी है कि क्या इनमें से कोई भी इस महत्वपूर्ण मुकाबले के लिए वानखेड़े स्टेडियम में मैदान पर उतरेगा। रोहित ने मंगलवार को वैकल्पिक अभ्यास सत्र में भाग नहीं लिया लेकिन वर्तमान टूर्नामेंट में अभी तक एक भी मैच नहीं खेलने वाले धोनी ने जमकर अभ्यास किया। इससे उनकी इंपैक्ट प्लेयर के रूप में वापसी की संभावना बन गई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन